Uttarakhand: हरिद्वार में दिखेगी नए कानूनों की सरलता, धामी सरकार की सफलता की झलक, गृह मंत्री शाह करेंगे मुआयना

हरिद्वार में नए कानूनों की सरलता दिखेगी। साथ ही धामी सरकार की सफलता की झलक। कल गृह मंत्री अमित शाह  पहुंचेंगे और मुआयना करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सात मार्च को होने वाले हरिद्वार दौरे के दौरान देश के तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें युवाओं को इन कानूनों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर सरकार की प्रमुख उपलब्धियों की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।

गृह मंत्री शाह के हरिद्वार दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा डेढ़ लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा कर रहा है तो वहीं सरकारी विभाग के अधिकारी केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की झलक दिखाने की तैयारी में हैं। सात से नौ मार्च तक न्याय संहिता विषय पर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी बैरागी कैंप में हो रही है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) प्रमुख तौर पर दिखेंगी।

राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर

प्रदर्शनी में नए कानूनों की प्रमुख विशेषताओं को सरल और प्रभावी माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें समयबद्ध जांच एवं आरोप-पत्र की अनिवार्यता, शून्य प्राथमिकी तथा इलेक्ट्रॉनिक प्राथमिकी की व्यवस्था, सात वर्ष से अधिक दंडनीय अपराधों में अनिवार्य विधि-विज्ञान जांच, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों की वैधता, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए सशक्त प्रावधान, संगठित अपराध, साइबर अपराध एवं आतंकवाद से संबंधित स्पष्ट दंड प्रावधान, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा संपत्ति की शीघ्र वापसी की व्यवस्था को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर उपलिब्धयों की झलक भी नजर आएगी। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की सफल योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में राज्य सरकार की ओर से बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क एवं संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए गए कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

Uttarakhand: प्रदेश में छत पर सोलर लगाने वालों को झटका, सरप्लस बिजली अब दो रुपये, यह बदलाव किया गया

प्रदेश में छत पर सोलर लगाने वालों को झटका लगा है। सरप्लस बिजली अब दो रुपये ली जाएगी। यूपीसीएल ने नियामक आयोग के आदेश के क्रम में नई दरें लागू की गई है। खपत से ऊपर की ग्रिड में जाने वाली बिजली के दाम अगस्त 2025 से लागू किए गए हैं।

छतों पर सोलर रूफटॉप लगाने वाले उपभोक्ताओं की सरप्लस बिजली अब यूपीसीएल दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदेगा। अभी तक इसके लिए कोई नियम नहीं था लेकिन नियामक आयोग के आदेश के क्रम में यूपीसीएल ने यह दरें लागू की हैं।

यूपीसीएल ने नेट मीटरिंग के तहत ग्रिड को दी जाने वाली अतिरिक्त बिजली की दरों में यह बदलाव किया है। यूपीसीएल के मुख्य अभियंता (वाणिज्यिक) एनएस बिष्ट की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यह नई दो रुपये प्रति यूनिट की दर उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के 20 अगस्त 2025 के आदेश के क्रम में लागू की गई है। आयोग ने वित्त वर्ष 2025-26 और उसके बाद स्थापित होने वाले सोलर पीवी प्लांट्स के लिए बेंचमार्क कैपिटल कॉस्ट की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया था।

नई दर 20 अगस्त 2025 से प्रभावी मानी जाएंगी। उपभोक्ता को मिलने वाली सब्सिडी की राशि चाहे जो भी हो, सरप्लस बिजली की खरीद दर दो रुपये प्रति यूनिट ही रहेगी। यह नियम उन सभी सोलर प्लांट्स पर लागू होगा, जो नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत ग्रिड से जुड़े हैं। सीधे तौर पर ऐसे समझें कि अगर आपके घर की बिजली खपत 200 यूनिट प्रतिमाह है और सोलर रूफटॉप से उत्पादन 300 यूनिट का हुआ है तो 100 यूनिट बिजली यूपीसीएल के ग्रिड में जाएगी।
सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित

इसके दाम अब यूपीसीएल दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से देगा। यूपीसीएल मुख्यालय ने प्रदेश के सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने संबंधित क्षेत्रों में बिजली पैदा करने वाले उपभोक्ता की सरप्लस बिजली की बिलिंग इसी नई दर के आधार पर सुनिश्चित करें।

उत्तराखंड में लगे हैं 70,183 सोलर रूफटॉप

प्रदेश में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 70,183 सोलर रूफटॉप लगे हैं। अब तक 1,08,896 आवेदन आए हैं, जिनमें से 1,08,779 उपभोक्ताओं की टेक्निकल फिजिबिलिटी रिपोर्ट एप्रूव हो चुकी है। 117 टीएफआर को लोड सुधार के लिए उपभोक्ताओं को लौटाया गया है। 253.88 मेगावाट क्षमता के 70,183 प्लांट लग चुके हैं। 66,801 का इंस्पेक्शन एप्रूव हो चुका है।

Chardham Yatra: हेली कंपनियों पर बीकेटीसी का तीन करोड़ बकाया, श्रद्धालुओं को कराए जाते हैं विशेष दर्शन

हेलिकॉप्टर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर समिति की ओर से विशेष दर्शन कराए जाते हैं। इसकी एवज में मंदिर समिति एविएशन कंपनियों ने शुल्क लेती है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं को दर्शन कराए लेकिन एविएशन कंपनियों ने शुल्क का भुगतान नहीं किया।

चारधाम यात्रा में हेली व चार्टर्ड हेलिकॉप्टर संचालित करने वाली एविएशन कंपनियों पर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) का तीन करोड़ का बकाया है। चार्टर्ड व हेली सेवा से बदरीनाथ व केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बीकेटीसी की ओर से दर्शन कराए जाते हैं। इसकी एवज में एविएशन कंपनियों से शुल्क लिया जाता है।

चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेलिकॉप्टर से जाते हैं। हेलिकॉप्टर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर समिति की ओर से विशेष दर्शन कराए जाते हैं। इसकी एवज में मंदिर समिति एविएशन कंपनियों ने शुल्क लेती है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं को दर्शन कराए लेकिन एविएशन कंपनियों ने शुल्क का भुगतान नहीं किया।

वर्तमान में बकाया राशि तीन करोड़ तक पहुंच गई। कई हेली कंपनियां जा चुकी हैं। भुगतान न होने से मंदिर समिति को आर्थिक नुकसान हुआ है। बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने मंदिर समिति के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 15 दिन के भीतर हेली सेवा संचालित करने वाली कंपनियों को विधिक नोटिस जारी कर वसूली की कार्रवाई की जाए। हेली कंपनियों से बकाया राशि की ब्याज समेत वसूली की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि हेली सेवा से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए एसओपी बनाई जाएगी।

 

Uttarakhand Budget: सत्र के पहले दिन ही बजट पेश कर सकती है सरकार, विधानसभा ने भेजा अनंतिम कार्यक्रम

पांच दिवसीय सत्र के लिए भराड़ीसैंण में तैयारियां चल रही है। विधायी विभाग की ओर से सत्र के लिए अनंतिम कार्यक्रम विधानसभा सचिवालय को भेजा गया है।

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में 9 से 13 मार्च तक होने वाले सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय ने विधायकों को अनंतिम कार्यक्रम भेज दिया है। राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र शुरू होगा। इसी दिन सरकार विनियोग विधेयक को सदन पटल पर रख सकती है।

पांच दिवसीय सत्र के लिए भराड़ीसैंण में तैयारियां चल रही है। विधायी विभाग की ओर से सत्र के लिए अनंतिम कार्यक्रम विधानसभा सचिवालय को भेजा गया है। विधानसभा की ओर से सभी विधायकों को अनंतिम कार्यक्रम जारी किया गया।

इसके अनुसार नौ मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा। 10 मार्च को राज्यपाल अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव चर्चा के साथ ही अध्यादेशों को सदन पटल पर रखा जाएगा।

11 मार्च को राज्यपाल का अभिभाषण पारित कर बजट पर चर्चा की जाएगी। 12 मार्च को बजट में विभागवार आय-व्यय पर चर्चा, 13 मार्च को विधेयक पारित किया जाएगा। हालांकि सत्र के लिए यह अनंतिम कार्यक्रम है। कार्यमंत्रणा की बैठक में सदन संचालन के लिए अंतिम एजेंडा तय किया जाता है।

Vasantotsav: कल से वसंतोत्सव; फूलों की खुशबू से महकेगा लोकभवन, राज्यपाल ने प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी

27 फरवरी से एक मार्च तक होने वाले तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 (पुष्प प्रदर्शनी) की सभी तैयारियां पूरी हो गईं।

लोक भवन में वसंतोत्सव शुक्रवार से शुरू होगा। इस बार उत्तराखंड तकनीकी विवि एआई आधारित एप से आगंतुकों की गणना करेगा। वहीं, आगंतुक चाहें तो वेबसाइट पर अपना स्वैच्छिक पंजीकरण भी करा सकते हैं। राज्यपाल ने इसके प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाई।

27 फरवरी से एक मार्च तक होने वाले तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 (पुष्प प्रदर्शनी) की सभी तैयारियां पूरी हो गईं। शुभारंभ 27 फरवरी को सुबह 10 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) करेंगे। पहले दिन दोपहर एक बजे से शाम छह तक, 28 फरवरी व एक मार्च को सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक जनसामान्य के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।

राज्यपाल ने फूलों से सुसज्जित जिन विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वे देहरादून शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को महोत्सव की जानकारी देंगे। तकनीकी विवि ने लोक भवन के मुख्य द्वार पर एआई-सक्षम कैमरे स्थापित किए गए हैं। आगंतुक वेबसाइट https://vmsbutu.live/ पर ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकेंगे, जिससे उन्हें एक डिजिटल आई-कार्ड प्राप्त होगा। यह पंजीकरण पूर्णतः ऐच्छिक रहेगा।

PHOTOS: मसूरी-धनोल्टी घूमना है तो यही है सही समय, बर्फ से सफेद हुए पहाड़, तस्वीरें देख नहीं रुकेंगे कदम

शहर में करीब चार इंच और ऊंचाई वाले स्थानों पर छह इंच से अधिक बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की सूचना पर बड़ी संख्या में सैलानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से मसूरी पहुंचे और जमकर मस्ती की।

पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। सुबह शुरू हुई बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते पूरे मसूरी क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

शुक्रवार को मसूरी में सुबह नौ बजे के करीब बर्फबारी शुरू हो गई और रात तक रुक रुककर बर्फबारी हुई है। शहर में करीब चार इंच और ऊंचाई वाले स्थानों पर छह इंच से अधिक बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की सूचना पर बड़ी संख्या में सैलानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से मसूरी पहुंचे और जमकर मस्ती की।

शहर की मालरोड, गन हिल, लाल टिब्बा, जॉर्ज एवरेस्ट, अटल उद्यान सहित आसपास का क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फबारी के बाद सड़कों, होटलों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भीड़ देखी गई। पर्यटक बर्फ के बीच फोटो और वीडियो बनाते नजर आए।

वहीं बर्फबारी के चलते लंढौर रोड़, लालटिब्बा मार्ग में वाहनों के फिसलने का खतरा भी बना हुआ है। कैंपटी रोड़ में बर्फ के ऊपर वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। बर्फबारी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की टीम भी अलर्ट मोड पर है।

धनोल्टी के विनोद कुदेसिया ने बताया कि धनोल्टी में सीजन की पहली बर्फबारी होने से लोगों में उत्साह है। इससे पर्यटन कारोबार को अच्छा लाभ मिलेगा। कुलदीप नेगी ने कहा, बर्फबारी किसानों और बागवानों के लिए लाभदायक है। सेब, खुमानी, आड़ू सहित अन्य फलदार पेड़ों के लिए बर्फबारी फायदेमंद रहेगी।

लालटिब्बा में सुबह आठ बजे से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी। मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कहा कि बर्फ से बंद होने वाली नगर पालिका की सड़कों को खोलने के लिए पूरी तैयारी है। जरूरत पड़ने पर जेसीबी मशीन की सहायता से बर्फ को हटाया जाएगा।

एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि बर्फबारी के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण होने वाली है। इसको देखते हुए अतिरिक्त पीएसी बुलाई गई है। साथ ही लोनिवि, एनएच, और नगर पालिका की जेसीबी और फील्ड स्टाफ को तैनात किया गया है। सड़क में चूना और नमक का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Uttarakhand: वसंत पंचमी पर आज घोषित होगी बदरीनाथ धाम कपाट खुलने की तिथि, नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेगी यात्रा

गाडू घड़ा पूजन के बाद आज घोषित श्री बदरीनाथ धाम कपाट खुलने की तिथि घोषित होगी।श्रीलक्ष्मी-नारायण मंदिर डिम्मर में पूजा अर्चना के बाद ऋषिकेश होते हुए नरेंद्रनगर राजदरबार यात्रा  पहुंचेगी।

वसंत पंचमी पर आज बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित की जाएगी। इससे पहले बृहस्पतिवार को डिम्मर से डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के सदस्य गाडू घड़ा के साथ ऋषिकेश के लिए रवाना हुए। शुक्रवार को पुजारी गाडू घड़ा लेकर नरेंद्रनगर राज दरबार पहुंचेंगे। यहां परंपरागत तरीके से भगवान बदरीविशाल धाम कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित की जाएगी।

श्रीलक्ष्मी-नारायण मंदिर डिम्मर में बृहस्पतिवार सुबह डिम्मर गांव के पुजारी टीका प्रसाद डिमरी और आचार्यों ने भगवान और गाडू घड़ा की विष्णु सहस्त्रनाम और नामावलियों से महाभिषेक पूजा कर बाल भोग अर्पित किया। इसके बाद बदरीनाथ धाम के डिमरी पुजारियों ने गाडू घड़ा लेकर मंदिर की परिक्रमा की। फिर भगवान श्रीबदरी विशाल के जयकारों के साथ यात्रा रात्रि प्रवास के लिए ऋषिकेश रवाना हुई।

श्रीबदरीश डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने बताया कि 23 जनवरी वसंत पंचमी को सुबह गाडू घड़ा लेकर डिमरी पुजारी ऋषिकेश से नरेंद्र नगर राजदरबार पहुंचेंगे जहां महाराजा मनुजेंद्र शाह पंचांग पूजा के बाद भगवान बदरीविशाल के कपाट खुलने, भगवान के महाभिषेक में प्रयुक्त होने वाले लिए तिलों के तेल को पिरोने और गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथि घोषित करेंगे।

 

Uttarakhand: एंटी रैगिंग कमेटी में बदलाव की तैयारी में एचएनबी विवि, घटना के बाद से प्रबंधन पर उठ रहे सवाल

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग के मामले में एमबीबीएस के नौ सीनियर छात्रों पर कॉलेज, हॉस्टल से निष्कासन की कार्रवाई की गई है। इनमें से दो छात्रों पर निष्कासन के साथ ही 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। घटना के बाद प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।

एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की वर्ष 2026 के लिए होने वाले संबद्धता विस्तार के दौरान एंटी रैगिंग कमेटी के सदस्यों को बदल सकता है। हाल ही में हुई रैगिंग की घटना के बाद विवि सख्त है। विवि की ओर से यह निर्णय कॉलेज में बढ़ रही रैगिंग की घटनाओं को देखते हुए लिया गया।

दून मेडिकल कॉलेज में दो जूनियर छात्रों के साथ हुई रैगिंग की घटना के बाद प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं। हॉस्टल में जिस तरह से सीनियर छात्रों ने मिलकर जूनियर की बेरहमी से पिटाई कर दी इससे सभी छात्रों में भी डर का माहौल है। इस मामले में कॉलेज प्रबंधन ने नौ छात्रों को निष्कासित किया है। साथ ही दो छात्रों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

सदस्यों को बदलने की तैयारी
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग और यूजीसी ने भी घटना का संज्ञान लिया है। यूजीसी ने एचएनबी मेडिकल विवि से मामले में जवाब तलब किया था। इसके बाद विवि ने दून मेडिकल कॉलेज से पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। अब विवि मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामलों का निस्तारण करने के लिए गठित एंटी रैगिंग कमेटी को और अधिक मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।

ऐसे में कई सदस्यों को बदला जा सकता है। इसके अलावा विवि छात्र सहायता के लिए गठित वीमेन हैरेसमेंट, डिसीप्लीन और इंटर्नल कंप्लेंट कमेटी समेत छह अन्य कमेटियों की समीक्षा कर इनके भी सदस्यों को बदलने की तैयारी कर रहा है।

Haridwar: शांतिकुंज के बैरागीद्वीप में शताब्दी समारोह, दूसरे सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री शाह करेंगे संबोधित

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शांतिकुंज की ओर से बैरागीद्वीप में चल रहे शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।  उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और स्वामी परमात्मानंद मंच पर मौजूद रहेंगे।

शांतिकुंज की ओर से बैरागीद्वीप में चल रहे शताब्दी समारोह में मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। प्रथम सत्र में योग गुरु स्वामी रामदेव और आध्यात्मिक प्रवक्ता बाबा बालक नाथ ज्योति कलश यात्रा की शुरुआत कराएंगे।

वहीं दूसरे सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संबोधन होगा। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और स्वामी परमात्मानंद मंच पर मौजूद रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों का एक दस्ता सोमवार को आयोजन स्थल पर पहुंचा।

स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ एजेंसियों ने आयोजन की पूरी रूपरेखा के बारे में जानकारी ली। गृहमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में भी सचिवालय में बैठक हुई।

 

Uttarakhand: पॉक्सो, एनआई एक्ट, भ्रष्टाचार जैसे मुकदमों का तेजी से होगा निस्तारण, 16 विशेष न्यायालय बनेंगे

मुकदमों का तेजी से निस्तारण हो इसके लिए 16 विशेष न्यायालय बनेंगे। सात एडीजे और नौ एसीजेएम स्तर के न्यायालय चार बड़े जिलों में बनाए जाएंगे।

एनडीपीएस, पॉक्सो, एनआई एक्ट, भ्रष्टाचार जैसे मुकदमों के तेजी से निपटारे के लिए 16 विशेष न्यायालय बनाए जाएंगे। सतेंद्र कुमार अंतिल बनाम सीबीआई केस में पारित निर्णयों के बाद चीफ जस्टिस की अध्यक्षता में गठित कमेटी की संस्तुतियों पर बृहस्पतिवार को कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है। इन न्यायालयों के लिए 144 पदों के सृजन को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

पहले चरण में सात एडीजे और नौ एसीजेएम स्तर के न्यायालय चार बड़े जिलों में बनाए जाएंगे। उच्चतम न्यायालय ने छह अगस्त 2024 को सतेंद्र कुमार अंतिल बनाम सीबीआई केस में निर्णय पारित किया था। यह निर्णय जमानत और मौलिक अधिकारों के संबंध में था। इसमें आरोपियों को नोटिस देने से लेकर जमानतों का तेजी से निपटारा आदि शामिल था।

देहरादून में 16 विशेष अदालतों का गठन किया जाएगा
इसके अलावा इसके बिंदु संख्या पांच में विशेष अदालतों के गठन के निर्देश भी पारित किए गए थे। ये विशेष न्यायालय ऐसे राज्यों में गठित किए जाएंगे जहां पर विचाराधीन कैदियों की संख्या अधिक है। इस निर्णय के बाद उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया।

इस समिति ने प्रदेश में एनडीपीएस, पॉक्सो, चेक बाउंस (एनआई एक्ट), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम जैसे मामलों के तेजी से निपटारे के लिए विशेष अदालतों के गठन की संस्तुति की थी। कैबिनेट ने इसे मंजूरी दी है। प्रथम चरण में हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और देहरादून में 16 विशेष अदालतों का गठन किया जाएगा।

इसमें सात अदालतें अपर जिला न्यायाधीश और नौ अदालतें अपर मुख्य मजिस्ट्रेट स्तर की होंगी। इसके लिए 144 पदों के सृजन को भी मंजूरी मिली है। इन अदालतों के गठन के बाद यहां पर विचाराधीन मुकदमों का तेजी से निपटारा होगा।