Blog

कोरोना के बढ़ते केसों के बीच उत्तराखंड सरकार ने बदला नाइट कर्फ्यू का समय, दो घंटे बढ़ा नाइट कर्फ्यू

कोरोना और इसके नए वैरिएंट ओमिक्रोन की रोकथाम के लिए सरकार सक्रिय हो गई है। इस कड़ी में राज्य में लागू रात्रि कर्फ्यू की अवधि दो घंटे बढ़ा दी गई है। कैबिनेट के निर्णय के तुरंत बाद बुधवार शाम को शासन ने कोरोना पर नियंत्रण के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए।

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से हो रही बढ़ोत्तरी को देखते हुए राज्य में नाइट कर्फ्यू रात दस बजे से सुबह छह बजे तक करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार देर सांय हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। इस संदर्भ में गाइडलाइन भी जारी कर दी गई है। सरकारी प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।

कैबिनेट की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई और स्थिति की समीक्षा करने के बाद फैसला किया गया कि राज्य में नाइट कर्फ्यू अब रात दस बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। अभी तक राज्य में कोविड कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक लागू किया गया था।  लेकिन मामले बढ़ने के बाद अब इस अवधि को दो घंटा बढ़ा दिया गया है।

इस फैसले के बाद अब राज्य में व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह छह बजे से रात दस बजे तक खुल सकेंगे। इसके साथ ही सर्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग अनिवार्य होगा और इस मामले में सख्ती बरती जाएगी। राज्य से बाहर से आने वाले व्यक्ति के लिए बार्डर पर कोविड वैक्सिनेशन का प्रमाण पत्र या 72 घंटे के भीतर की कोविड नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। इसके अलावा अन्य नियम पूर्व की भांति ही रखे गए हैं।

सुबोध उनियाल ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति पर सरकार पूरी तरह नजर रखे हुए है। दो दिन बाद फिर से कैबिनेट की इस मुद्दे पर बैठक होगी और स्थिति के अनुसार फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े तो सरकार सख्त कदम उठाने से भी परहेज नहीं करेगी। विदित है कि राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले में तेजी से इजाफा हो रहा है। ऐसे में मंत्रिमंडल की बैठक इस मुद्दे पर दो दिन बाद फिर से करने का निर्णय लिया गया है।

राज्य में कोविड संक्रमण के दौरान मरीजों के इलाज के लिए बनाए गए पांच पांच सौ बेड के दो अस्पतालों का संचालन मार्च 2022 तक करने का निर्णय लिया गया है। सुबोध उनियाल ने बताया कि एम्स ऋषिकेश और हल्द्वानी में बनाए गए इन अस्पतालों को आगे भी जारी रखने के लिए फिर से एमओयू किया जाएगा और इन अस्पतालों का संचालन मार्च 2022 तक करने का निर्णय लिया गया है। सुबोध उनियाल ने बताया कि इससे पहले सरकार कोविड काल में तैनात किए गए कर्मचारियों को मार्च 2022 तक बढ़ाने और खरीद की छूट भी मार्च 2022 तक जारी रखने की मंजूरी दे चुकी है।

शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य में बाजार सुबह छह से रात 10 बजे तक खुलेंगे। बाजारों में पहले से निर्धारित साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। आमजन को फल-सब्जी की खरीद के लिए सीधे मंडी परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सार्वजनिक परिवहन के अंतर्गत राज्य के भीतर और अन्य राज्यों से आवागमन परिवहन विभाग की ओर से पूर्व में जारी मानक प्रचालन कार्यविधि के अनुरूप होगा।

ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों, पर्यटक स्थलों, बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंडी, शापिंग माल व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों में कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन कराया जाएगा। इस दौरान सुरक्षित शारीरिक दूरी, मास्क पहनना, हाथों को सैनिटाइज जैसे मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्ती से कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ओमिक्रोन से बचाव के लिए सभी जिलों में जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले व्यक्तियों के लिए अब कोविड वैक्सीनेशन की दोनों डोज का प्रमाणपत्र जरूरी होगा। यदि किसी के पास यह प्रमाणपत्र नहीं है तो उसे 72 घंटे पहले की कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट होने पर ही राज्य में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले सेना व अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को कोविड परीक्षण के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं होगी, लेकिन उन्हें कोविड की मानक प्रचालन कार्यविधि का अनुपालन अनिवार्य रूप से करना होगा।

उत्तराखंड से गिरफ्तार ऐप बुली बाई मास्‍टरमाइंड, मुंबई पुलिस ने एक महिला को किया गिरफ्तार

मुंबई मे बुल्ली बाई एप  मामले के तार अब उत्तराखंड से जुड़ गए हैं। बुल्ली बाई एप मामले में राज्य के रुद्रपुर शहर से एक संदिग्ध महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर बुल्ली बाई ऐप पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें शेयर कर उन्हें नीलामी का आरोप है। महिला को इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी माना जा रहा है। चूंकि ये मामला संवेदनशील है, इसलिए महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस से मिला जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार महिला ने बुल्ली एप में संलिप्तता की बात कबूल कर ली है। पुलिस उसे जिला कोर्ट में पेश किया। जहां पर कोर्ट ने रिमांड दे दी है।

मुंबई की साइबर पुलिस ने ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक युवती को गिरफ्तार किया है। यह युवती इंटरमीडिएट पास है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। आरोप है कि उसने ट्विटर के माध्यम से समुदाय विशेष की महिलाओं की बोली लगवाई थी। बताया जा रहा है कि वह तीन अकाउंट संचालित कर रही थी। मुंबई पुलिस ट्रांजिट रिमांड में उसे महाराष्ट्र लेकर गई है। इधर, इस मामले में उत्तराखंड पुलिस मुंबई पुलिस से जानकारी जुटा रही है।

महाराष्ट्र पुलिस ने रुद्रपुर की श्वेता सिंह को गिरफ्तार किया तो पता चला कि वह ऐप से जुड़े तीन अकाउंट को हैंडल कर रही थी। इसी के आधार पर ग्रुप एडमिन के अलावा गिरफ्तार श्वेता को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि जांच की भनक लगते ही कई सदस्यों ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए थे, लेकिन रुद्रपुर में आदर्श कॉलोनी की रहने वाली आरोपी 18 वर्षीय श्वेता सिंह का मोबाइल ऑन था। इसके आधार पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने सर्विलांस से आरोपी युवती को रुद्रपुर आकर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि ऐप से नेपाल, दिल्ली, महाराष्ट्र, बेंगलुरु के अलावा कई प्रदेशों के शिक्षित युवा जुड़े हुए हैं।

इससे पहले मुंबई पुलिस की साइबर सेल महिला के सहयोगी विशाल कुमार झा नाम के 21 साल के शख्स को गिरफ्तार कर चुकी है। सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे विशाल को बुल्ली बाई एप मामले में बेंगलुरु से गिरफ़्तार किया गया है।पुलिस के मुताबिक एप से दिल्ली, महाराष्ट्र और कर्नाटक के अलावा कई और राज्यों के युवा जुड़े हैं। बताया जा रहा है कि इनके तार नेपाल तक हैं।

इस मामले में मुंबई की एक महिला पत्रकार ने ट्वीट किया था जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस को जल्द से जल्द मामले के खुलासा करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के से एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला का घर रुद्रपुर होने के कारण मुंबई पुलिस उसे रुद्रपुर लेकर आई। और मुंबई पुलिस महिला को अपने साथ ले गई है। अभी महिला की पहचान उजागर नहीं की गई है।

इस महिला ने एप पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड की थीं और उनकी बोली लगाई थी। उक्त महिला तीन अकाउंट से एप चला रही थी। महिला के सहयोगी को मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उत्तराखंड की महिला ने फिलहाल जो फरार आरोपी है उसके साथ मिल कर फेंटेसी के लिए बुल्ली बाई नाम का एप्लिकेशन बनाया और मुस्लिम समाज की प्रतिष्ठित लड़कियों और महिलाओं की तस्वीरों को सोशल मीडिया जैसे की इंस्टाग्राम, ट्विटर और फेसबुक जैसे हैंडल से डाउनलोड कर उन्हें बुली बाई एप पर अपलोड किया, जहां उनकी बोली लगाई जा रही थी।

सुल्ली डील्स की तरह बुल्ली बाई एप को भी गिटहब पर बनाया गया। एक जनवरी को ये मामला सामने आया। आरोपियों ने कई मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर बुल्ली बाई एप पर नीलामी के लिए डाला था। ज्यादातर फोटो उन महिलाओं की थी, जो सोशल मीडिया पर  काफी एक्टिव रहती हैं।

बुल्ली बाई एप मामले में उत्तराखंड से एक और गिरफ्तारी हुई है। मुंबई पुलिस ने मंगलवार देर रात कोटद्वार से एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक का नाम मयंक रावत बताया जा रहा है। उक्त युवक दिल्ली के जाकिर हुसैन कॉलेज में बीएससी का छात्र है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक ने अपने ट्वीटर अकाउंट से पोस्ट किया था।

अब तक उत्तराखंड से दो गिरफ्तारी
बुल्ली बाई एप मामले में अब तक उत्तराखंड से दो गिरफ्तारी हो चुकीं हैं। जिसमें एक युवती रुद्रपुर से और एक युवक कोटद्वार से गिरफ्तार किया गया है। वेस्ट साइबर पुलिस थाना मुंबई के उपनिरीक्षक अमर कामले ने उक्त युवक को गिरफ्तार किया है।
कोटद्वार के कोतवाल विजय सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि मुंबई पुलिस की टीम ने मंगलवार रात 1:30 से 2:00 बजे निंबूचौर में दबिश दी और युवक को उसके घर से गिरफ्तार किया। मयंक रावत को मुंबई पुलिस स्थानीय कोर्ट में पेश करेगी। जहां से ट्रांजिट रिमांड के बाद पुलिस उसे मुंबई ले जाएगी।
बुल्ली बाई एप पर समुदाय विशेष की 100 से ज्यादा महिलाओं के फोटो अपलोड किए गए हैं। इन फोटो पर उनकी बोली लगाई जा रही है। पुलिस ने पड़ताल करने के बाद सोमवार को बेंगलूरु से एक युवक को गिरफ्तार किया था। इंजीनियरिंग का यह छात्र विशाल खालसा सुपरमिस्ट नाम से अकाउंट चला रहा था। सब कुछ पंजाबी में लिखा हुआ था। कुछ दिन बाद उसने अपने अकाउंट का नाम भी बदल दिया था।
बुल्ली बाई एप को खोलने पर एक मुस्लिम महिला की तस्वीर बुल्ली बाई के तौर पर सामने आती है। ट्विटर पर अधिक फॉलोवर वाली मुस्लिम महिलाएं जिनमें पत्रकार भी शामिल है, इसमें उनकी तस्वीरें अपलोड की गई हैं। मामले में पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते केसों के बीच बढ़ेंगी पाबंदियां, सचिवालय में आज शाम कैबिनेट बैठक में होगा फैसला 

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की अध्यक्षता में आज शाम पांच बजे से सचिवालय स्थित विश्वकर्मा बिल्डिंग के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में कैबिनेट बैठक होगी। उत्तराखंड में बढ़ते कोविड संक्रमण के मद्देनजर सरकार बुधवार को कई अहम फैसले ले सकती है। सूत्रों ने बताया कि उत्तराखंड सरकार कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोविट प्रोटोकाल को लेकर कड़े निर्णय ले सकती है।

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। शीतकालीन अवकाश के बाद खुल रहे स्कूलों में छात्र- छात्राओं की उपस्थिति सीमित रखने के साथ ही सार्वजनिक जीवन में भीड़ भाड़ कम करने के लिए भी नए प्रस्ताव रखे जा सकते है। इसके अलावा पेयजल कर्मियों का वेतन कोषागार से देने और पेंशन का प्रकरण के साथ ही पुलिस ग्रेड पे विवाद का मसला भी हल हो सकता है। प्रदेश में जल्द विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के मद्देनजर सरकार लोकलुभावन फैसले भी ले सकती है।

पिछले एक सप्ताह के दौरान मरीजों की संख्या में आठ गुना का इजाफा हो गया है। मंगलवार को कोरोना के 310 नए मरीज मिले और एक संक्रमित की मौत हो गई। 16 जून 2021 को मिले 353 मरीजों के बाद राज्य में एक दिन में मिले नए मरीजों की यह सर्वाधिक संख्या है।

स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार मंगलवार को राजधानी देहरादून में सर्वाधिक 192 नए मरीज मिले हैं। जबकि पौड़ी में 34, हरिद्वार और नैनीताल में 26- 26, यूएस नगर में 13, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में पांच पांच, बागेश्वर में दो, टिहरी में तीन, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग में एक एक जबकि चम्पावत में दो नए मरीज मिले हैं।

मंगलवार को राज्य भर की लैब से 16 हजार के करीब सैंपलों की रिपोर्ट आई जबकि 18 हजार 700 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। संक्रमण की दर दो प्रतिशत के करीब पहुंच गई है। जबकि मरीजों के ठीक होने की दर 95 प्रतिशत के करीब चल रही है।

राज्य में 29 दिसम्बर को 38 नए मरीज मिले थे। 30 दिसम्बर को इनकी संख्या 59 हो गई। 31 दिसम्बर को 88, पहली जनवरी को 118, दो जनवरी को 259, तीन जनवरी को 189 और अब मंगलवार को 310 नए मरीज मिले हैं। राज्य में कुल कोरोना मरीजों का तकरीबन 49 प्रतिशत अकेले देहरादून जिले में हैं।

स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ पंकज पांडेय कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें और उनकी पत्नी में कोरोना जैसे लक्षण दिखने के बाद जांच कराई गई तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉ पांडेय ने बताया कि उनमें कोरोना के हल्के लक्षण थे और इलाज चल रहा है। इधर सचिव स्वास्थ्य के पॉजिटिव आने के बाद सचिवालय में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि शासन में हुई कुछ बैठकों में डॉ पांडेय भी शामिल हुए थे।

उत्तराखंड में फिर बदला मौसम,बारिश-बर्फबारी का अलर्ट,मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट 

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेश बिक्रम सिंह के अनुसार, मंगलवार को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। देहरादून और मसूरी में सुबह के समय बादल छाये रहने और शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की कमी आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, चार जनवरी को राज्य के पर्वतीय इलाकों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में भी कुछ जगह हल्की बारिश हो सकती है। 2500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पांच जनवरी को राज्य के अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 2200 मीटर तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में मसूरी, चकराता, धनोल्टी, सुरकंडा, ग्वालदम, औली, दुग्गलबिट्टा चोपता, कपकोट, मुक्तेश्वर, नई टिहरी आदि हिल स्टेशनों बर्फबारी हो सकती है। इससे बाकी इलाकों में भी ठंड बढ़ेगी।

उत्तराखंड में चार से सात जनवरी तक मौसम बदलने जा रहा है। दस दौरान 2200 मीटर तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। जबकि, पांच और छह के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, चार जनवरी को 2500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों और पांच जनवरी को राज्य के 2200 मीटर तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। सात जनवरी को पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और 2500 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है। पांच और छह जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून में मंगलवार शाम को हल्की बारिश हो सकती है।

मंगलवार से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ समेत आसपास के पहाड़ी इलाकों में हिमपात और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार समेत आसपास के मैदानी इलाकों में कोहरा व पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पडऩे से सड़कों पर आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 22.4- 5.9

मसूरी, 11.6- 4.3

नैनीताल, 10.3-1.4

हरिद्वार, 22.8- 5.3

औली, 09.1- 0.7

पंतनगर, 21.2- 4.3

मुक्तेश्वर, 13.9-4.2

टिहरी, 15.3-4.7

मौसम विभाग के अनुसार, 2200 मीटर की ऊंचाई से अधिक के इलाकों में मध्यम बर्फबारी होने से सड़कें बाधित हो सकती है। विद्युत एवं दूरसंचार लाइनों को मामूली नुकसान पहुंच सकता है। कम तापमान, सर्द हवाएं ठंड बढ़ा सकती हैं। कमजोर लोग, बुजुर्ग, शिशुओं व बीमार लोगों के लिए ठंड मुसीबत का सबब बन सकता है। मौसम विभाग ने राज्य सरकार व जिला प्रशासन से ठंड, बर्फबारी से निपटने के लिए एहतियाती उपाय करने का सुझाव दिया है। लोगों को भी बर्फबारी वाले इलाकों में वाहनों से चलते वक्त सावधानी व पर्याप्त इंतजाम रखने को कहा गया है।

राज्य में पड़ रही कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर पहाड़ों पर पड़ रहा है। आलम ये है कि यहां पानी जम रहा है, जिसे पिघला कर लो अपना काम चला रहे हैं। इसके साथ ही सड़कों पर जमा पाला भी मुसीबत का सबब बनता जा रहा है। किसी तरह से लोग अपनी दिनचर्या को ढर्रे पर ला रहे हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि, बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हो सकती हैं। विद्युत एवं दूरसंचार लाइनों को नुकसान पहुंच सकता है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन को ठंड, बर्फबारी से निपटने के लिए एहतियाती उपाय करने का सुझाव दिया गया है।

देहरादून रैली को संबोधित करने के एक दिन बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हुए कोरोना पॉजिटिव, मंगलवार को उन्होंने ट्वीट करके जानकारी शेयर की

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना पॉसिटिव हो गए हैं।इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी।उन्होंने बताया है कि मैं कोरोना संक्रमित हो गया हूं। संक्रमण के थोड़े लक्षण हैं। जिसे देखते हुए घर में खुद को आइसोलेट कर लिया है। जो भी लोग पिछले दिनों मेरे संपर्क में आए हों वो आइसोलेट हो जाएं और अपना टेस्ट करवाएं।

देहरादून में चुनाव रैली को संबोधित करने के एक दिन बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मंगलवार को उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की। उन्होंने संपर्क में आए लोगों से भी कोरोना जांच और आइसोलेशन में जाने की अपील की है।

विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल इस वक्त चुनावी सभाओं में वयस्त हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में चुनाव कार्यक्रमों को लेकर उनका लोगों से खूब मिलना-जुलना हो रहा है। सोमवार को अपनी पार्टी के प्रचार के लिए उत्तराखंड पहुंचे थे। उन्होंने देहरादून में ‘नवपरिवर्तन सभा’ को संबोधित किया था। इससे पहले रविवार को भी अपनी पार्टी के प्रचार-प्रसार के लिए दिल्ली के सीएम उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक रैली की थी। इस बीच यह भी देखा गया था कि उन्होंने इन दोनों ही जगह पर मास्क नहीं लगाया था।

केजरीवाल के कोरोना संक्रमित आने से बाद से दिल्ली से देहरादून तक हड़कंप मच गया है। सोमवार को अरविंद केजरीवाल देहरादून में रैली करने पहुंचे थे। उन्होंने मास्क भी नहीं पहना था। इतना ही नहीं अपने संबोधन को बीच में वह कई बार खांसते हुए भी नजर आए। यह रैली परेड ग्राउंड में आयोजित की गई थी। इस दौरान रैली में खासी भीड़ उमड़ी थी।

केजरीवाल ने मंच पर कई नेताओं से मुलाकात की थी और पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया था। वहीं राज्य आंदोलनकारियों ने भी मंच पर उनका स्वागत किया था। केजरीवाल इन सभी लोगों के डायरेक्ट संपर्क में आए थे। जिससे अब स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई है।

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में 189 नए संक्रमित मिले हैं। अब प्रदेश में फिर से संक्रमितों का ग्राफ बढ़ने लगा है, प्रदेश में अब तक 345653 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं आज 104 लोग ठीक हुए हैं।

दिल्ली में लगातार कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है। राजधानी में कोरोना संक्रमण भयंकर रूप लेता जा रहा है। सोमवार को कोरोना के 4 हजार से अधिक मरीज मिले थे, वहीं दिल्ली में अब संक्रमण दर भी 6.46 फीसदी पहुंच गई है। हालांकि 1 हजार 509 संक्रमित इस दौरान रिकवर भी हुए।

उत्तराखंड के छठे दौरे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आज परेड ग्राउंड देहरादून में करेंगे जनसभा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज देहरादून के एतिहासिक परेड ग्राउंड में चुनावी रैली संबोधित करने आ रहे हैं। केजरीवाल दोपहर दो बजे रैली को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान को तेज करने के लिए अरविंद केजरीवाल सोमवार को दून में पहली जनसभा संबोधित करेंगे।

उत्तराखंड के छठे दौरे पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज चुनावी बिगुल फूंकेंगे। परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के साथ ही उत्तराखंड नवनिर्माण के लिए नवपरिवर्तन अभियान का शुभारंभ करेंगे। केजरीवाल के दौरे के लिए पार्टी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

केजरीवाल इससे पहले बीते कुछ महीनों में देहरादून के तीन दौरे कर चुके हैं, लेकिन जनसभा संबोधन पहली बार होगा। इसके लिए आम आदमी पार्टी ने परेड ग्राउंड का चयन किया है, इसी स्थान पर कुछ दिन पूर्व पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी जनसभा संबोधित कर चुके हैं।

आप चुनाव अभियान कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने कहा कि केजरीवाल की जनसभा के लिए पार्टी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह ऐतिहासिक रैली होगी। जो भाजपा और कांग्रेस से बड़ी साबित होगी। इस रैली में जहां एक और पूरे प्रदेश से सैकड़ों आप कार्यकर्ता इस रैली को सफल बनाने देहरादून पहुंच रहे हैं।वाहनों से पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं के लिए पार्किंग का इंतजाम किया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में केजरीवाल का यह छठवां का दौरा है। जिसमें एक बार फिर से एक बड़ी घोषणा कर उत्तराखंड के लोगों को पांचवीं गारंटी दे सकते हैं। जिसका कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश की जनता को बेसब्री से इंतजार है। इससे पहले पांच बार उत्तराखंड का दौरा कर केजरीवाल मुफ्त बिजली, रोजगार, मुफ्त तीर्थ यात्रा और महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की गारंटी दे चुके हैं। इन सभी गारंटी में अब तक 27 लाख से ज्यादा लोग अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।

कार्यक्रम के मुताबिक केजरीवाल सुबह 10.35 पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, यहां से उनका सड़क मार्ग से बीजापुर गेस्ट हाउस जाने का कार्यक्रम है। जहां पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद वो दोपहर दो बजे परेड ग्राउंड में जनसभा संबोधित करेंगे। इस दौरान पार्टी की तरफ से सीएम प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल सहित अन्य नेता भी मंच पर रहेंगे।

इसके बाद वो सीधे दिल्ली के लिए निकल जाएंगे। पार्टी ने परेड ग्राउंड पर जनसभा के साथ ही सैनिक सम्मान समारोह भी रखा है। इसके अलावा अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी। इसी के साथ आप उत्तराखंड में नव परिवर्तन यात्रा का भी शुभारंभ करेगी। यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न स्थानों से गुजरेगी।

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजपुर रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज से निशुल्क टैबलेट योजना की शुरूआत की, उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों के छात्रों को इस योजना का मिलेगा लाभ 

उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों के कक्षा 12 तक के छात्रों को निशुल्क टैबलेट योजना की शुरुआत कर दी है प्रदेश के 2.75 लाख छात्रों को निशुल्क टैबलेट योजना की  शुरूआत कर दी। सभी विधानसभा क्षेत्रों के विद्यालयों में यह कार्यक्रम टीवी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। हल्द्वानी में कालाढूंगी रोड स्थित जीजीआईसी में टैबलेट वितरित मेयर गजेंद्र पाल सिंह रौतेला ने इस योजना की शुरूआत की।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों के कक्षा 12 तक के छात्रों को निशुल्क टैबलेट योजना की शुरुआत कर दी है। राजपुर रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज (स्मार्ट स्कूल) से योजना की शुरुआत की गई। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि मेरा सपना था कि प्रदेश के सभी 10वीं और 12वीं बोर्ड विद्यर्थियों के हाथों में टैबलेट हों। कोरोनाकाल में देखा कि गरीब विशेषकर सरकारी स्कूलों के बच्चों को आनलाइन पढाई से वंचित रहना पड़ा था। इसे देखते हुए निश्शुल्क टैबलेट देने का फैसला लिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि टेबलेट योजना से एक लाख 69 हजार स्कूली छात्रों को लाभ मिल रहा है। हर छात्र को डीबीटी के माध्यम से 12 हजार रुपये की धनराशि दी जा रही है। ताकि वे उच्चकोटि के टेबलेट खरीद सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो छात्र नौवीं और 11वीं में हैं, ऐसे विद्यर्थियों को अगले साल टेबलेट मिलेंगे। उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है।

नए साल में पहले ही दिन जनपद के राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले करीब पांच हजार विद्यार्थियों को टैबलेट का तोहफा मिला है। इसके लिए शनिवार को उनके खातों में पैसा पहुंच जाएगा। देहरादून से होने वाला यह कार्यक्रम हर विधानसभा के एक-एक स्कूल में टीवी स्क्रीन के माध्यम से स्कूलों में भी बच्चों को दिखाया गया।

सीएम ने कहा कि यह योजना आज नए साल के पहले दिन इस स्कूल के अलावा प्रदेश के 70 अन्य स्कूलों में भी शुरू की गई है। एक-एक स्कूल में सौ छात्रों को टैबलेट देकर योजना की शुरूआत की गई है। मुख्यमंत्री ने छात्रों को नसीहत दी कि समय की कीमत समझना बहुत जरूरी है। आज विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग से पढ़ाई करनी चाहिए। तभी ऊंचे पदों पर विराजमान होने के सपने पूरे हो पाएंगे। संकल्प का कोई विकल्प नहीं होना चाहिए। उत्साह व उमंग से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी आगे रहें। मुख्यमंत्री ने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, पर्वतारोही बछेंद्री पाल का उदाहरण दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रेमलता बौड़ाई ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ देकर सम्म्मनित किया।

विद्यालयी शिक्षा सचिव मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर के दौरान लाकडाउन लगाना पड़ा था। इस दौरान सभी निजी व सरकारी स्कूलों को बंद करना पड़ा था ऐसे में निजी स्कूलों में आनलाइन पढ़ाई शुरू कर दी गई, लेकिन देखा गया कि सरकारी स्कूलों के विद्यर्थियों को पढ़ाई से वंचित रहना पड़ा था,इसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10वीं व 12वीं बोर्ड के समस्त विद्यर्थियों को टेबलेट के लिए 12 हजार रुपये सीधे छात्रों के खाते में डाले जा रहे हैं।आगे भी अगर आनलाइन पढ़ाई करनी पड़ी तो उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यर्थियों को पढ़ाई से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। संवाद कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।

कैबिनेट फैसला:- उत्तराखंड कैबिनेट ने 25 फैसलों पर लगाई मुहर, विधवा और वृद्धावस्था की बढ़ी पेंशन 

उत्तराखंड सरकार के मंत्रिमंडल की 2021 की अंतिम बैठक में 25 फैसलों पर मुहर लगी है। समाज कल्याण विभाग की तरफ से मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन को 1200 से बढ़ाकर 1400 करने के साथ ही पति पत्नी दोंनो को पेंशन देने पर भी मुहर लगी है। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में जांच में को बनने वाले पर्चे में अब हर साल बढ़ोतरी नहीं होगी।

प्रदेश कैबिनेट ने ठीक चुनाव से पहले समाज कल्याण विभाग से मिलने वाली विधवा और वृद्धावस्था पेंशन बढ़ा दी है। साथ ही सरकारी अस्पतालों में एक जनवरी से लागू होने वाली शुल्क बढ़ोत्तरी भी रोक दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट के बाद शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने प्रमुख फैसलों की जानकारी दी। उन्होने बताया कि पहले वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के तहत प्रति माह 1200 रुपए मिलते थे, जिसे बढ़ाकर अब 1400 रुपए प्रति माह कर दिया गया है। इसके साथ ही यदि पति – पत्नी दोनों की उम्र साठ साल से अधिक है तो दोनों पेंशन के पात्र होंगे। पूर्व में पति या पत्नी में से एक को ही यह लाभ मिलता था। प्रदेश में विधवा पेंशनर की संख्या करीब डेढ़ लाख है, जबकि वृद्धावस्था पेंशन साढ़े चार लाख से अधिक हैं।

पुलिस के 4600 ग्रेड पे के मामले में कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत

पुलिसकर्मियों को ग्रेड पे के लिए नए साल का इंतजार करना होगा। पुलिस के 4600 ग्रेड पे के मामले में कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया। इस तरह से पुलिसकर्मियों के परिजनों का इंतजार लंबा हो गया है। पुलिसकर्मियों के 4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर पुलिसकर्मियों के परिजनों की ओर से लगातार विरोध जारी है। 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 2001 बैच के 1500 पुलिसकर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने की घोषणा की थी। लेकिन दो माह बाद भी शासनादेश जारी न होने से परिजन नाराज हैं। चुनाव की आचार संहिता नजदीक देख परिजनों ने आंदोलन तेज किया हुआ है। परिजनों को डीजीपी अशोक कुमार की और से 31 दिसंबर तक का आश्वासन दिया हुआ था। लेकिन 31 दिसंबर को भी कैबिनेट में फैसला न होने से पुलिसकर्मियों के परिजनों को निराशा हाथ लगी है। जिससे आंदोलन तेज होने के आसार हैं।

शुल्क बढ़ोत्तरी पर रोक 

कैबिनेट ने एक जनवरी से सभी सरकारी अस्पतालों में दस प्रतिशत शुल्क बढ़ोत्तरी को भी रोक दिया है। तय व्यवस्था के मुताबिक प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में हर साल एक जनवरी से सभी सेवाओं पर दस प्रतिशत शुल्क बढ़ जाता है। लेकिन अब कैबिनेट ने इस बढ़ोत्तरी को रोक दिया है।

टैक्स से राहत 

कैबिनेट ने नगर निकायों में शामिल गांवों के व्यावसायिक भवनों पर भी दस साल के लिए टैक्स छूट प्रदान कर दी है। यह छूट 2018 के बाद हुए विस्तार में शामिल गांवों पर लागू होगी। इन क्षेत्रों में आवासीय भवनों पर पहले ही यह छूट लागू है।

कैबिनेट के फैसले-

  • पीआरडी के मामले में सीएम अधिकृत किया।
  • अस्पतालों में ओपीडी शुल्क नहीं बढ़ेगा, सरकारी अस्पतालों में ओपीडी की पर्ची पर सालाना 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी नहीं होगी।
  • राज्य के सभी महाविद्यालयों में हर विकासखंड के एक इंटर कॉलेज में 214 योग प्रशिक्षितों को आउट सोर्स पर लगाने का फैसला किया।
  • वृद्धा एवं विधवा पेंशन को 1200 से बढ़ाकर 1400 रुपए किया।
  • नियमित नियुक्ति से प्रभावित अतिथि शिक्षकों को उनके गृह जनपद में नियुक्ति दी जाएगी।
  • महिला अतिथि शिक्षकों को मातृत्व अवकाश की मांग देय होगी।
  • नगर निकायों की सीमा विस्तार के बाद विस्तारित क्षेत्र में कमर्शियल टैक्स के संबंध में सीएम को अधिकृत किया।
  • नरेंद्रनगर में विधि संस्थान खोलने के लिए कैबिनेट की मंजूरी।
  • वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना में अब पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में जाएगा।
  • हर जिले में डिस्ट्रिक टूरिज्म कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया।
  • नए महाविद्यालय में शिक्षकों के खाली पदों पर प्रधानचार्य 35 हजार रुपए प्रति माह पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती कर सकेंगे।
  • हड़ताल पर रहे मनरेगा कर्मचारियों को हड़ताल अवधि का वेतन मिलेगा। छुट्टियां एडजस्ट होंगी।

उत्तराखंड: विधानसभा चुनाव के दौरान कोरोना संक्रमित ऐसे कर पाएंगे मतदान, ये सुविधा मिलेगी

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में कोरोना संक्रमितों को घर, अस्पताल अथवा आइसोलेशन सेंटर से ही मतदान की मिलेगी सुविधा। इसके लिए इन्हें डाक मतपत्र दिए जाएंगे। इसके लिए इन्हें आवेदन प्रारूप 12 घ निर्वाचन अधिकारी के समक्ष जमा करना होगा। ये फार्म इन्हें संबंधित बूथ लेवल आफिसर द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने कोरोना संक्रमितों के लिए भी डाक मतपत्र के जरिये मतदान की व्यवस्था की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई मतदाता कोरोना संक्रमण के कारण राज्य के किसी अस्पताल में भर्ती है, होम क्वारंटाइन अथवा संस्थागत क्वारंटाइन है तो उसे डाक मतपत्र के जरिये से मत डालने की अनुमति होगी। हालांकि, आयोग सबसे पहले ऐसे आवेदक की प्रामाणिकता के संबंध में सभी दस्तावेज देखे पढ़ें

इसके लिए आवेदक को सक्षम चिकित्साधिकारी द्वारा जारी प्रमाणपत्र एवं निर्देश की प्रति भी आवेदन में लगानी होगी। दस्तावेजों से संतुष्ट होने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय मतदाता के लिए डाक मतपत्र जारी करेगा, जिसके जरिये कोरोना संक्रमित मतदान कर सकेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि संक्रमित द्वारा कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए ही सभी दस्तावेजों को भरना होगा। आवेदन फार्म भरते हुए वह मुंह में मास्क लगाने के साथ ही हाथों में गलब्स पहने रहेगा। हालांकि, आवेदन की प्रक्रिया को आनलाइन किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।

राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने कहा कि संक्रमितों के मतदान के लिए आयोग ने दिशा-निर्देश जारी किए हुए हैं। इनका कोविड के मानकों को ध्यान में रखते हुए अनुपालन कराया जाएगा। भविष्य में यदि इसे लेकर कोई बदलाव होता है तो उसका भी अनुपालन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने हल्द्वानी में फूंका चुनावी बिगुल, प्रधानमंत्री  ने कहा-पहाड़ की टोपी पहनना मेरे लिए गर्व,   यह दशक उत्तराखंड का है

हल्द्वानी में प्रधानमंत्री मोदी ने 17,500 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम ने वर्चुअली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। मंच पर पहुंचे पीएम मोदी का शाल ओढ़ाकर व उत्तराखंडी टोपी पहनाकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया।

उत्तराखंड में पहली बार कुमाऊं मंडल का प्रवेश द्वार हल्द्वानी में आयोजित विशाल जनसभा में पहाड़वासियों को नव वर्ष की शूभकामनायें देते हुए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की आजादी में कुमाऊं ने अपना बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की टोपी पहनना मेरे लिए गर्व की बात है।

पीएम ने कहा कि हल्द्वानी वालों के लिए नए साल की सौगात लेकर आया हूं। कहा हम दो हजार करोड़ रुपए की योजना लेकर आ रहे हैं। अब हल्द्वानी में पानी, सीवरेज, पार्किंग और स्ट्रीट लाइट सभी जगह अभूतपूर्व सुधार होगा। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि  मैं काम को ठीक कर रहा हूं आप इन कामों को रोकने वालों को ठीक कीजिए। एमबी इंटर कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने अपने सम्बोधन की शुरूआत कुमांऊनी में की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारी भीड़ को सम्बोधित करते हुए  कहा उत्तराखंड ने बहुत अभाव झेला है। उत्तराखंड के जो युवा अपना रोजगार करना चाहते हैं उनके साथ हमारी डबल इंजन की सरकार खड़ी है। बिना गारंटी आसानी से लोन मिल रहा है। विपक्षी सेना और हमारे वीरों का अपमान करने से भी नहीं चुके हैं। कहा कि आपके सपने हमारे संकल्प हैं, आपकी इच्छा हमारी प्रेरणा है और आपकी हर जरूरत का पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जो प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं वह उत्तराखंड को सशक्त तो करेंगे ही, यहां के किसानों को सिंचाई में फायदा पहुंचाएंगे। गंगोत्री से गंगासागर तक हम मिशन में जुटे हुए हैं। गंगाजी में गिरने वाले गंदे नालों की संख्या कम हो रही है। नैनीताल झील के संरक्षण के लिए भी अब काम किया जाएगा। इन सब प्रोजेक्ट का लाभ उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि विपक्ष दिन रात झूठ बोल रहा है।

आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इससे हल्द्वानी और जगजीतपुर के इलाके में पानी की किल्लत दूर होगी। हमारी सरकार हर घर नल योजना से लोगों को लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने लखवाड़ परियोजना का जिक्र किया। कहा कि इस पर 29 साल बाद फिर से काम शुरू हुआ है। यह प्रोजेक्ट चार साल में पूरा होगा।

प्रधान मंत्री ने कहा मेरा सात साल का रिकाॅर्ड देख लीजिए। पुरानी योजनाओं को पूरा करने में मेरा समय निकल रहा है। कहा कि ‘मैं काम को ठीक कर रहा हूं आप इन कामों को रोकने वालों को ठीक कीजिए। जो पहले सरकार में थे उन्होंने उत्तराखंड के बारे में नहीं सोचा। उत्तराखंड की सामथ्र्य का लाभ नहीं उठाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता का प्यार भाजपा के साथ है। विकास कार्यों पर भाजपा का जोर है। कहा कि कुछ पार्टियों ने अफवाह फैलाने का काम शुरू किया है। उत्तराखंड विरोधी टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन को लेकर अफवाह फैला रहे हैं। उत्तराखंड अपनी स्थापना के 20 साल पूरे कर चुका है। इस दौरान आपने ऐसे भी सरकार चलाने वाले लोग देखें हैं। जिन्होंने दोनों हाथों से उत्तराखंड लूटा। जिसे उत्तराखंड के प्यार हो वह ऐसा नहीं सोच सकते।

उत्तराखंड के विकास की भावना से हमारी सरकार काम कर ही है। मैं खुद जी-जान से लगा हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का सामथ्र्य इस राज्य के आधुनिकता की ओर ले जाएगा। यहां की मिट्ठी की ताकत इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएगी।मोदी ने कहा कि उत्तराखंड में अब सत्ताभाव नहीं सेवा भाव से चलने वाली सरकार है।नौ हजार करोड़ के प्रोजेक्ट से सड़केें बनाई जा रही हैं। 51 पुलों के निर्माण का काम किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17547 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इससे पूर्व जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश अपने खोए वैभव को पाने की ओर अग्रसर है। उनके ही नेतृत्व का कमाल है कि कश्मीर से धार 370 खत्म की गई। आयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण शुरू हो रहा है। काशी में विश्वनाथ मंदिर का स्वरूप भव्य हो गया है। केदारभूमि के पुर्ननिर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

कोविड आपदा को जिस तरह से पीएम मोदी ने संभाला उसे पूरी दुनिया ने सरहा। न सिर्फ देश के लिए, बल्कि विदेशों को भी भी वैक्सीन उपल्ब्ध कराकर पीएम ने पूरे विश्व को राहत पहुंचाई। धामी ने कहा कि हमारे देश के पीएम महाविभूतियो का अंश दिखाई देता है पीएम मोदी स्वामी विवेकानंद की तरह पूरे विश्व में भारत की विजय पताका को बाबा भीमराव अंबेडकर दीनदयाल उपाध्याय के आदशों को आत्मसात कर रहे है। भरत को वैभवशाली देश बनाने के लिये काम कर रहे है।

भारत में सनातन परम्परा को भारत के प्रतीको को संरक्षित किया जा रहा है। अयोध्या में मर्यादा पुरूपुरूषोतम श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर को भव्य स्वरूप मिल गया है। केदारनाथ का कायाकल्प किया जा रहा है।आने वाले दिनों बद्रनाथ धाम का भी पुनरोद्धार किया जायेगा। उत्तराखंड विकास की राह पर अग्रसर है।

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चहुमुखी विकास हो रहा है। राज्य में डबल इंजन की सरकार निरंतर विकास कर रही है। आज 1750 करोड़ की विकास योजनाओ की शुरूआत हो रही है। लखवाड़ परियोजना से रोजगार का सृजन होगा। उत्तराखंड को बिजली मिलेगी। आज सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया जा रहा है। जो मील का पत्थर साबित होगी।

पीएम मोदी ने कुमांऊ मंडल में पांच सौ करोड़ की लागत से एम्स का सेटेलाइट सेंटर खुल रहा है। सीएम ने कहा कि देवभूमि के वीर जवानों ने देश की सेवा के लिये अपना बलिदान दिया है। जनरल विपिन रावत की शहादत राज्य के लिये अपूर्णीय क्षति है। उनका योगदान हमारे के लिये प्रेणा का स्रोत है। आज हमे गर्व होता है जब दुश्मन को जवाब देने के लिये हमारे जवानों को शसिक्त किया जा रहा है। उत्तराखंड की सीमाओं तक सड़क मार्ग बनाये जा रहे है।

सीएम ने कहा कि देश में हिंदू और हिंदुत्व मेे भेद बताया जा रहा है। लेकिन हमारी संस्कृति एक है। सीएम धामी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में माफियाराज और भ्रष्टाचार उनकी देन है। देवभूमि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस का साथ नहीं देगी।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पीएम मोदी ने देश दुनिया में भारत को एक शक्ति के रूप में विकसित किया।

कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि आज भाजपा अपनी बुलंदियों पर है। कभी देश के प्रधानमंत्री को दुनिया पहचानती नहीं थी, मोदी जी के आने के बाद राजनीति की परिभाषा बदल गई। भगत ने बोस को याद किया। उन्होंने आजाद हिन्दू फौज की स्थापना की। कहा अब मोदी बोस के रूप में लौटकर आए हैं। मोदी ने 370 हटाया। ये कहते थे खून खराबा होगा। 50 वर्षों से जनमानस कह रहा था अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए थे। तुष्टिकरण की राजनीति करते थे। आज हम अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनते देख रहे हैं।

केंद्रीय रक्षा मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि जनता मन बना चुका है कि 2022 में में भाजपा सरकार फिर से आने जा रही है। एक सर्चे मे मोदी जी विश्व में नंबर वन हैं। आज देश सुरक्षित है। सीमाएं सुरक्षित हैं। पहले बंदूक की गोली भी बाहर से खरीदते थे आज हथियार खुद बनाने के अलावा विदेशों को भेज रहे हैं।भट्ट ने कहा कि अन्नदान, कन्यादान, मतदान पात्र को दिए जाते हैं। पार्टी भाजपा, नेता मोदी ही सुपात्र हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह,सांसद श्रीमती माला राज लक्ष्मी, केंद्रीय मंत्री अजय भट, सांसद अजय टम्टा पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक,विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत,धनसिंह रावत,सुबोध उनियाल, बंशीधर भगत,पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल,महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्या ,सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी,उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ,प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह चुनाव प्रभारी आरपी सिंह व लाकेट चटर्जी, सह प्रभारी रेखा वर्मा, केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्टð, राज्य सभा सदस्य व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नरेश बंसल,जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया समेत राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद रहे।