उत्तराखंड: सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 3253 पदों पर भर्ती… डीएलएड वाले होंगे पात्र

News web media Uttarakhand : प्रदेश में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 3253 पदों पर भर्ती के लिए शिक्षा विभाग को चुनाव आयोग से मंजूरी मिल गई है। जिससे इन पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इसमें 1,250 पद वर्ष 2018, 2020 एवं 2021 की रुकी भर्ती के हैं। भर्ती के लिए बीएड डिग्री को अमान्य करने के बाद केवल डीएलएड वाले ही इन पदों पर भर्ती के पात्र होंगे। शिक्षकों की भर्ती के लिए विभाग ने वर्ष 2018, 2020 एवं 2021 में 3099 पदों के लिए आवेदन मांगे थे।

उस दौरान शिक्षक भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता बीएड और डीएलएड को मान्य किया गया था, लेकिन बाद में शासन ने एनआईओएस से डीएलएड को भी मान्य कर दिया। कुछ समय बाद शासन ने एनआईओएस से डीएलएड मान्य वाला आदेश रद्द कर दिया, जिससे भर्ती विवादों में उलझ गई। इसके बाद सरकार ने बीएड अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक के पदों पर भर्ती के लिए अमान्य कर दिया है।

इसके लिए सेवा नियमावली 2012 में संशोधन किया गया है। हालांकि, इस संशोधन से पहले डीएलएड के साथ ही कुछ बीएड अभ्यर्थी 1849 पदों पर भर्ती हो चुके हैं। विभाग की ओर से अब पूर्व के अवशेष 1250 पदों के साथ ही वर्तमान में खाली 2033 पदों पर शिक्षकों की भर्ती करनी है।

ब्राह्मण और बनियों में भी गरीब होते हैं, क्या उन्हें आरक्षण नहीं मिलना चाहिए: पीएम मोदी

News web media Uttarakhand : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब सवर्णों के आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर बड़ा हमला किया है. प्रधानमंत्री मोदी ने सवाल उठाया कि क्या ब्राह्मण, बनियों में भी गरीब नहीं होते, क्या उनके बच्चों को भी आरक्षण नहीं मिलना चाहिए? प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने इस तरफ कभी ध्यान नहीं दिया. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब सवर्ण परिवार के बच्चों को भी 10 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया. पीएम मोदी ने इसी के साथ ओबीसी कोटे से मुस्लिमों को आरक्षण देने पर भी कांग्रेस पर हमला बोला.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस वाले ओबीसी का आरक्षण खत्म करके मुस्लिमों को दे देना चाहते हैं. पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में ऐसा करके भी दिखाया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन वाले इसे पूरे देश में लागू करना चाहते हैं. हालांकि उन्होंने इसी के साथ ये भी कहा कि हमारी सरकार में ऐसा कभी नहीं हो सकता. दलितों, पिछड़ों का हक नहीं छिनने देंगे.

ओबीसी का हक छीनने की साजिश

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओबीसी आरक्षण में कटौती करने का ताजा उदाहरण पश्चिम बंगाल में सामने आया है. उन्होंने पश्चिम बंगाल में 77 मुस्लिम जातियों को ओबीसी सर्टिफिकेट जारी किये जाने का मुद्दा उठाया और ममता बनर्जी पर सीधा हमला किया. पीएम ने कहा कि दो दिन पहले ही वहां कोलकाता हाईकोर्ट ने 77 मुस्लिम जातियों के आरक्षण को खत्म कर दिया.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसा करके इंडिया गठबंधन वाले ओबीसी के हक पर डाका डालना चाहते हैं और संविधान की धज्जियां उड़ाना चाहते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि संविधान और अदालतें इनके लिए कोई मायने नहीं रखतीं. इनके लिए केवल वोट बैंक मायने रखता है.

वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान वन रैंक वन पेंशन का मुद्दा भी उठाया. प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन लागू करने में पूर्व सैनिकों के साथ बड़ा धोखा किया है. पीएम ने कहा कि हमने कांग्रेस के 500 करोड़ के बदले सवा लाख करोड़ रुपये दिये. वास्तविक वन रैंक वन पेंशन हमारी सरकार में लागू किया गया.

नौकरी देने के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर हिमाचल के लोगों से झूठे वादे करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख लोगों को नौकरी देने का वादा किया था, महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा किया, गोबर का पैसा देने का वादा किया था. पीएम ने इसी के साथ कांग्रेस पर तंज कसा कि यहां तो नौकरी की परीक्षा वाले आयोग पर ही ताला लगा दिया गया.

चुनाव आयोग ने खरगे और नड्डा को जारी किया नोटिस, कहा-बयानों में संयम बरते

News web media Uttarakhand : बुधवार को चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को नोटिस जारी किया है. आयोग ने दोनों ही पार्टियों से भाषणों में मर्यादा बनाए रखने को कहा है. साथ ही दोनों पार्टियों के स्टार प्रचारकों को धार्मिक व सांप्रदायिक बयानबाजी नहीं करने का निर्देश दिया है. बीजेपी को उन भाषणों को प्रचार को रोकने को कहा है, जिनसे समाज दो टुकड़ों में बंट सकता है.

चुनाव आयोग ने कांग्रेस पार्टी से कहा कि वह भारत के संविधान को लेकर गलत बयानबाजी न करें. जैसे संविधान खत्म किया जा सकता है. इसके अलावा अग्निवीर योजना पर चुनाव आयोग ने कांग्रेस से रक्षाबलों का राजनीतिकरण नहीं करने और रक्षा बलों की सामाजिक-आर्थिक संरचना के बारे में विभाजनकारी बयान नहीं देने को कहा है.

आयोग ने पाया कि देश का सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश एक स्थायी संरक्षण है. इसे चुनावों का शिकार नहीं बनाया जा सकता है. चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि बीजेपी-कांग्रेस को भारतीय मतदाताओं के गुणवत्तापूर्ण चुनावी अनुभव की विरासत को कमजोर करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

चुनाव आयोग ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया. आयोग ने बताया कि इलेक्शन के वक्त सरकार में रहने वाली पार्टी के पास अतिरिक्त जिम्मेदारी होनी चाहिए. बता दें लोकसभा चुनाव के पहले पांच चरणों का मतदान 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को संपन्न हुए. अगले दो चरण की वोटिंग 25 मई और 1 जून को होगी. परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे.

प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मौत पर जताया शोक

News web media uttarakhand : ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के निधन पर पीएम मोदी ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि डॉ. सैयद इब्राहिम रईसी के दुखद निधन से गहरा दुख और झटका लगा है। उन्होंने कहा कि रईसी का भारत-ईरान के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में दिया गया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और ईरान के लोगों के लिए मेरी संवेदनाएं। इस दुख की घड़ी में भारत, ईरान के साथ खड़ा है।

भारतीय टीम टी 20 वर्ल्ड कप के लिए तैयार, टूनामेंट जल्द होगी टीम रवाना

News web media Uttarakhand : आईपीएल 2024 सीजन अब अपने अंतिम चरण में है और अगले रविवार को इसका फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मौजूदा सीजन के समाप्त होते ही, अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में मैदान में उतरेगी।

इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए चुने गए भारतीय खिलाड़ी वर्तमान में आईपीएल में खेल रहे हैं। हालांकि, इनमें से कुछ खिलाड़ियों की टीमों का सफर ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया है, जिससे उन्हें आगामी विश्व कप की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने का अधिक समय मिल जाएगा।

भारत के अधिकांश क्रिकेटर और सहयोगी स्टाफ टी20 विश्व कप के लिए 25 मई को न्यूयॉर्क रवाना होंगे, जबकि बाकी 26 मई को आईपीएल फाइनल के बाद जाएंगे। इससे पहले आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी टीमों के सदस्यों को 21 मई को रवाना होना था लेकिन बाद में योजना में बदलाव हुआ। अब वे 25 मई को रवाना होंगे।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के स्वास्थ्य को लेकर आया बड़ा अपडेट, एम्स से डिस्चार्ज

News web media uttarakhand : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी को आज 16 मई को एम्स ऋषिकेश अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
एम्स अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर अब सामान्य स्थिति में है। मंगलवार 14 मई को सावित्री देवी को जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया था।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की माता 80 वर्षीय सावित्री देवी अस्पताल से डिस्चार्ज हो गई हैं। उन्हें 14 मई को एम्स ऋषिकेश के जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया था। उस समय उनका ब्लड प्रेशर सामान्य से अधिक था। वृद्धावस्था की उम्र के कारण एम्स में उनकी अन्य जांचें भी की गईं। जांच रिपोर्टों के सामान्य पाए जाने पर उन्हें 2 दिन बाद आज 16 मई को एम्स अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। योगी आदित्यनाथ की माता पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में रहती हैं। जो कि उनका पैतृक गांव हैं। यहीं योगी के परिजन और बहनें भी रहती हैं। सीएम योगी खुद 2022 में अपने पैतृक गांव आ चुके हैं।
एम्स ऋषिकेश प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सावित्री देवी का ब्लड प्रेशर अब सामान्य है। लेकिन 14 मई को उनको भर्ती करने के दौरान उनकी प्रारंभिक जांच में हाई बल्ड प्रेशर की शिकायत पाई गई थी।
इसके बाद वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्पेशल (जिरियाट्रिक वार्ड) में विभागाध्यक्ष प्रो. मीनाक्षी धर की देखरेख में उनकी अन्य प्रारंभिक जांच की गई। आज रिपोर्ट और हालात सामान्य होने के बाद उन्हें अस्पताल से​छुट्टी मिल गई है। इस बीच एक दिन पहले उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने भी माता जी का हालचाल जाना था।

रुद्रनाथ की उत्सव डोली निकली धाम के लिए, 18 मई को खुलेंगे चतुर्थ केदार के कपाट

News web media Uttarakhand : 18 मई को सुबह 5:00 बजे श्रद्धालुओं के लिए पंच केदार के चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। इसके पूर्व, गुरुवार को गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर परिसर से रुद्रनाथ की उत्सव डोली को धाम के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति देखी गई, जो इस पवित्र यात्रा में शामिल होने के लिए एकत्रित हुए थे।

गोपीनाथ मंदिर के गर्भगृह से रुद्रनाथ की प्रतिमा को धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मंदिर परिसर में स्थापित कर दिया गया है। आज विशेष पूजा-अर्चना के बाद रुद्रनाथ की उत्सव डोली रात के विश्राम के लिए ल्वींठी बुग्याल पहुंचेगी। आगामी 17 मई को देर शाम यह डोली रुद्रनाथ मंदिर में प्रवेश करेगी। अगले दिन 18 मई को प्रातः पांच बजे, विधि-विधान से मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

इस वर्ष रुद्रनाथ मंदिर की पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी प्रधान पुजारी वेदप्रकाश भट्ट संभालेंगे। मंदिर परिसर में स्थित रुद्रनाथ डोली निवास स्थल पर भगवान रुद्रनाथ की विशेष पूजा आयोजित हुईं।

चारधाम यात्रा 2024: ऐसे लोगों पर होगी एफआईआर दर्ज, कहीं आप तो नहीं कर रहे ये गलती!

News web media uttarakhand : चारधाम यात्रा का दुष्प्रचार करने वाले तथा यात्रा के सम्बन्ध में फेक न्यूज या विडियो बनाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्यवाही के निर्देश देते हुए सचिवालय में चारधाम यात्रा प्रबन्धन की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने स्पष्ट किया है कि फेक न्यूज या वीडियों के माध्यम से यात्रा को बदनाम करने वाले तत्वों के विरूद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी.

बिना रजिस्ट्रेशन एवं ट्रिप कार्ड या पोस्ट डेटेड रजिस्ट्रेशन की बसों एवं गाड़ियों के यात्रामार्ग पर संचालन पर कड़ा रूख अपनाते हुए सीएस रतूड़ी ने ऐसे बिना रजिस्ट्रेशन की बसों व गाड़ियों को तत्काल रोकने तथा वापस भेजने के निर्देश दिए हैं.

इसके साथ ही मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को टूर ऑपरेटर्स के साथ बिना रजिस्ट्रेशन, बिना ट्रिप कार्ड या पोस्ट डेटेड रजिस्ट्रेशन के वाहनों के मुद्दे पर बैठक करने निर्देश दिए हैं.

बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों को जगह-जगह पर स्थापित चेक पॉइन्टस पर चिन्हित कर उचित कार्यवाही की जाएगी. इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव द्वारा अन्य राज्यों के मुख्य सचिवों एवं पुलिस महानिदेशकों को भी पत्र भेजा जाएगा.

पंतनगर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, खबर से मची लोगों में अफरातफरी, भेजा गया हैं मेल

News web media Uttarakhand : पंतनगर एयरपोर्ट को बम विस्फोट की धमकी वाला ईमेल मिलने से भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के मुख्यालय से लेकर पंतनगर एयरपोर्ट तक हलचल मच गई। तत्परता दिखाते हुए, एयरपोर्ट की सुरक्षा को मजबूत किया गया और बम निरोधक दस्ते को बुलाकर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया। गहन छानबीन के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

बीती 11 अप्रैल को हवाई सेवा प्रदाता सरकारी कंपनी एलायंस एयर के पास एक धमकी भरा ईमेल आया था, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने पंतनगर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। कंपनी प्रबंधन ने सोमवार की शाम एएआई के मुख्यालय सहित पंतनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुमित सक्सेना को ईमेल फारवर्ड कर मामले से अवगत कराया।

सूचना के तुरंत बाद, सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया और पुलिस प्रशासन एवं बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते ने एयरपोर्ट परिसर, टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे और आवासीय क्षेत्र की गहन तलाशी शुरू की। लगभग तीन घंटे तक चली इस जांच में दस्ते को एयरपोर्ट में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

हालांकि, मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए अब मुख्य प्रवेश द्वार, टर्मिनल बिल्डिंग के प्रवेश द्वार और बोर्डिंग के समय त्रिस्तरीय चेकिंग और लगेज की जांच को और सख्त कर दिया गया है।

रिजल्ट जारी, 11वें स्थान पर रहा देहरादून रीजन, छात्र यहां कर सकते हैं चेक

News web media Uttarakhand : सीबीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित हो गया है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकतें हैं।

इस बार कक्षा 12वीं में 87.98% बच्चे पास हुए हैं। छात्र सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट्स की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकतें हैं। 12वीं देशभर के 17 रीजन में देहरादून रीजन 11वें स्थान पर रहा है। देहरादून रीजन का परिणाम 83.83 प्रतिशत रहा जो बीते वर्ष के मुकाबले तीन प्रतिशत तक बढ़ा है।

सीबीएसई के देहरादून रीजन में उत्तराखंड के सभी 13 जिलों के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ जिले बदायूं, बिजनौर, ज्योतिबा फूले नगर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर व संभल शामिल हैं। बोर्ड के अधीन कई अटल उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी दूसरी बार बोर्ड परीक्षा दी है।

सीबीएसई बोर्ड 12वीं में लड़कियों का पास प्रतिशत 91.52 रहा। जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 85.12 फीसदी रहा। लड़कों के मुकाबले 6.40 फीसदी ज्यादा लड़कियां पास हुई हैं। देश भर में त्रिवेंद्रम सबसे आगे है। यहां का पास प्रतिशत 99.91 है।