मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से वार्ता कर सभी संबंधित जिलों और विभागों को जरूरी एहतियाती कदम उठाने को कहा।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी सूचना में देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जनपदों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड के नौ अन्य जनपदों में भी गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने खराब मौसम में अनावश्यक रूप से नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने का आग्रह किया।
प्रभावी प्रतिवादन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार को उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए 01334-223999, 1077 (टोल फ्री), 7055258800 और 9528250926 पर संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से सूचनाएं समय पर केंद्र तक पहुंचाने को कहा है। इससे आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिलेगी।
