एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे व अन्य माध्यमों से खोजबीन करते हुए सोमवार को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से दर्गो भारेरा बिजनौर निवासी आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करने की बात कबूली। बताया कि महिला के भाई के अलावा गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की थी। प्रेस वार्ता में एसपी क्राइम निशा यादव, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी मौजूद रहे।
पति के बीमार होने पर गोपाल से बढ़ी थी नजदीकी
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि इसी वर्ष आरोपी के फेफड़ों में पानी भरने के कारण मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान गोपाल की उससे जान पहचान हुई। आरोप है कि गोपाल ने किसी तरह उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर हासिल कर उससे बातचीत शुरू कर दी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच संबंध बन गए। गोपाल महिला की आर्थिक मदद भी करने लगा था। बाद में गोपाल महिला पर अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा। महिला बच्चों से लगाव होने के कारण इसके लिए तैयार नहीं थी। रक्षाबंधन के दौरान महिला बिजनौर में गोपाल से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान पति ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि गोपाल ने उसके पति के साथ मारपीट भी की थी, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
साजिश कर हरिद्वार बुलाया, फिर मौत के घाट उतारा
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गोपाल लगातार महिला को फोन कर अपने साथ चलने के लिए दबाव बना रहा था। आरोप है कि वह अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। परेशान होकर महिला ने अपने पति को पूरी बात बता दी। महिला ने पति को यह भी बताया कि गोपाल आपराधिक प्रवृत्ति का है और कई बार जेल जा चुका है। पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है। इसके बाद पति ने अपनी पत्नी व उसके भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
गांव के एक व्यक्ति को हत्या में साथ देने के लिए 50 हजार देने की बात तय हुई।साजिश के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। दूधियाबंद के पास रात में वह उसे गंगा घाट के पास ले गई। यहां गोपाल ने शराब पी और खाना खाया। इसके बाद जब वह गंगा घाट पर सो गया तो पहले से घात लगाकर बैठे पति और उसके साथियों ने चापड़ और छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी गोपाल का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंककर मौके से फरार हो गए थे। घटना में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद कर लिया है।