रुड़की: आईआईटी परिसर में ई-रिक्शा ने प्रोफेसर की पत्नी को मारी टक्कर, देहरादून में इलाज के दौरान दम तोड़ा

आईआईटी रुड़की परिसर में हुए हादसे ने संस्थान की आंतरिक सुरक्षा और वाहनों की आवाजाही की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह की सैर पर निकलीं रूपा राय गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए देहरादून लाया गया था।

आईआईटी रुड़की परिसर में सुबह की सैर पर निकलीं प्रोफेसर की पत्नी को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले रुड़की सिविल अस्पताल और फिर देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आईआईटी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े हो गए हैं।

आईआईटी के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में प्रोफेसर पार्थ राय की पत्नी रूपा राय सोमवार सुबह अपने आवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान कैमेस्ट्री विभाग के बाहर वाली सड़क पर एक ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई।

लोगों की सुरक्षा को लेकर चर्चा
घटना के बाद उन्हें तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आईआईटी अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों और छात्र-छात्राओं में शोक की लहर दौड़ गई।

आईआईटी प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने ई-रिक्शा और चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही चालक के नशे में होने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद परिसर में रहने वाले छात्रों, कर्मचारियों और अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *