ऑनलाइन गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड उपलब्ध कराने के नाम पर किए जा रहे दावों के पीछे साइबर ठगों का जाल हो सकता है। रजिस्ट्रेशन फीस और बुकिंग चार्ज के नाम पर ठगी के साथ निजी जानकारियों का दुरुपयोग और ब्लैकमेलिंग का खतरा भी है। उत्तराखंड एसटीएफ ने लोगों को ऐसे फर्जी ऑनलाइन ऑफर से सतर्क रहने की अपील की है।
इंटरनेट पर किराये पर गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड उपलब्ध कराने के नाम पर दिए जा रहे ऑफर को आकर्षक ऑनलाइन सेवा समझने की भूल न करें।
यह साइबर ठगी का जाल हो सकता है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने लोगों को ऐसे फर्जी ऑफर से सतर्क रहने की अपील की है।
एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ जैसी सेवाओं के नाम पर किए जा रहे दावों पर भरोसा करने से पहले सावधानी बरतें और ऐसे संदिग्ध ऐप का इस्तेमाल करने से बचें।एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, साइबर अपराधी इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लुभावने ऑफर देकर अपने जाल में फंसा सकते हैं। किराये पर साथी उपलब्ध कराने का दावा करने वाले ऐसे प्लेटफॉर्म के जरिये लोगों से संपर्क किया जा सकता है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, बुकिंग चार्ज या अन्य भुगतान के नाम पर रकम मांगी जा सकती है।
आपकी निजी जानकारियां चुराकर आपके साथ ठगी, ब्लैकमेलिंग व अन्य तरह की वारदात करने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे किसी भी ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। अनजान ऐप या वेबसाइट पर अपनी निजी जानकारी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से भी बचें। केवल आकर्षक विज्ञापन या ऑनलाइन दावों के आधार पर किसी सेवा को वास्तविक न मानें।
