संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा देशभर में यात्रा निकाल रही है। उत्तराखंड में भी इस यात्रा के स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी की गई है।
संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही अखिल भारतीय समरसता यात्रा आज मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचेगी। यात्रा का कुल्हाल गेट विकासनगर में स्वागत होगा। इसके बाद यात्रा देहरादून, ऋषिकेश एवं हरिद्वार होते हुए रुड़की के धनौरी पहुंचेगी। जहां विशाल जनसभा आयोजित होगी।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून, माजरी ग्रांट, हर्रावाला, नेपाली फार्म, ऋषिकेश एवं हरिद्वार होते हुए धनौरी पहुंचेगी।
