हरेला पर्व उत्तराखंड में आज; प्रदेश में पौधरोपण कार्यक्रम, भाजपा का छह लाख पौधे लगाने अभियान Harela Festival 2026: उत्तराखंड में आज लोकपर्व का उत्सव, हरियाली का महाअभियान, छह लाख पौधे लगाएगी भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम जनमानस से पूर्ण मन, वचन, कर्म से पौधरोपण करने की अपील की है। परिहार ने बताया कि महाअभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन ने जिला स्तर व मंडल स्तर पर भी विशेष समितियों का गठन किया है। जो राज्य के सभी 11,729 बूथों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसहयोग से पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को पूरा करेंगे।
सांसद अपने क्षेत्र में न्यूनतम 10, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों, मेयर, नगर पालिका, पंचायत अध्यक्षों एवं ब्लॉक प्रमुखों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में न्यूनतम 15 पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में पौधे की सुरक्षा व देखरेख की जिम्मेदारी को भी निर्धारित किया जा रहा है। पौधरोपण के बाद प्रत्येक पौधे की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से कार्यकर्ताओं के नाम निर्धारित किए जाएंगे।
हरेला पर्व के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने हरित क्रांति अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत निगम ने 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से घर-घर साग-सब्जियों की पौध वितरित की जा रही है। मेयर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने पौधा वितरित कर अभियान का शुभारंभ किया।
लोकपर्व हरेला के अवसर पर हरिद्वार कांगड़ी ग्राम स्थित प्रेम निवास आश्रम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। आश्रम के महंत देवेंद्र दास तोमर के सौजन्य से हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आम की दावत भी आयोजित की गई।
