प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के काजीरंगा नेशनल पार्क में पहुंचे, जंगल सफारी से किया काजीरंगा की प्राकृतिक खूबसूरती का लिया आनंद

News web media Uttarakhand : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम के काजीरंगा नेशनल पार्क में जंगल सफारी के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने जीप से काजीरंगा की प्राकृतिक खूबसूरती को देखा। इसके बाद पीएम ने हाथी की सवारी भी की। उनके दौरे से जुड़ी तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पीएम मोदी जंगल सफारी का पूरा आनंद ले रहे हैं। प्रधानमंत्री ने यहां नेशनल पार्क की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों से भी मुलाकात की।  प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार सुबह असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान एवं बाघ अभयारण्य में हाथी और जीप सफारी की।  पीएम मोदी ने काजीरंगा नेशनल पार्क की खूबसूरती को अपने कैमरे में भी कैद किया। संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा घोषित विश्व धरोहर स्थल की अपनी पहली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले उद्यान के ‘सेंट्रल कोहोरा रेंज’ के मिहिमुख क्षेत्र में हाथी की सवारी की और उसके बाद उसी रेंज के अंदर जीप सफारी की।

काजीरंगा नेशनल पार्क में पीएम मोदी के साथ उद्यान निदेशक सोनाली घोष और अन्य वरिष्ठ वन अधिकारी भी मौजूद रहे। काजीरंगा नेशनल पार्क में पीएम मोदी ने हाथियों को संभालने वाले महावतों से भी मुलाकात की। अपने सफारी के दौरान पीएम मोदी ने काजीरंगा की महिला वन रक्षकों की टीम ‘वन दुर्गा’ के सदस्यों से भी मुलाकात की। नेशनल पार्क में इस टीम ने वन्यजीवों के संरक्षण में अहम भूमिका निभाई है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला, अनुप्रिया पटेल को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा

 

News web media Uttarakhand :  केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश में अपना दल (सोनेलाल) प्रमुख अनुप्रिया पटेल को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है. इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की खतरे के आकलन रिपोर्ट के बाद गृह मंत्रालय का ये फैसला आया है.

गौरतलब है कि, इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को Y श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी. उन्नत सुरक्षा कवर के अनुसार, पटेल की चौबीसों घंटे सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कमांडो तैनात किए जाएंगे.

बता दें कि, Z श्रेणी की सुरक्षा के तहत, कुल 33 सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाते हैं, जिनमें वीआईपी के घर पर रहने वाले 10-सशस्त्र स्टैटिक गार्ड, छह राउंड-द-क्लॉक पीएसओ, तीन शिफ्ट में 12-सशस्त्र एस्कॉर्ट कमांडो, शिफ्ट में दो चौकीदार और तीन ट्रेंड ड्राइवर शामिल होते हैं.

गौरतलब है कि, केंद्रीय गृह मंत्रालय देश के महत्वपूर्ण लोगों पर खतरों को लेकर नियमित बैठकें करता है. स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के साथ बढ़ते तनाव के बीच जनवरी में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को Z+ सुरक्षा दी गई थी.

होली पर प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर के लिए चलेंगी पवन हंस बसें, आलमबाग से मिलेगी सुविधा

 

News web media Uttarakhand : होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए आलमबाग बस टर्मिनल से प्रयागराज, गोरखपुर व वाराणसी के लिए एसी वाॅल्वो पवन हंस बसों का संचालन किया जाएगा। कुल आठ बसों को चलाया जाएगा। इनके टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है।

यह बसें आलमबाग बस टर्मिनल से तीन शहरों के बीच रोजाना आवागमन करेंगी। बसों की समयसारिणी तय कर दी गई है। आलमबाग टर्मिनल से वाराणसी के लिए सुबह आठ बजे, दोपहर तीन और रात 10 बजे पवन हंस बस चलेगी। ऐसे ही प्रयागराज के लिए शाम छह, सात व आठ व रात 10 बजे एवं गोरखपुर के लिए सुबह 10:30 बजे वोल्वो रवाना होगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि परिवहन निगम की सभी एसी बस सेवाओं के किराये में 10 फीसदी की छूट चल रही है। यात्री इस छूट का लाभ 31 मार्च तक ले सकेंगे। इस दौरान यात्री परिवहन निगम की वॉल्वो, शताब्दी, स्लीपर, जनरथ बसों में सस्ते किराये में सफर कर सकते हैं।

तीन राज्यों के दौरे पर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी; कल किसान सम्मान निधि के 21 हजार करोड़ जारी करेंगे

News web media Uttarakhand : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) का दौरा करेंगे। इसमें सुधार लाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और इस क्षेत्र में तकनीकी और अनुसंधान एवं विकास क्षमता को बढ़ाने की उनकी प्रतिबद्धता को बढ़ावा मिलेगा। इससे देश के अंतरिक्ष क्षेत्र की पूर्ण क्षमता का एहसास होगा। विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र, तिरुवनंतपुरम की उनकी यात्रा के दौरान तीन महत्वपूर्ण अंतरिक्ष बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।

बता दें कि पीएम मोदी मंगलवार और बुधवार को केरल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह इन राज्यों में 24,000 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान किसान सम्मान निधि की 16वीं किस्त जारी करते हुए किसानों के खातों में 21,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित करेंगे।

गगनयान की प्रगति की करेंगे समीक्षा
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को कहा कि पीएम मंगलवार को केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) का दौरा करेंगे। पीएम यहां करीब 1,800 करोड़ रुपये की तीन महत्वपूर्ण अंतरिक्ष बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन ‘गगनयान’ की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

माेदी तमिलनाडु के मदुरै में क्रिएटिंग द फ्यूचर-ऑटोमोटिव एमएसएमई उद्यमियों के लिए डिजिटल मोबिलिटी कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री महाराष्ट्र में 5.5 लाख महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को 825 करोड़ का रिवॉल्विंग फंड वितरित करेंगे। साथ ही महाराष्ट्र में एक करोड़ आयुष्मान कार्ड वितरण और ओबीसी श्रेणी के लाभार्थियों के लिए मोदी आवास योजना की शुरुआत करेंगे। पीएम यहां 1300 करोड़ से अधिक की कई रेल परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। वह यवतमाल शहर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस सिपाही भर्ती को लेकर लिया बड़ा फैसला, निरस्त की गई भर्ती परीक्षा

News web media Uttarakhand : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के हित में शनिवार को बड़ा निर्णय लिया है। सीएम योगी ने नागरिक पुलिस में सिपाही के पदों पर हुई भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह फैसला योगी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में समीक्षा करने के बाद लिया है।

यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 17 और 18 फरवरी को आयोजित की गई थी। 60,244 पदों के लिए आयोजित की गई इस भर्ती परीक्षा में करीब 50 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 48 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।

300 से ज्यादा गिरफ्तार

सीएम योगी ने एसटीएफ को परीक्षा लीक मामले की सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वाले एसटीएफ की रडार पर हैं और अब तक एसटीएफ 300 से ज्यादा गिरफ्तारियां कर चुकी है।

6 माह में दोबारा हो यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा

इसके साथ ही इन भर्तियों को छह माह के भीतर ही पूर्ण शुचिता के साथ आयोजित कराए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। सीएम योगी ने कहा है कि युवाओं की मेहनत और परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी।

उत्तराखंड: भाजपा लोकसभा के पांच सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा करेगी, संसदीय बोर्ड की बैठक 26 फरवरी को

News web media Uttarakhand : भाजपा जल्द ही लोकसभा की पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। पार्टी ने हर सीट के लिए दो पर्यवेक्षकों को तैनात किया है, जो टिकट के दावेदारों से संपर्क साधेंगे और अपनी रिपोर्ट प्रदेश संसदीय बोर्ड को प्रस्तुत करेंगे। पार्टी ने 26 फरवरी को प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक का आयोजन किया है।

इस मुद्दे पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस विषय पर बात करते हुए कहा कि चुनाव के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। कई कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग सीटों पर टिकट की दावेदारी के आवेदन सौंपे हैं। किसी सीट पर पांच से अधिक तो कहीं चार आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन सौंपने का सिलसिला लगातार जारी है। भट्ट ने कहा, ये सभी आवेदन संबंधित लोकसभा सीट के पर्यवेक्षकों को सौंप दिए जाएंगे। पर्यवेक्षकों की टीम क्षेत्रीय भ्रमण कर नामों पर रायशुमारी करेगी।

उत्तराखंड में पहले चरण में लोकसभा की पांच सीटों पर मतदान होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता की लागूता के लिए अब बहुत कम समय शेष है। आम माना जा रहा है कि मार्च के दूसरे हफ्ते में चुनाव आयोग किसी भी समय चुनाव आचार संहिता की घोषणा कर सकता है।

सत्यपाल मलिक के घर-दफ्तर पर CBI का छापा…J&K में भी 30 ठिकानों पर रेड

News web media Uttarakhand : जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के खिलाफ सीबाआई ने कार्रवाई की है। सीबीआई ने उनके परिसर समेत 30 ठिकानों पर छापेमारी की है। सूत्रों के मुताबिक गुरुवार सुबह से ही मलिक के यहां ये कार्रवाई चल रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल के दिल्ली स्थित आवास पर सीबीआई ने छापेमारी की है। दरअसल, सीबीआई (CBI) ने हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट मामले में  यह छापा मारा है। बीमा घोटाले में सीबीआई मलिक के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। बीमा घोटाले के मामले में सीबीआई सत्यपाल मलिक और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापा मार चुकी है।

साल 2019 में किश्तवाड़ में किरू हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए 2,200 करोड़ के सिविल काम का ठेका देने में कथित भ्रष्टाचार हुआ था। सत्यपाल मलिक, जो 23 अगस्त, 2018 से 30 अक्तूबर 2019 तक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रहे थे। मलिक का आरोप था कि उन्हें परियोजना से संबंधित दो फाइलों को मंजूरी देने के लिए 300 करोड़ की रिश्वत की पेशकश की गई थी।

18 मई को खुलेंगे चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट, पंचांग गणना के आधार पर तय हुई तिथि

News web media Uttarakhand : उत्तराखंड के पंच केदारों में से चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 18 मई को ग्रीष्मकाल के लिए खोले जाएंगे। बसंत पंचमी के पर्व पर गोपीनाथ मंदिर में पुजारियों, हक-हकूकधारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों के सामने पंचांग गणना के आधार पर कपाट खुलने की तिथि निर्धारित की गई।

बुधवार को गोपीनाथ मंदिर में प्रातः कालीन पूजा के बाद 10 बजे मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में रुद्रनाथ मंदिर के पुजारी वेद प्रकाश भट्ट व अन्य हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में पंचांग गणना की गई।

उन्होंने बताया कि कपाट खुलने की प्रक्रियाओं के तहत भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह मूर्ति 14 मई 2024 पूजा अर्चना के बाद गोपीनाथ मंदिर के गर्भगृह से मंदिर परिसर में लाई जाएगी। जहां से 16 मई को भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली रुद्रनाथ के लिए प्रस्थान करेगी। जिसके बाद 18 मई को विधि विधान से मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिए जाएंगे।

उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट होंगे राज्यसभा उम्मीदवार, बीजेपी ने फाइनल किया नाम

News web media Uttarakhand : दो अप्रैल को रिक्त हो रही उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के चुनाव के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को उम्मीदवार बनाया है। राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 47 है। ऐसे में उनका राज्यसभा जाना तय है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वर्तमान में राज्यसभा की इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राज्यसभा की रिक्त हो रही सीट के चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है। इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी नियत है।

ऐसे में इस सीट के लिए भाजपा किसे प्रत्याशी बनाती है, इसे लेकर सभी की नजर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर बनी हुई थी। पार्टी ने रविवार को उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों से रिक्त हो रही राज्यसभा सीटों के प्रत्याशियों की सूची जारी की, उसमें महेंद्र भट्ट का नाम शामिल होने के साथ ही प्रत्याशी को लेकर बना ऊहापोह समाप्त हो गया। भट्ट ने 30 जुलाई 2022 को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके अब तक के कार्यकाल में राज्य में हुए चुनावों में पार्टी ने जीत का परचम लहराया।

गृह मंत्री अमित शाह ने किया ऐलान , लोकसभा चुनाव से पहले देशभर में लागू होगा CAA

देहरादून : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार (10 फरवरी) को नागरिकता संशोधन अधिनियम (‌CAA) को लेकर बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले सीएए को लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और इसे लागू कर दिया जाएगा. उन्होंने पिछले साल दिसंबर में अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान दावा किया था कि सीएए को लागू करने से कोई नहीं रोक सकता है.