उत्तराखंड: पीआरडी जवानों की मांगों पर सरकार गंभीर, 365 दिन रोजगार और महंगाई भत्ते पर होगा परीक्षण

मंत्री रेखा आर्या ने वित्त विभाग के अधिकारियों और पीआरडी जवानों के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मंत्री ने वार्ता को सकारात्मक बताते हुए कहा कि जवानों की भावनाओं का सम्मान कर उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास होंगे।

पीआरडी जवानों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार ने पहल तेज कर दी है। होमगार्ड की तर्ज पर महंगाई भत्ता, अन्य सुविधाएं और सालभर रोजगार देने की मांगों का शासन स्तर पर तकनीकी और विधिक परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने वित्त विभाग के अधिकारियों और पीआरडी जवानों के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मंत्री ने वार्ता को सकारात्मक बताते हुए कहा कि जवानों की भावनाओं का सम्मान कर उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास होंगे। कहा, पीआरडी जवान प्रदेश की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने से लेकर आपदा जैसी विषम परिस्थितियों और चारधाम यात्रा के सफल संचालन तक उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में उनके हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। विभाग चाहता है कि जवानों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकले।
मंत्री ने कहा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पहले भी पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इनमें मानदेय में वृद्धि, गर्भवती महिला जवानों को सुविधाएं, सेवानिवृत्ति की आयु निर्धारित करना, जवानों के बच्चों की पढ़ाई और मृतक आश्रितों से जुड़े फैसले शामिल हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जवानों की वर्तमान मांगों का तकनीकी और विधिक परीक्षण कराया जाए, ताकि वित्तीय एवं प्रशासनिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए ठोस प्रस्ताव तैयार किया जा सके। वित्त विभाग और जवानों के संगठनों के साथ हुई चर्चा के बाद अब मुख्यमंत्री के स्तर पर बैठक के लिए समय मांगा जाएगा। बैठक में वित्त सचिव दिलीप जावलकर, विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित सिन्हा, निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय कुमार अग्रवाल, संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

पीआरडी जवानों को होमगार्ड की तर्ज पर डीए मिलने की परंपरा रही है, लेकिन पीआरडी के अलग-अलग संगठन हैं, इसमें से कुछ हाईकोर्ट तो कुछ सुप्रीम कोर्ट गए हैं। इनके मामले का परीक्षण कर प्रस्ताव मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में रखा जाएगा।
-रेखा आर्या, मंत्री युवा कल्याण एवं प्रातीय रक्षक दल

उत्तराखंड: दो हजार रुपये तक बढ़ सकता है आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय, यूपी में बढ़ाने से अब सरकार पर दबाव

उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जबकि उत्तराखंड में उन्हें फिलहाल 9300 रुपये मानदेय और 500 रुपये प्रोत्साहन भत्ता मिल रहा है। दोनों राज्यों के बीच मानदेय के इस अंतर के बाद उत्तराखंड में भी बढ़ोतरी का दबाव बढ़ गया है।

प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1500 से 2000 रुपये तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय शासन स्तर से होना है। प्रदेश में 35 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं इससे जुड़ी हैं। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर कार्यकर्ता पिछले 15 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं।

दरअसल उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जबकि उत्तराखंड में उन्हें फिलहाल 9300 रुपये मानदेय और 500 रुपये प्रोत्साहन भत्ता मिल रहा है। दोनों राज्यों के बीच मानदेय के इस अंतर के बाद उत्तराखंड में भी बढ़ोतरी का दबाव बढ़ गया है।
प्रदेश में मानदेय वृद्धि से पहले महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से कई राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन किया गया है। इसमें सामने आया कि हिमाचल प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सबसे अधिक 16 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।
वहां हर साल मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी भी की जाती है। वहीं, उत्तराखंड में आंगनबाड़ी सहायिकाओं को 5250 रुपये मानदेय और 250 रुपये प्रोत्साहन भत्ता मिलता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने और सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त 10 लाख रुपये देने की मांग कर रही हैं।

शासन को भेजा है प्रस्ताव
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बीएल राणा ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर विभिन्न राज्यों का अध्ययन करने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर निर्णय शासन स्तर से होना है।

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को 24 हजार रुपये मानदेय और सेवानिवृत्ति पर कम से कम एकमुश्त 10 लाख रुपये दिए जाने चाहिए। मांगों पर अमल होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उत्तराखंड: युवा हो जाएं तैयार, इस महीने निकलेंगी समूह-ग की 2200 से ज्यादा भर्तियां, कैलेंडर जारी

आयोग स्नातक स्तरीय अर्हता के पदों की भर्ती का विज्ञापन भी 30 नवंबर को जारी करेगा। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि कुल मिलाकर करीब 2200 समूह-ग पदों पर भर्तियां इसी महीने शुरू कर दी जाएंगी।

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग इसी महीने पुलिस कांस्टेबल, दरोगा समेत समूह-ग की 2200 से अधिक पदों पर भर्तियां निकालने जा रहा है। इसका कैलेंडर जारी करते हुए आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने जनवरी के प्रथम सप्ताह में वर्दीधारी भर्तियों की शारीरिक दक्षता शुरू कराने की बात कही है।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि वर्दीधारी पदों पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड्स, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक, सचिवालय रक्षक के करीब 1694 पदों पर भर्ती का विज्ञापन मंगलवार को जारी कर दिया गया। इसी प्रकार, वर्दीधारी पुलिस दरोगा, प्लाटून कमांडर पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, उप निरीक्षक, अभिसूचना, उप आबकारी निरीक्षक, वन दरोगा के करीब 250 पदों पर भर्ती का विज्ञापन 25 नवंबर को जारी किया जाएगा। वहीं, मानचित्रकार, प्रारूपकार के करीब 200 पदों के लिए भर्ती का विज्ञापन 30 नवंबर को जारी किया जाएगा।आयोग स्नातक स्तरीय अर्हता के पदों की भर्ती का विज्ञापन भी 30 नवंबर को जारी करेगा। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि कुल मिलाकर करीब 2200 समूह-ग पदों पर भर्तियां इसी महीने शुरू कर दी जाएंगी। वर्दीधारी पदों की शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू कराने की योजना है।

वन निगम स्केलर भर्ती : 23 से शारीरिक दक्षता परीक्षा
वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती के लिए आयोग 23 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा कराने जा रहा है। इसके तहत पुरुषों के लिए 25 किमी, महिला अभ्यर्थियों के लिए 14 किमी दौड़, शॉट पुट, ऊंची कूद, लंबी कूद में शामिल होना होगा। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वह पूर्व पर्याप्त अभ्यास कर लें। इसके एडमिट कार्ड मंगलवार को वेबसाइट पर जारी कर दिए गए। यह परीक्षा दो दिन चलेगी। पहले दिन अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे परीक्षण केंद्र पर पहुंचना होगा। उनकी बायोमीट्रिक हाजिरी के बाद माप जोख व दौड़ होगी। अभ्यर्थी ये सुनिश्चित कर लें कि एडमिट कार्ड पर बार कोड जरूर हो। कोई दिक्कत हो तो 9520991174, 9520991172 पर कॉल कर सकते हैं।

स्नातक स्तरीय भर्ती : टंकण परीक्षा 22 को
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती के तहत वैयक्तिक सहायक, सहायक समीक्षा अधिकारी पदों की टंकण परीक्षा 22 नवंबर को होगी। इसके एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं। वहीं, हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक, स्टेनोग्राफर के पदों पर भर्ती की परीक्षा 20 दिसंबर को होगी। उधर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता-कला की परीक्षा छह दिसंबर को कराएगा। इसके एडमिट कार्ड 19 नवंबर को जारी हो जाएंगे।

रुड़की: फर्जी मार्कशीट बनाने के आरोप में प्रधानाचार्य गिरफ्तार, अंकतालिकाओं पर फ्लूड लगाकर बदले नाम

पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने संदीप कुमार निवासी गांव पलूनी पोस्ट हालूमाजरा भगवानपुर और सपना देवी निवासी हलीमपुर तुर्रा पोस्ट हालूमाजरा भगवानपुर के खिलाफ मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन प्राप्त करने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

फर्जी मार्कशीट और स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में रुड़की पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी, पिरान कलियर के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कॉलेज के रिकॉर्ड से छेड़खानी की और दूसरे छात्रों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलकर फर्जी अंकतालिकाएं तैयार कीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया। वहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने संदीप कुमार निवासी गांव पलूनी पोस्ट हालूमाजरा भगवानपुर और सपना देवी निवासी हलीमपुर तुर्रा पोस्ट हालूमाजरा भगवानपुर के खिलाफ मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन प्राप्त करने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों ने अपने चाचा को पिता दर्शाने की कोशिश की थी जिसमें उनकी मदद प्रधानाचार्य ने की थी।

इस पर कोतवाली रुड़की में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी गई थी। जांच में सामने आया कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज से दसवीं की परीक्षा दी थी, जिसमें दोनों फेल हो गए थे। इसके बाद संदीप ने वर्ष 2015 में दूसरे विद्यालय से दसवीं की परीक्षा पास की, जबकि सपना फिर फेल रही।
जांच में उनकी कक्षा नौ की मार्कशीट को लेकर भी गड़बड़ी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व प्रधानाचार्य की मृत्यु के बाद से वह कॉलेज का संचालन कर रहा है। आरोप है कि उसने कॉलेज के रिकॉर्ड में छेड़खानी कर संदीप और सपना के साथ मिलकर फर्जी टीसी और मार्कशीट तैयार की। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपी रविंद्र कुमार निवासी माजरी, पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

छठ महापर्व: उगते सूर्य को अर्घ्य, व्रतियों ने पूरा किया 36 घंटे का निर्जला व्रत, दून-हरिद्वार में दिखी आस्था

लोक आस्था के महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान सोमवार सुबह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। सूर्य उपासना के इस पर्व पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे से चल रहा निर्जला व्रत भी पूरा हो गया।

भोर होते ही छठी मैया के गीतों से घाट गूंज उठे। हाथों में पूजन सामग्री और डलिया लिए व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। देहरादून हरिद्वार में छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत विभिन्न घाटों पर व्रती सुबह होने से पहले ही पहुंच गए। यहां श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर पूजा-अर्चना की और उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।

करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही अपना कठिन अनुष्ठान पूरा किया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पूजा की और परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और समृद्धि की कामना की। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।

छठ पर्व को देखते हुए देहरादून और हरिद्वार में नदियों सहित विभिन्न जलाशयों और घाटों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। घाटों पर स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए। पूजा संपन्न होने के बाद घाटों पर श्रद्धालुओं को छठ का प्रसाद वितरित किया गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ हुआ।

रुड़की: फिल्म निर्देशक हाजी शकील को 40 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी, लॉरेंस विश्नोई का नाम आया सामने

धार्मिक यात्रा पर उत्तराखंड आए बॉलीवुड निर्देशक को फोन पर धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करते हुए बड़ी रकम की मांग की है।

कलियर में जियारत करने आए मुंबई के राजनेता एवं बॉलीवुड निर्देशक हाजी शकील सैफी को फोन पर 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। इस संबंध में हाजी शकील ने कलियर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।

हाजी शकील के मुताबिक, उन्हें मोबाइल फोन पर अनिल पंडित नाम के व्यक्ति की ओर से धमकी दी गई। फोन करने वाले ने 40 करोड़ रुपये की फिरौती नहीं देने पर उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उन्हें इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। घटना के बाद हाजी शकील ने कलियर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि फिरौती लॉरेंस विश्नोई के नाम से भी मांगी जा रही है। देहात अभय सिंह ने बताया कि हाजी शकील कलियर में जियारत के लिए आए थे। उन्हें पहले भी धमकी भरे फोन आ चुके हैं। इस संबंध में संबंधित पक्ष की ओर से दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि हाजी शकील कलियर में आए थे, उन्हें पहले भी धमकी के फोन आए हैं और इस संबंध में दिल्ली में पहले से ही एक प्राथमिकी दर्ज है।

उत्तराखंड: फिल्म पुरस्कारों पर सीएम धामी की मुहर, नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित फिल्मों और कलाकारों को फिल्म पुरस्कार देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इन पुरस्कारों के जरिए उत्तराखंड के सिनेमा में योगदान देने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाएगा।

वर्ष 2024 के लिए प्रसिद्ध लोकगायक और गढ़वाली संस्कृति को पहचान दिलाने वाले नरेंद्र सिंह नेगी को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं, वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडे को यह सम्मान दिया जाएगा। दोनों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

वर्ष 2024 में उत्तराखंड की बोली की फिल्मों की श्रेणी में गढ़वाली फिल्म ‘घपरोल’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है। इसके निर्माता अजय ढौंडियाल हैं। इसी फिल्म के लिए सिद्धार्थ शर्मा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और पटकथा लेखक तथा विनय चानना को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर के पुरस्कार के लिए चुना गया है। ‘कारा एक प्रथा’ के लिए रमेश रावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, शिवानी भंडारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और अजय सिंह बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिलेगा। वहीं, जौनसारी फिल्म ‘मेरे गांव की बाट’ के लिए मधुबाला को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री, अजब सिंह को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।

वर्ष 2025 की हिंदी फिल्म श्रेणी में ‘मनु क्या करेगा’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके निर्माता शरद मेहरा हैं। वहीं, ‘केसरी चैप्टर-2’ को कई प्रमुख श्रेणियों में पुरस्कार के लिए चुना गया है। फिल्म के निर्देशक करण सिंह त्यागी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और पटकथा लेखक, अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अनन्या पांडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, आर. माधवन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और जुबिन नौटियाल को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। पटकथा लेखन में करण सिंह त्यागी के साथ अमृत पाल भी शामिल हैं।

वर्ष 2025 की उत्तराखंडी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म ‘रैबार’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। इसके लिए भगत सिंह सैनी को निर्माता और पटकथा लेखक, सुशील उनियाल को निर्देशक, राजेश नौगाई को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर की श्रेणी में चुना गया है। वहीं, गढ़वाली फिल्म ‘द्वि होला जब साथ’ के लिए मनीष डिमरी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, कल्याणी गंगोला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और विकास भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।

राज्य सरकार का कहना है कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश की लोकसंस्कृति, भाषा, परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर भी जोर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, उत्तराखंड की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। क्षेत्रीय फिल्मों और कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।

गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: गंगनानी के पास नदी में समाई गुजरात के यात्रियों की कार, पांच लोगों की मौत

उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली। कार गहरी खाई में गिरकर नदी में समा गई। पांच शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

गंगोत्री धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले सात लोगों का सफर गंगनानी के पास दर्दनाक हादसे में बदल गया। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास आज बृहस्पतिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की घटनास्थल पर मौत होने की सूचना है। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे।

जानकारी के अनुसार, वाहन बृहस्पतिवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। यात्री गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया।

हादसे के बाद घटनास्थल और नदी किनारे खौफनाक मंजर देखने को मिला। इससे पहले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे पांच लोगों के शव बरामद हुए। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। लापता अन्य दो लोगों की तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। राहत एवं बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया।  हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चला रही हैं।

उत्तराखंड: चुनाव के लिए इस महीने शुरू होगा ईवीएम प्रचार का बड़ा अभियान, 16 नवंबर से पहुंचेगी आयोग की टीमें

मतदान से पहले ईवीएम की कार्यप्रणाली से मतदाताओं को परिचित कराने की तैयारी है। इसके लिए जिला मुख्यालयों से लेकर दूरस्थ इलाकों तक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। मोबाइल वैन के जरिए हर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं तक पहुंचने की योजना है।

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सभी पहलुओं पर चुनाव आयोग ने काम शुरू कर दिया है। इसके तहत इस महीने 16 नवंबर से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने ईवीएम के प्रचार-प्रसार को लेकर अभियान तय किया है। इसी हिसाब से सभी जिलों को दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।

आयोग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 13 जिलों में 12,543 पोलिंग स्टेशनों के लिए 27,700 बैलेट यूनिट, 36,553 कंट्रोल यूनिट और 25,697 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 16 नवंबर से सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों में ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर(ईडीसी) शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा, 16 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के दूर-दराज गांवों और कस्बों में मोबाइल डिमॉन्स्ट्रेशन वैन (एमडीवी) के जरिए शत-प्रतिशत प्रचार किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से ये कार्यक्रम सभी जिलों को दिया गया है।

जनशक्ति, मशीनरी और गाड़ियों का बेड़ा पूरी तरह तैयार

आयोग के अनुमान के मुताबिक, चुनाव कराने के लिए कुल 1,08,400 कार्मिकों की आवश्यकता होगी। इसके मुकाबले राज्य व केंद्र सरकार और पीएसयू मिलाकर 1.90 लाख से अधिक कर्मचारी उपलब्ध हैं। मतदान दलों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) के आवागमन के लिए 3,319 बसों, 310 ट्रकों और 9,669 हल्के वाहनों की जरूरत के सापेक्ष पर्याप्त वाहनों की सूची तैयार कर ली गई है।

इस महीने आ सकती है आयोग की टीम

पिछले माह एक टीम के दौरे के बाद इस माह भी चुनाव आयोग की एक टीम उत्तराखंड का दौरा करेगी। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि अभी इसकी तिथि तय नहीं हुई है। यह टीम जहां तैयारियों की समीक्षा करेगी तो वहीं बूथों तक जाकर व्यवस्थाएं भी परखेगी।

उत्तरकाशी: केदारताल रेस्क्यू ऑपरेशन, संकरी घाटी होने से बढ़ी चुनौती, मौसम साफ होने पर बचाव अभियान फिर शुरू

केदारताल क्षेत्र में लापता पर्वतारोहियों की तलाश का अभियान दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच चलाया जा रहा है। संकरी घाटी और अधिक ऊंचाई के कारण बचाव दल के सामने चुनौतियां बढ़ गई हैं। हवाई और पैदल दोनों रास्तों से तलाश की रणनीति बनाई गई है।

केदारताल क्षेत्र में पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है, वह संकरी घाटी क्षेत्र है। जिला प्रशासन के अनुसार इससे कुछ चुनौती बनी हुई है। 10 सदस्यीय टीम को संबंधित जगह पर हेलिकाप्टर से उतारा दिया गया है। टीम सुबह से तलाश करने का अभियान चलाएगी। गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी नीचे की तरफ से खोह, गुफा में तलाश करेगी।

जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य बताते हैं कि पिछले महीने उत्तरकाशी जिले में कालिंदी पास (कालिंदी खाल) ट्रेक के पास पर्वतारोही फंसे थे, उनके लिए रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया था, वहां पर स्थिति तुलनात्मक तौर पर अलग थी, वह जगह खुली और चौड़ी जगह थी और हेलिकाप्टर उतर सकता था।लोगों को हेलिकाप्टर से तुलनात्मक तौर देखना सरल था, वह भी सरतला से बचाव टीम को देख सकते थे। पर यहां पर संकरी घाटी है, ऐसे में चुनौती है। बहरहाल, एसडीआरएफ और निम की 10 सदस्यीय टीम को उतारा गया है, वह आज फिर खोजबीन कर रही है।

इसके अलावा गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी पहुंची हुई है, वह नीचे से आगे बढ़ेगी और खोह आदि जगहों पर जहां पर व्यक्ति सुरक्षा की दृष्टि से आश्रय ले सकता है, वहां पर तलाश करेगी। आज मौसम साफ होने पर  रेस्क्यू आपरेशन में  शुरू किया है। अन्य टीमों की भी जरूरत होने पर मदद ली जाएगी।