केदारताल क्षेत्र में लापता पर्वतारोहियों की तलाश का अभियान दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच चलाया जा रहा है। संकरी घाटी और अधिक ऊंचाई के कारण बचाव दल के सामने चुनौतियां बढ़ गई हैं। हवाई और पैदल दोनों रास्तों से तलाश की रणनीति बनाई गई है।
केदारताल क्षेत्र में पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है, वह संकरी घाटी क्षेत्र है। जिला प्रशासन के अनुसार इससे कुछ चुनौती बनी हुई है। 10 सदस्यीय टीम को संबंधित जगह पर हेलिकाप्टर से उतारा दिया गया है। टीम सुबह से तलाश करने का अभियान चलाएगी। गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी नीचे की तरफ से खोह, गुफा में तलाश करेगी।
जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य बताते हैं कि पिछले महीने उत्तरकाशी जिले में कालिंदी पास (कालिंदी खाल) ट्रेक के पास पर्वतारोही फंसे थे, उनके लिए रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया था, वहां पर स्थिति तुलनात्मक तौर पर अलग थी, वह जगह खुली और चौड़ी जगह थी और हेलिकाप्टर उतर सकता था।लोगों को हेलिकाप्टर से तुलनात्मक तौर देखना सरल था, वह भी सरतला से बचाव टीम को देख सकते थे। पर यहां पर संकरी घाटी है, ऐसे में चुनौती है। बहरहाल, एसडीआरएफ और निम की 10 सदस्यीय टीम को उतारा गया है, वह आज फिर खोजबीन कर रही है।
इसके अलावा गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी पहुंची हुई है, वह नीचे से आगे बढ़ेगी और खोह आदि जगहों पर जहां पर व्यक्ति सुरक्षा की दृष्टि से आश्रय ले सकता है, वहां पर तलाश करेगी। आज मौसम साफ होने पर रेस्क्यू आपरेशन में शुरू किया है। अन्य टीमों की भी जरूरत होने पर मदद ली जाएगी।