Blog

उत्तराखंड में आज जारी होगी कांग्रेस के उम्मीदवारों की पहली सूची

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव  के लिए कांग्रेस आज प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है।  केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद देर शाम 45 से अधिक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा सकती है। वहीं कुछ सीटों पर अभी भी विवाद जारी है और इसको सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली में पिछले दस दिनों से राज्य के दिग्गज टिकटों पर माथापच्ची कर रहे हैं और राज्य में चुनाव प्रचार से दूर हैं।पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि संभवत: शनिवार को पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। उन्होंने कहा कि सभी 70 सीटों पर रायशुमारी के बाद सूची पहले ही सीईसी को सौंप दी गई थी।

आज जारी होने वाली लिस्ट से पहले होने वाली बैठक के लिए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को दिल्ली में रोक दिया गया है। वहीं ये नेता पिछले दस दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। लेकिन फिर भी सीटों को लेकर विवाद बना हुआ है।

कांग्रेस आज 40-45 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर सकती है. वहीं अभी भी 25 से 30 सीटों पर विवाद चल रहा है। वहीं आज नेताओं के साथ-साथ पार्टी पदाधिकारियों और दावेदारों की निगाहें लिस्ट पर टिकी हुई हैं। बताया जा रहा है कि राज्य के सभी गुटों की सहमति से करीब 40 से 45 टिकट तय किए गए हैं और बाकी बची सीटों पर बाद में प्रत्याशी तय किए जाएंगे और इसके लिए उम्मीदवारों का पैनल सीईसी को सौंप दिया गया है।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा से चुनाव लड़ेंगे 

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। 70 सीटों वाले उत्तराखंड में एक चरण में मतदान होगा, यहां 14 फरवरी को वोटिंग की जाएगी। बीजेपी की पहली लिस्ट में सीएम पुष्कर धामी की सीट भी फाइनल कर दी गई है। उम्मीदवार सूची के मुताबिक धामी को खटीमा सीट से पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है।इस सूची में 59 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए गए हैं। शेष सीटों पर दोबारा मंथन के बाद अगले प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी हो सकती है।

पहली लिस्ट में अभी 70 सीटों में से 59 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी गई है।प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में 59 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से चुनाव लड़ेंगे। बची 11 सीटों पर बाद में नामों का एलान किया जाएगा। इस बार पांच महिलाओं को इस बार टिकट दिया गया है। वहीं 13 ब्राह्मण नेताओं को टिकट दिया गया है। 10 विधायकों के टिकट कटे हैं। इस बार कुंवर प्रणव चैंपियन का टिकट काट दिया गया है। उनकी पत्नी को टिकट दिया गया है।

इनको मिला टिकट:

  1. पुष्कर सिंह धामी – खटीमा
  2. मदन कौशिक – हरिद्वार शहर
  3. केदार सिंह रावत -यमुनोत्री
  4. भरत सिंह चौधरी -रुद्रप्रयाग
  5. शक्ति लाल साहब -घनसाली
  6. विनोद कंडारी -देवप्रयाग
  7. सुबोध उनियाल- नरेंद्र नगर
  8. प्रीतम पंवार- धनोल्टी
  9. सतपाल महाराज -चौबट्टाखाल
  10. राम चरण नौटियाल -चकराता
  11. मुन्ना सिंह चौहान -विकासनगर
  12. शैलेंद्र मोहन सिंघल-जसपुर
  13. उमेश शर्मा -रायपुर
  14. खजान दास -राजपुर रोड
  15. सविता कपूर -देहरादून कैंट
  16. गणेश जोशी- मसूरी
  17. सुरेश राठोर -ज्वालापुर
  18. प्रदीप बत्रा -रुड़की
  19. देवयानी कुंवर प्रणव चैंपियन- खानपुर
  20. संजय गुप्ता -लक्सर
  21. स्वामी यतिश्वरानंद- हरिद्वार ग्रामीण
  22. डॉक्टर धन सिंह रावत- श्रीनगर
  23. राजकुमार पोरी -पौड़ी
  24. धन सिंह धामी- धारचूला
  25. बिशन सिंह चुफाल- डीडीहाट
  26. आदेश चौहान -बीएचईएल हरिद्वार
  27. चंद्रा पंत -पिथौरागढ़
  28. चंदन राम दास -बागेश्वर
  29. दिलीप सिंह रावत- लैंसडौन
  30. महेश जीना- सल्ट
  31. पूरण सिंह फर्त्याल- लोहाघाट
  32. बंशीधर भगत -कालाढूंगी
  33. दीवान सिंह बिष्ट -रामनगर
  34. त्रिलोक सिंह चीमा- काशीपुर
  35. अरविंद पांडे- गदरपुर
  36. सौरभ बहुगुणा -सितारगंज
  37. फकीरा राम- गंगोलीहाट
  38. सुरेश गाड़िया- कपकोट
  39. महेश शर्मा- अल्मोड़ा
  40. सत्यपाल -भगवानपुर
  41. कैलाश गहतोड़ी -चंपावत
  42. अनिल नौटियाल -कर्णप्रयाग
  43. रेणू बिष्ट -यमकेश्वर
  44. प्रेमसिंह राणा – नानकमत्ता
  45. राजेश कुमार – बाजपुर
  46. दुर्गेश्वर लाल – पुरोला
  47. सुरेश चौहान – गंगोत्री
  48. महेंद्र भट्ट -बदरीनाथ
  49. भोपाल राम टम्टा – थराली
  50. विजय सिंह पंवार उर्फ गुड्डू – प्रतापनगर
  51. सहदेव सिंह पुंडीर- सहसपुर
  52. विनोद चमोली – धर्मपुर
  53. प्रेमचंद अग्रवाल -ऋषिकेश
  54. दिनेश पंवार – मंगलौर
  55. अनिल शाही – द्वाराहाट
  56. रेखा आर्य – सोमेश्वर
  57. राम सिंह कैड़ा – भीमताल
  58. सरिता आर्य – नैनीताल
  59. किच्छा- राजेश शुक्ला

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव के लिए भाजपा के करीब 60 टिकट फाइनल, आज होगी उम्मीदवारों की घोषणा

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को 60 से अधिक टिकट फाइनल कर दिए हैं। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर देगी। शेष सीटों पर दोबारा मंथन के बाद अगले प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी हो सकती है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने बृहस्पतिवार तक प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो जाने की पुष्टि की।

बुधवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, उत्तराखंड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार शामिल हुए।

सूत्रों के मुताबिक, देर रात तक उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आए नामों के पैनल पर मंथन हुआ। इनमें से 60 से अधिक सीटों पर नाम फाइनल कर लिए गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा सभी मंत्रियों के टिकट भी फाइनल हो गए हैं। बृहस्पतिवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो जाएगी। कोटद्वार, डोईवाला समेत करीब 10 सीटों पर पार्टी बाद में निर्णय करेगी।

केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में सभी 70 सीटों के पैनल पर गहन विचार-विमर्श हुआ। अधिकांश विस सीटों पर नाम फाइनल हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो सकती है।                                                                                       – मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

कांग्रेस के दबदबे वाली चकराता विधानसभा सीट पर इस बार भाजपा नया प्रयोग कर सकती है। पार्टी रामशरण नौटियाल पर दांव लगा सकती है। नौटियाल लंबे समय भाजपा में हैं और टिकट की दावेदारी करते आए हैं। उनके पुत्र मशहूर पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल पिता के टिकट के लिए प्रयास कर रहे हैं।

कांग्रेस भी जल्द जारी कर सकती है उम्मीदवारों की सूची टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में भी लगातार मंथन का दौर जारी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस भी जल्द अपने उम्मीदवारों का एलान कर सकती है। दरअसल, भाजपा और कांग्रेस के बीच टिकटों की घोषणा को लेकर रणनीतिक तौर पर -पहले आप, पहले आप की होड़ लगी थी। एक-दूसरे के उम्मीदवारों की सूची देखकर अपने पत्ते खोलने की बात कही जा रही थी। अगर भाजपा अपने सीटों का एलान बृहस्पतिवार को कर देती है तो समझा जाता है कि कांग्रेस की सूची भी जल्द जारी हो सकती है। यह भी बताया गया है कि हरक सिंह की कांग्रेस में वापसी पर भी पार्टी जल्द फैसला लेगी।

आल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट 2022 (AILET 2022) ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू

नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली के द्वारा एलेट (AILET) 2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट 2022 के लिए एप्लीकेशन फॉर्म 17 जनवरी 2022 से 07 अप्रैल तक पंजीकरण सकते हैं। अभ्यर्थी ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट 2022 एप्लीकेशन फॉर्म, एनएलयू की आधिकारिक वेबसाइट nludelhi.ac.in पर जाकर आवेदन सकते हैं। लिखित परीक्षा 01 मई  2022 को ऑफलाइन मोड़ पर आयोजित की  जाएगी।

ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट एक राष्ट्रीय स्तर का टेस्ट होता है जिसके अंतर्गत बी.ए. एलएलबी (ऑनर्स), एलएलएम और पीएचडी प्रोग्राम में एडमिशन दिया जाता है। एआईएलईटी 2022 में जो छात्र निर्धारित रैंक प्राप्त कर लेंगे उनको विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जायेगा।

लॉ प्रेप दून के निर्देशक एस एन उपाध्याय ने बताया कि बीए एलएलबी के लिए प्रवेश परीक्षा 150 अंक की होती है। अभी तक गणित का 10 अंक और अंग्रेजी, जनरल नॉलेज, रिजनिंग व लीगल एप्टीट्यूड का 35-35 अंक का सेक्शन होता था। लेकिन अब पेपर में तीन ही सेक्शन होंगे। अंग्रेजी का सेक्शन 50 अंक का होगा। इसके अलावा 30 अंक का सामान्य ज्ञान वह 70 अंक का लॉजिकल रीजनिंग होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी।एलएलएम की परीक्षा भी 150 अंक की होगी। इसमें 50-50 अंक के सेक्शन इंग्लिश लैंग्वेज व लीगल रीजनिंग के होंगे। जबकि 50 अंक के कानून पर आधारित विस्तृत प्रश्न होंगे। इसमें 8 से 10 प्रश्न आएंगे जिनमें 2 प्रश्नों का उत्तर देना होगा पीएचडी के लिए 100 अंक की परीक्षा होती है परीक्षा के लिए देहरादून में भी केंद्र होगा।

एलेट (AILET) आवेदन पत्र 2022 भरते समय, उम्मीदवारों को व्यक्तिगत, शैक्षणिक और संचार विवरण प्रदान करना होगा। एलेट (AILET) आवेदन शुल्क सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 3,050 रुपये और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए 1,050 रुपये है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित बीपीएल उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क भुगतान से छूट दी गई है।आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।आवेदन शुल्क भुगतान के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरा माना जाएगा, बिना आवेदन फीस जमा किये गए आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किये जायेंगे।

75 साल में पहली बार 30 मिनट देरी से शुरू होगी गणतंत्र दिवस परेड, जानें क्यों देरी से होगी परेड

गणतंत्र दिवस परेड इस बार अपने निर्धारित समय से 30 मिनट की देरी से शुरू होगी। बीते 75 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब गणतंत्र दिवस की परेड 30 मिनट देरी से शुरू होगी। दरअसल कोरोना प्रोटोकॉल और श्रद्धांजलि सभा के चलते परेड का समय थोड़ा आगे बढ़ाया गया है।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि हर साल गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10 बजे शुरू होती थी, लेकिन इस साल परेड का समय 10.30 बजे किया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि COVID-19 के प्रोटोकॉल के कारण ऐसा किया गया है। गणतंत्र दिवस पर परेड शुरू होने से पहले जम्मू-कश्मीर में जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘परेड समारोह पिछले साल की तरह 90 मिनट लंबा होगा, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया गेट के पास राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का दौरा करेंगे। बाद में, दल मार्च पास्ट करेंगे। झांकीपरेड के दौरान सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक और आर्थिक प्रगति का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदर्शित किया जाएगा।’

स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। गणतंत्र दिवस परेड समारोह में अब तक का सबसे भव्य फ्लाईपास्ट दिल्ली में राजपथ पर देखा जाएगा। भारतीय वायु सेना स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए 75 विमानों से राजपथ पर फ्लाईपास्ट करेगी।

दिल्ली पुलिस ने राजपथ इलाके में कई स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। दिल्ली में 300 से ज्यादा ऐसे CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जो लोगों के चेहरों को पहचानने की क्षमता रखते हैं। डीसीपी दीपक यादव ने कहा कि सुरक्षाबलों के लिए आतंकी खतरे के साथ-साथ कोरोना संक्रमण भी एक बड़ी चुनौती है।

 

भाजपा से निष्कासित होने के बाद हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस बनाएगी सरकार, कांग्रेस के लिए अब पूरी तन-मन से काम करेंगे

भाजपा ने हरक सिंह रावत को छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। इसको लेकर हरक सिंह रावत का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इतना बड़ा फैसला लेने से पहले एक बार भी उनसे बात तक नहीं की। उन्होंने ये भी साफ किया कि अगर मैं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल न हुआ होता तो चार साल पहले ही पार्टी से इस्तीफा दे चुका होता।

हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस ही सरकार बनाएगी। रावत ने कहा कि वह कांग्रेस के लिए अब पूरी तन-मन से काम करेंगे। रावत के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की है। बीजेपी ने हरक को रविवार देर रात पार्टी से निष्कासित कर अंतिम समय में ही सही सरकार से बर्खास्त कर उनके बगावती तेवरों से हो रहे नुकसान की भरपाई करने का प्रयास किया है।

उन्होंने पार्टी के इस फैसले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ये फैसला लेने से पहले मुझसे बात तक नहीं की गई है। उन्होंने ये भी कहा कि मुझे मंत्री बनने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं है। मैं सिर्फ काम करना चाहता हूं।

भाजपा सरकार में हरक सिंह रावत पहले ही दिन से असहज नजर आ रहे थे।  लेकिन अंतिम साल में उन्होंने अपने बयानों और मेल मुलाकातों से भाजपा को ही असहज करके रखा हुआ था। अब चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरु होने से चंद घण्टे पहले उनकी कांग्रेस में वापसी की प्रबल संभावना को देखते हुए आखिरकार भाजपा को आखिरकार उनसे अपने रिश्ते फिर से परिभाषित करने पड़ गए हैं।

कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत पिछले पाँच सालों से बार बार भारतीय जनता पार्टी के अनुशासन की मखौल उड़ा रहे थे। यही कारण रहा कि अब कांग्रेस में जाने की चर्चाओं के बीच भाजपा को उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। दरअसल डॉ हरक सिंह रावत पिछले पांच सालों में कई बार पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर चुके थे। डॉ हरक सिंह रावत को लेकर भाजपा के ग्रास रुट कार्यकर्ताओं में पहले से ही नाराजगी थी। उनके साथ ही कॉंग्रेस से आये नेताओ को पार्टी में ज्यादा ही तवज्जो दिए जाने से पार्टी में अंदरखाने खासी नाराजगी थी।

आम कार्यकार्ता बाहर से आए नेताओं को कभी भी तवज्जो नहीं चाहते थे। इसके बावजूद डॉ हरक सिंह रावत और उनके सहयोगी पार्टी को पांच सालों तक चलाते रहे। भाजपा नेतृत्व ने हर सम्भव कोशिश की की हरक सिंह रावत को पार्टी से जोड़ा रखा जाए लेकिन अब पानी सर से ऊपर होने और उनके कांग्रेस में शामिल होने के निर्णय के बाद पार्टी को उनके खिलाफ कदम उठाना पड़ा।
बहू के लिए टिकट मांग दिखा रहे थे बागी तेवर
लैंसडोन से बहू अनुकृति गुसाईं के लिए टिकट की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत लगातार बागी तेवर अपनाए हुए थे। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में पहुंचने की बजाय दिल्ली के चक्कर काट रहे थे। पार्टी पर लगातार दबाव बनाए हुए थे। हरक सिंह रावत हमेशा दबाव की राजनीति के लिए जाने जाते रहे हैं।वह भाजपा पर लगातार हर बार किसी न किसी चीज के लिए दबाव बनाए हुए थे। पहले उन्होंने कोटद्वार मेडिकल कालेज के नाम पर कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा देने की धमकी देकी र भाजपा को असहज किया।

भाजपा का कड़ा संदेश
भाजपा के इस फैसले के अनुशासन के लिहाज से कड़ा संदेश माना जा रहा है। पिछले काफी समय से हरक बगावती तेवर अपनाए हुए थे। पिछले दिनों कैबिनेट बैठक में इस्तीफे की धमकी दे चुके रावत लगातार कांग्रेस नेताओं के संपर्क में भी थे। हरक के आगे हर बार घुटने टेकने से खुद भाजपा के भीतर पसंद नहीं किया जा रहा था। हरक को बर्खास्त कर भाजपा ने साफ कर दिया है कि अब वो किसी दबाव में आने वाली नहीं है।

उत्तराखंडः भारतीय जनता पार्टी ने कबीना मंत्री डॉ हरक सिंह रावत को पार्टी से निकाला, मंत्रिमंडल से भी किया बर्खास्त

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कबीना मंत्री डॉ हरक सिंह रावत पर बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरक सिंह रावत को उत्तराखंड मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की सिफारिश राज्यपाल को भेजी है। इसके अलावा बीजेपी ने भी उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्काषित कर दिया।

भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के हवाले से बताया है कि अनुशासनहीनता के कारण डॉ हरक सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हरक सिंह रावत ने पार्टी से दो टिकट मांगे थे, पार्टी ने टिकट देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद पार्टी विरोधी बयानों को लेकर हरक सिंह रावत चर्चा में आ गए थे। हरक सिंह लैंसडाउन से अपनी पुत्र वधू अनुकृति गुसाईं के लिए टिकट की पैरवी कर रहे थे।लैंसडाउन से विधायक दिलीप रावत इसके विरोध में थे, जिस पर पार्टी ने भी हरक सिंह की मांग को मानने से इनकार दिया था।

हरक सिंह रावत के रविवार की शाम दिल्ली जाने और कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा थी। उनके साथ अन्य विधायक की भी दिल्ली में होना बताया जा रहा है, जो कांग्रेस से भाजपा में आए थे।

हरक सिंह रावत कई मौकों पर बगावती तेवर दिखा चुके हैं। वे 2016 में कांग्रेस को छोड़कर ही भाजपा में आये थे। पार्टी में शामिल होने के बाद भी कई बार उनकी नेतृत्व से तकरार देखने को मिली थी।

उत्‍तराखंड में लगातार बढ़ता जा रहा कोरोना संक्रमण,  पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3848 नए मरीज, 22 जनवरी तक बढ़ी चुनाव रैलियों पर रोक

कोरोना संक्रमण उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 3848 व्यक्ति संक्रमित पाए गए और 2 संक्रमितों की मौत हुई। संक्रमण दर कोरोना की तीसरी लहर में पहली बार 12 प्रतिशत के पार हो गई।

राज्य सरकार के हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 30 हजार 983 व्यक्तियों की जांच की गई। जांच में 3848 व्यक्तियों के संक्रमित पाए जाने के साथ संक्रमण दर 12.42 प्रतिशत पर पहुंच गई है। एक दिन पहले शुक्रवार को 3200 नए मामलों के साथ संक्रमण दर 11.48 फीसद थी। कोरोना के सर्वाधिक 1362 नए मामले देहरादून में पाए गए और यहां की संक्रमण दर प्रदेश से कहीं अधिक 19.25 प्रतिशत दर्ज की गई।

देहरादून के बाद नैनीताल में 719 व हरिद्वार में 641 व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। वहीं, ऊधमसिंह नगर में 412 व्यक्ति संक्रमित पाए गए। अन्य जिलों में भी जांच के अनुरूप संक्रमण का आंकड़ा बढ़ रहा है। बढ़ते संक्रमण के चलते प्रदेश का रिकवरी रेट 91.90 प्रतिशत पर आ गया है। शनिवार को स्वस्थ होने वालों के आंकड़ा 1184 रहा। नए मामलों की अपेक्षा एक तिहाई व्यक्ति ही कोरोना से जंग जीतकर स्वस्थ हो रहे हैं। वहीं, एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 14 हजार 892 हो गई है।

जिला, नए संक्रमित

  • देहरादून, 1362
  • नैनीताल, 719
  • हरिद्वार, 641
  • ऊधमसिंह नगर, 412
  • पौड़ी, 168
  • अल्मोड़ा, 128
  • टिहरी, 109
  • बागेश्वर, 75
  • चंपावत, 67
  • चमोली, 63
  • पिथौरागढ़, 50
  • उत्तरकाशी, 28

रुद्रप्रयाग, 26

उत्तराखंड में चुनाव रैलियों पर रोक 22 तक बढ़ी, इनडोर प्रचार में राहत 
लगातार बढ़ते कोविड संक्रमण के बीच चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों और नेताओं की रैलियों पर रोक की अवधि 22 जनवरी तक बढ़ा दी है। हालांकि दलों को 300 लोगों की उपस्थिति या उस हॉल की 50 प्रतिशत क्षमता के साथ इनडोर बैठक करने की राहत प्रदान की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन उत्तराखंड में किया जाएगा। आयोग ने तय किया है कि 22 जनवरी तक कोई रोड शो, रैली या पद यात्रा या वाहन रैली नहीं हो सकेगी।

किसी भी तरह की फिजिकल रैली का आयोजन भी 22 जनवरी तक नहीं किया जा सकेगा। हालांकि, राजनीतिक दल अगर चाहें तो कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अधिकतम 300 या हॉल की क्षमता के 50 प्रतिशत तक की संख्या के साथ इनडोर बैठक कर सकते हैं। इसमें राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की गाइडलाइंस और कोविड गाइडलाइंस का पालन अनिवार्य होगा। सभी राजनीतिक दलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कहीं भी कोविड प्रोटोकॉल या आचार संहिता से जुड़े किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। इनमें से किसी का भी उल्लंघन किया तो संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उत्तराखंड में कोरोना के 3200 नए केस, 3 मौतें, कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 12,349 हो गई

उत्तराखंड में शुक्रवार को भी कोरोना विस्फोट जैसी स्थिति रही।  राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3200 नए मामले सामने आए। राज्य में इस दौरान 676 मरीज संक्रमण से ठीक हुए हैं। राज्य में तीन लोगों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है। राज्य में सबसे ज्यादा मामले देहरादून में सामने आए हैं। राज्य के पहाड़ी जिलों में कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है और शुक्रवार को 165 मामले अकेले अल्मोड़ा जिले में दर्ज किए हैं।

राज्य में कोरोना के नए मामले आने के बाद सक्रिय कोरोना रोगियों की संख्या बढ़कर 12,349 हो गई है। वहीं संक्रमण दर 11.48 फीसदी पहुंच गया है जबकि रिवकरी दर 92.55 फीसदी दर्ज की गई है। राज्य में शुक्रवार को अल्मोड़ा में 165, बागेश्वर जिले में 38, चमोली में 40, चंपावत में 46, देहरादून में 1030, हरिद्वार में 543, नैनीताल में 494, पौड़ी गढ़वाल में 131, पिथौरागढ़ में 58, रुद्रप्रयाग में 52, टिहरी में 112, ऊधमनगर कोरोना में 429 और उत्तरकाशी में 62 कोरोना के रोगियों की पहचान हुई है। जबकि राज्य में इस दौरान 27,740 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। राज्य में राजधानी कोरोना का बड़ा केन्द्र बना हुआ है।

देहरादून में सक्रिय मरीजों की संख्या पांच हजार पार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कोरोना के मामले पांच हजार को पार हो गए हैं। जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 5199 पहुंच गई है. वहीं शुक्रवार को ही जिले भर में 1030 नए मामले सामने आए थे।

21 से 40 साल के हो रहे हैं संक्रमित

कोरोना से संक्रमित होने वालों में 21 से 40 साल के युवा शामिल हैं। जिले के डिप्टी एमएस डॉ एनएस खत्री ने मीडिया को बताया कि दून अस्पताल में कोरोना के 36 मरीज भर्ती हैं और इसमें से 20 साल से कम उम्र के सात मरीज, 21 से 40 के 15 और 41 से 60 साल के छह और और 60 से ऊपर के आठ मरीज भर्ती हैं।

पर्वतीय जिलों में बढ़े रहे हैं कोरोना के मामले

राज्य में कोरोना के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है और अब पहाड़ी जिलों में भी कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं. राज्य के अल्मोड़ा जिले में सबसे ज्यादा 165 मामले दर्ज किए गए हैं और शुक्रवार को संक्रमित तीन मौतों में से सिर्फ दो मौतें पौड़ी जिले में हुई हैं।

शुक्रवार को 33596 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए वैक्सीनेशन पर फोकस किया जा रहा है। सैकेंड डोज वालों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में डोज लगाई जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना दिवस पर देश के जवानों को दी बधाई, जानिए आज क्यों मनाया जाता है सेना दिवस

भारतीय सेना आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के जांबाज वीर सैनिकों को बधाई दी। सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे भी आज राजधानी दिल्ली में कैंट स्थित करियप्पा ग्राउंड में परेड की सलामी लेंगे।

क्यों 15 जनवरी को मनाया जाता है सेना दिवस                                                                                    15 जनवरी को भारत सेना दिवस मना रहा है। हर साल होने वाले इस आयोजन में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले वीरों को याद किया जाता है। 15 जनवरी, 1949 को फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने जनरल फ्रांसिस बुचर से भारतीय सेना की कमान ली थी। फ्रांसिस बुचर भारत के अंतिम ब्रिटिश कमांडर इन चीफ थे। फील्ड मार्शल केएम करियप्पा भारतीय आर्मी के पहले कमांडर इन चीफ बने थे। करियप्पा के भारतीय थल सेना के शीर्ष कमांडर का पदभार ग्रहण करने के उपलक्ष्य में हर साल यह दिन ‘आर्मी डे’ के रूप में मनाया जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘भारतीय सेना के जवान दुर्गम इलाकों में सेवाएं देते हैं और राष्ट्रीय आपदा समेत उन्होंने कहा, ‘‘खासकर साहसी जवानों, सम्मानीय सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों को सेना दिवस की शुभकामनाएं। भारतीय सेना को उसकी बहादुरी और पेशेवर रवैये के लिए जाना जाता है। राष्ट्रीय सुरक्षा में उसके अतुलनीय योगदान को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।’’

प्राकृतिक आपदाओं में भी भारतीय जवान नहीं रहते पीछे

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना के जवान प्रतिकूल इलाकों में सेवा करते हैं और प्राकृतिक आपदाओं सहित मानवीय संकट के दौरान साथी नागरिकों की मदद करने में सबसे आगे हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि विदेशों में भी शांति अभियानों में सेना के शानदार योगदान पर भारत को गर्व है।

तीनों सेना प्रमुखों ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की

सेना दिवस के अवसर पर सशस्त्र बलों के प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे (सेना), एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी (वायु सेना) और एडमिरल आर हरि कुमार (नौसेना) ने भी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

अमित शाह ने भी सेना दिवस की दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर ट्वीट करते हुए कहा कि ‘भारतीय सेना के बहादुर जवानों, पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को थल सेना दिवस की शुभकामनाएं। मातृभूमि की रक्षा में सदैव तत्पर वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य व सर्वोच्च बलिदान को नमन करता हूं। देश के प्रति आपकी निःस्वार्थ सेवा,समर्पण व प्रतिबद्धता हर भारतीय हेतु प्रेरणास्रोत है’।

परेड में दिखेगी सेना की नई कॉम्बेट यूनिफार्म

करियप्पा ग्राउंड में होने वाली परेड में पहली बार भारतीय सैनिकों की नई कॉम्बेट यूनिफार्म की झलक देखने को मिलेगी। डिजिटल पैटर्न पर NFIT द्वारा तैयार की गई इस यूनिफार्म को ही सैनिक युद्ध के मैदान और ऑपरेशनल एरिया में पहना करेंगे।