Blog

अमेरिका के लेविस्टन शहर में भीषण गोलीबारी में 22 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

News web media uttarakhand : अमेरिका के मेन (Maine) राज्य के लेविस्टन शहर में बुधवार देर रात सामूहिक गोलीबारी की घटना में 22 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद संदिग्ध हमलावर फरार है, जिसकी तलाश जारी है। सुरक्षा अधिकारियों ने राइफल के साथ संदिग्ध हमलावर की दो तस्वीरें फेसबुक पर साझा की हैं और संदिग्ध की पहचान करने में जनता से मदद की अपील की है।

लेविस्टन में मेडिकल सेंटर ने एक बयान में कहा कि गोलीबारी की घटना में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। घायलों को लेने के लिए क्षेत्र के अस्पतालों के साथ समन्वय किया जा रहा है। एंड्रोस्कोगिन काउंटी शेरिफ के कार्यालय से जो दो तस्वीरें शेयर किया गया है, उसमें संदिग्ध रायफल के साथ फायरिंग की स्थिति में था। काउंटी शेरिफ ने संदिग्ध की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से मदद मांगी है।

मेन स्टेट पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक सक्रिय शूटर के बारे में चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा, ‘हमने लोगों को उनके स्थानों पर ही रहने के लिए कहा है। कानून प्रवर्तन विभिन्न इलाकों में छानबीन कर रहे हैं।’

यूएस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडन को इस घटना के बारे में जानकारी दी गई है। पिछले साल मई 2022 के बाद से यह अबतक का सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी है। पिछले साल मई में टेक्सास के एक स्कूल में गोलीबारी के दौरान 19 बच्चों के साथ दो शिक्षकों की मौत हो गई थी।

 

 

पुलिस में 18 सौ पदों पर जल्द होगी भर्ती: सीएम धामी

News web media Uttarakhand : प्रदेश में आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए पुलिस बल बढ़ाया जाएगा। इसके लिए जल्द 18 सौ पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी।

इसके अलावा पुलिसकर्मी की मौत पर उसके परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की मदद के लिए दो करोड़ रुपये के फंड की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  को पुलिस लाइन में आयोजित शहीद स्मृति दिवस परेड के दौरान यह घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सामरिक और भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में पुलिस की अहम भूमिका है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की संख्या में इजाफा बेहद जरूरी है।

पुलिसकर्मियों का 1.05 करोड़ तक का इंश्योरेंस

डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि 1550 कांस्टेबल व 250 दरोगाओं की भर्ती के लिए जल्द प्रक्रिया शुरू होगी। अब तक सिपाहियों की भर्ती लोक सेवा आयोग के माध्यम से हो रही है जबकि, मृतक आश्रित कोटे से सिपाही पद पर ही नियुक्ति होती है। इस कारण आठ माह से मृतक आश्रित कोटे में एक भी भर्ती नहीं हुई। मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी दी गई थी। उन्होंने प्रक्रिया को बदलकर मृतक आश्रितों की जल्द भर्ती करवाने के निर्देश दिए। अब सैलरी खाते में पुलिसकर्मियों को एक करोड़ पांच लाख रुपये तक का इंश्योरेंस दिया जा रहा है।

 

धन सिंह रावत ने दिए निर्देश, दो सप्ताह के भीतर हो विवि और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव

News web media Uttarakhand : उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में दो सप्ताह के भीतर छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। चुनाव की तिथि विश्वविद्यालय के कुलपति विचार-विमर्श कर तय करेंगे । बीते शनिवार को विभागीय मंत्री ने विधानसभा स्थित सभाकक्ष में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी कुलपतियों एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एक प्रवेश, एक परीक्षा, एक परिणाम, एक दीक्षांत और एक चुनाव के फार्मूले के तहत प्रदेश के राजकीय विश्वविद्यालयों में शैक्षिक सत्र नियमित करने के निर्देश हैं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव एक ही दिन कराए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के राजकीय विश्वविद्यालयों में शैक्षिक सत्र को नियमित किए जाने के लिए भी कुलपतियों को बैठक में निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार का मकसद प्रदेश में उच्च शिक्षा सत्र को समय पर शुरू करना हैं। ताकि अगले शैक्षणिक सत्र में समय पर प्रवेश करने के साथ ही 30 सितंबर तक छात्रसंघ चुनाव भी कराए जा सकें। वर्तमान में शैक्षणिक सत्र में छात्रसंघ चुनाव दो सप्ताह के भीतर कराए जाने पर सहमति बनी है।

उत्तराखंडः दो नवंबर से केआरसी रानीखेत में होगी भर्ती, इन्हें मिलेगा मौका

News web media uttarakhand :  केआरसी रानीखेत में दो नवंबर को दोनों रेजीमेंट के पूर्व सैनिकों की भर्ती होगी। कुमाऊं और नागा रेजिमेंट के पूर्व सैनिकों को फिर से डीएससी में सेवा का अवसर मिलेगा, जो उनके लिए अच्छी खबर है। सिपाही जनरल ड्यूटी और सिपाही क्लर्क (एसडी) के पदों के लिए प्रस्तावित भर्ती में मेडिकल केटेगरी शेप-वन वाले पूर्व सैनिक हिस्सा ले सकेंगे

केआरसी भर्ती कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार सिपाही जनरल ड्यूटी के लिए 30 नवंबर 2021 से 31 अक्तूबर 2023 तक सेवानिवृत्त हुए 46 साल से कम आयु के अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे। उनकी सेवानिवृति की अवधि दो साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। सिपाही क्लर्क (एसडी) के लिए 30 नवंबर 2018 से 31 अक्तूबर 2023 तक सेवानिवृत्त हुए पूर्व सैनिक भर्ती में शामिल होंगे। उनकी सेवानिवृत्ति की अवधि पांच साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 48 साल से कम और मेडिकल केटेगरी शेप-वन होनी जरूरी है।

अभ्यर्थी को भर्ती में शामिल होने के लिए डिस्चार्ज बुक, एजीआई, एक्सटेंडेड इनश्योरेंस प्रमाणपत्र, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियों के साथ पासपोर्ट साइज की 16 रंगीन फोटो साथ लानी होगी। इसके साथ ही एक्स टीए पर्सनल के लिए एटीसी प्रमाणपत्र भी साथ लाना होगा।


भर्ती कार्यक्रम
एक नवंबर को सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों की जांच होगी।
दो नवंबर को सुबह 5.30 बजे प्रारंभिक स्क्रीनिंग और शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी।

सीएम धामी ने किया अबू धाबी में विभिन्न उद्योग समूहों के साथ बैठक, 3550 करोड़ के निवेश पर हुआ करार

News web media Uttarakhand : वैश्विक निवेशक सम्मेलन लिए संयुक्त राज्य अमीरात (यूएई) में रोड शो के दूसरे दिन 3550 करोड़ के निवेश का करार हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में दोनों दिन के रोड शो में 15475 करोड़ के निवेश पर समझौता हुआ।

बुधवार को अबु धाबी में प्रदेश सरकार ने लूलू ग्रुप के साथ रियल एस्टेट सेक्टर में 1000 करोड़, हायपर मार्केट के साथ हॉस्पिटेलिटी सेक्टर में 500 करोड़ और फूड पार्क में 250 करोड़, एसीटी फैसिलिटिज मिडिल ईस्ट के साथ हॉस्पिटेलिटी सेक्टर में 1500 करोड़, रिजेंट ग्लोबल से फार्मा सेक्टर में 300 करोड़ के निवेश पर एमओयू हुआ। इससे पहले दुबई में 11925 करोड़ के निवेश पर एमओयू किया गया था।

मुख्यमंत्री धामी ने अबू धाबी में विभिन्न उद्योग समूहों के साथ बैठक की। साथ ही उत्तराखंड में निवेश संभावनाओं पर चर्चा कर सरकार की औद्योगिक नीतियों की जानकारी दी। सीएम ने उद्योग घरानों को 8 और 9 दिसंबर को देहरादून में आयोजित होने वाले निवेशक सम्मेलन के लिए निमंत्रण भी दिया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।

सीएम ने अबूधाबी में बन रहे हिंदू मंदिर में ईंट रखकर की कारसेवा

निवेश के लिए संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर गए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अबूधाबी में निर्माणाधीन बीपीएस हिंदू मंदिर में ईंट रखकर कारसेवा की। सीएम ने कहा, यहां हिंदू धर्म को स्थापित करने और मंदिर का निर्माण का जो कार्य चल रहा, यह हम सबके लिए गौरव के क्षण हैं। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मंदिर का कार्य हो रहा है। उनके नेतृत्व में भारत को विश्व के अंदर मान-सम्मान और अलग पहचान मिल रही है।

सीएम ने भव्य हिंदू मंदिर के निर्माण के लिए लगे सभी संयोजन और निर्माणकर्ताओं का भी आभार जताया। कहा, यह हिंदू मंदिर सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों, सद्भाव और हिंदू परंपराओं को बढ़ावा देने का कार्य भी करेगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित थे।

रुद्रनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद, गोपीनाथ मंदिर के लिए रवाना भगवान की डोली

News web media uttarakhand :  चमोली में चतुर्थ केदार यानि रुद्रनाथ के कपाट आज यानि बुधवार को विधि विधान से शीतकाल के लिए बंदहो गए हैं।इसके बाद भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली जयकारों के साथ गोपीनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गई।  बता दें कि इलाके में बीते दो दिनों से हुई बर्फबारी हो रही थी। लेकिन आज खिली धूप से श्रद्धालुओं यहाँ तक आने में दिक्कतों की सामना नहीं करना पड़ा।

चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के कपाट विधि विधान से सुबह 8:00 बजे शीतकाल के लिए बंद किए गए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर ललित नारायण मिश्र ने भी रुद्रनाथ मंदिर में पहुंचकर भगवान रुद्रनाथ के दर्शन किए।

चारधामों की बात करें तो 24 अक्तूबर को दशहरा के दिन बदरीनाथ धाम के कपाट बंद करने के शुभ मुहूर्त की घोषणा की जाएगी। जबकि 15 नवंबर को भैया दूज के दिन केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होंगे। गंगोत्री मंदिर समिति ने 14 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने की तिथि तय कर दी है।

 

खेल महाकुंभ 2023 के आयोजन 31 अक्टूबर से शुरू होंगे

News web media Uttarakhand : प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को खेल महाकुम्भ-2023 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। खेल मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा हर साल खेल महाकुम्भ का आयोजन अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में आरंभ किया जाता रहा है। लेकिन इस वर्ष अपरिहार्य कारणों से खेल महाकुम्भ-2023 का आयोजन 31 अक्टूबर 2023 से आरम्भ किया जायेगा जो कि दिसम्बर अंत माह तक चलेंगे। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल महाकुम्भ-2023 का आयोजन अक्टूबर से दिसम्बर 2023 के अन्त तक पूर्ण किया जायेगा ।

इसमें प्रतियोगिताओं को न्याय पंचायत, विकास खण्ड, जनपद स्तर तथा राज्य स्तर पर किया जायेगा। खेल मंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ-2023 के स्थान चयन, मुख्य अतिथि का निर्धारण तथा खेल महाकुम्भ-2023 में आयोजित होने वाले प्रतियोगिताओं के बारे में कुछ दिनों में जानकारी उपलब्ध कर दी जायेगी। उन्होंने सभी तैयारियां तय समय पर पूर्ण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव, खेल एवं युवा कल्याण अभिनव कुमार,निदेशक युवा कल्याण, जितेन्द्र कुमार सोनकर, उप सचिव, युवा कल्याण धीरेन्द्र कुमार सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिलायंस फाउंडेशन ओलंपिक मूल्यों के अनुरूप काम कर रहाः थॉमस बाख

News web media Uttarakhand : आईओसी के प्रेसिडेंट थॉमस बाख ने नीता अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन के काम की सराहना की। प्रेसिडेंट बाख मुंबई में चल रही आईओसी एग्जीक्यूटिव बोर्ड की मीटिंग के उद्धाटन पर बोल रहे थे। बाख ने कहा कि नवी मुंबई में रिलायंस फाउंडेशन यंग चैंप्स अकादमी के दौरे पर उन्होंने जो देखा, उससे वे बेहद प्रभावित हुए हैं। आईओसी प्रेसिडेंट बाख ने कहा “अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की मेरी सहयोगी और मित्र नीता अंबानी के साथ मैंने रिलायंस फाउंडेशन का दौरा किया और वहां बच्चों और युवाओं के लिए  चल रहे खेल और शिक्षा से संबंधित कार्यक्रम देखे। मैं वास्तव में रिलायंस और उसकी टीम से बहुत प्रभावित हूं क्योंकि इस केंद्र में पूरे भारत के बच्चों को देखा जा सकता है। इनमें से अधिकांश वंचित परिवारों से आते हैं। यहां उन्हें स्कूली शिक्षा के साथ एक उच्च स्तरीय एथलीट बनने के लिए प्रशिक्षण और तैयारियों का अवसर भी दिया जाता है।
बाख विशेष रूप से रिलायंस फाउंडेशन और इसकी चेयरपर्सन और आईओसी सदस्य श्रीमती अंबानी के ओलंपिक मूल्यों के अनुसार किए जा रहे काम से बेहद खुश थे, उनके अनुसार नीता अंबानी का काम ओलंपिक मूल्यों का सटीक प्रतिबिंब है। उन्होंने आगे कहा आईओसी में मेरी साथी भारत में खेलों के लिए अच्छा काम कर रही हैं। बाख ने आगे कहा कि “रिलायंस फाउंडेशन का काम कुछ ऐसा है जो वास्तव में हमारे ओलंपिक मूल्यों और दृष्टि को दर्शाता है। इतने बड़े पैमाने पर इस काम देखना और किया जाना और वह भी एक निजी संस्था रिलायंस फाउंडेशन द्वारा किया जाना वास्तव में प्रभावशाली है। नीता अंबानी द्वारा निर्देशित यह काम, भारत में खेल के भविष्य के लिए और ओलंपिक में खेले जाने वाले खेलों के लिए भी बहुत उत्साहजनक है।”

उत्तराखंड की मीमांसा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, स्केटिंग के क्षेत्र में लहराया परचम

News web media uttarakhand : उत्तराखंड में खेल के क्षेत्र में युवाओं द्वारा कमाई जा रही सफलता और उन्हें मिल रहे प्रोत्साहन का नतीज़ा है कि आज के वक्त में बच्चे भी खेल के नए नए क्षेत्रों का अन्वेषण कर रहे है। पारंपरिक खेलों से बाहर निकल कर युवा कुछ नया और अनोखा ढूंढ रहे हैं। इनमें से कुछ तो इन खेल क्षेत्रों में अपना परचम लहराने निकल चुके है। इस में सब से अनोखी बात है बेटियों का इन खेल कूद की गतिविधियों में बढ़ चढ़ कर भाग लेना।
उत्तराखंड राज्य की एक ऐसी ही बेटी है मीमांसा नेगी। देहरादून की रहने वाली मीमांसा नेगी 13 वर्ष की उम्र से ही स्केटिंग में कमाल कर रही हैं। स्केटिंग के क्षेत्र में वो 5 बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खेल चुकी हैं। 2022 में सीआईएसएस रीजनल में दो गोल्ड जीतने के बाद मीमांसा नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई थी, जिसके बाद उन्होंने अहमदाबाद के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शिरकत की थी। इस प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता था।
इस वर्ष भी एक से तीन अक्टूबर तक हुई सीआईएससीई यूपी और उत्तराखंड रीजनल की स्केटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता। इस जीत ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका द्वार फिर से खोल दिया है। रीजनल की स्केटिंग प्रतियोगिता जीतने के बाद मीमांसा का चयन फिर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। 4 से 7 नवंबर को महाराष्ट्र के पुणे में राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसे भीमांसा भी भाग लेंगी। उत्तराखंड राज्य को उनसे गोल्ड की पूरी उम्मीद है। छोटी सी उम्र से ही स्केटिंग का शौक रखने वाली मीमांसा अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने कोच अरविंद गुप्ता और दीप मिथुन सेनातिपथी को देती है। उनका मानना है कि अपने कोच की ट्रेनिंग के कारण ही वो आज इस मुकाम पर पहुंची है।

पार्वती कुंड जहाँ आज पीएम मोदी ने की पूजा, आदि-कैलाश के भी किए दर्शन

NEWS WEB MEDIA UTTARAKHAND : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिथौरागढ़ पहुंच गए हैं। सबसे पहले पीएम मोदी जोलिंगकोंग पहुंचे और यहां पार्वती कुंड में पूजा और दर्शन किये। प्रधानमंत्री इस स्थान पर पवित्र आदि-कैलाश से आशीर्वाद भी लिया।  यह जोलिंगकोंग इलाका है। यहां से 20 किलोमीटर की दूरी के बाद चीन की सीमा शुरू हो जाती है। नरेंद्र मोदी देश के पहले PM हैं, जिन्होंने उत्तराखंड से लगी भारत-चीन सीमा पर आदि कैलाश पर्वत का दर्शन किया। उत्तराखंड में धारचूला से 70 किमी दूर और 14000 फीट ऊपर बसा छोटा सा वीरान गांव गुंजी अगले दो साल में बड़े धर्म नगर शिव धाम के रूप में विकसित हो जाएगा। कैलाश व्यू प्वाइंट, ओम पर्वत और आदि कैलाश के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का धारचूला के बाद यही सबसे बड़ा और अहम पड़ाव होगा। यहां बड़े यात्री निवास, होटल बनेंगे। भारतीय टेलीकॉम कंपनियों का नेटवर्क भी मिलेगा। गांव में होम स्टे बढ़ाए जाएंगे।

इसके बाद देश की सीमा से सटे गांव गुंजी में पीएम नरेंद्र मोदी का आगमन हो रहा है। इसको लेकर वहां पर उत्साह का माहौल है। वहां पर पीएम मोदी सेना, आईटीबीपी और बीआरओ कर्मियों के साथ बातचीत करेंगे। उनसे सीमा के हालात पर चर्चा होगी। इसके बाद वे गुंजी गांव लोगों के साथ भी संवाद करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी आध्यात्मिक महत्व वाले जोगेश्वर धाम और पार्वती कुंड में भी दर्शन और पूजन करेंगे। पिथौरागढ़ को पीएम मोदी 4200 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देंगे। कई योजनाओं का यहां शिलान्यास होगा। वहीं, कई योजनाओं का लोकार्पण भी होना है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को लेकर अपनी उत्सुकता जताई।

उत्तराखंड रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने एक्स हेंडल पर लिखा, “देवभूमि उत्तराखंड के जन-जन के कल्याण और राज्य के तेज विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। इसे और गति देने के लिए पिथौरागढ़ में कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करूंगा। यहां के गुंजी गांव में लोगों से संवाद का सुअवसर भी मिलेगा। अपने इस दौरे में आध्यात्मिक महत्त्व के पार्वती कुंड और जागेश्वर धाम में दर्शन और पूजन की भी उत्सुकता से प्रतीक्षा है।