Blog

सफलतापूर्वक कक्षा में पहुंचा चंद्रयान-3, चांद पर लहराएगा तिरंगा

News web media Uttarakhand : भारत ने आज अंतरिक्ष में नया परचम लहरा दिया है। आँध्रप्रदेश के श्री हरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान 3 ने सफल उड़ान भर ली है। चंद्रयान-3 ने दोपहर 2:35 बजे चंद्रमा की ओर उड़ान भरा। चंद्रयान-3 के जरिए इसरो की कोशिश चंद्रयान-2 के अधूरे मिशन को पूरा करने की हैं। 24 से 28 अगस्त के बीच चंद्रयान-3 के चांद पर उतरने की प्रक्रिया शुरू होगी। यह मिशन करीब 50 दिन की यात्रा के बाद चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास लैंड करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज का दिन सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा।

जानकारी के लिए आपको बता दे कि चंद्रयान 3 पृथ्वी के एकमात्र प्राकृतिक उपग्रह चंद्रमा की भू विज्ञान का पता लगाएगा। 3900 किलोग्राम के अंतरिक्ष यान को पहले यूआर राव सैटलाइट केंद्र में रॉकेट के पेलोड फेयरिंग यानी ऊपरी हिस्से में डाला गया और फिर इस रॉकेट के निचले हिस्से से जोड़ने के लिए ले जाया गया। यह हिस्सा इस पृथ्वी की कक्षा के बाहर धकेल देगा और इस पृथ्वी से लगभग 3 लाख 84000 किलोमीटर दूर चंद्रमा की ओर ले जाएगा।

चंद्रयान-3 सतीश धवन स्पेस पोर्ट के दूसरे लॉन्च पैड से छोड़ा जाएगा। यहां से अब तक 24 लॉन्च हो चुके हैं। ये लॉन्च पैड भारी सैटेलाइट्स और रॉकेट्स के लिए है। इस मिशन की जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं और इसको लांच करने का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इस मिशन का पूरा बजट 651 करोड़ रुपए का है। अगर दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर की सॉफ्ट लैंडिग होती है, तो भारत दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला विश्व का पहला देश बन जाएगा।

 

हरिद्वार में उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, कल है श्रावण शिवरात्रि

News web media Uttarakhand :  उत्तराखंड में एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही भारी वर्षा के बीच गुरुवार को कुंभनगरी में शिवभक्तों का सैलाब ही उमड़ आया। बाइकर्स कांवड़ यात्रियों की संख्या ने तो होश ही उड़ा दिए। बिना साइलेंसर वाली बाइकों पर लाखों की संख्या में बाइकर्स कांवड़ यात्री हरिद्वार के आसपास मौजूद हैं। मेला क्षेत्र की सभी पार्किंग भरी हुई हैं। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर डाक कांवड़ के बड़े वाहन और झांकियों के साथ भोले के भक्त गंगा जल लेकर दौड़ रहे हैं। वहीं, अंदरूनी मार्गों पर बाइकर्स कांवड़ यात्रियों की भीड़ से कई जगहों पर जाम के हालात बने हुए हैं। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को गंगा जल भरकर रवाना हुए 68.70 लाख कांवड़ यात्रियों के साथ मेले में अभी तक 3.28 करोड़ शिवभक्त पहुंच चुके हैं।

कांवड़ शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार पहुंचे हैं। भारी भीड़ से बिरला पुल और चंडी घाट के बीच भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। हरकी पैड़ी और आस-पास के क्षेत्रों में पैर रखने तक की जगह नहीं है। कांवड़िये हाईवे से होते हुए दोपहिया वाहन वाले कांवड़िएये शहर के अंदर आने का प्रयास करते हैं। जिसको लेकर पुल जटवाड़ा, सिंहद्वार चौक, प्रेमनगर आश्रम चौक, ऋषिकुल, शंकराचार्य चौक, पंतद्वीप, खड़खड़ी सूखी नदी, डामकोठी आदि स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। जिन पर कांवड़ियों को रोक दिया जा रहा है।

सावन शिवरात्रि तिथि और समय

ज्योतिषाचार्य ओम प्रकाश शास्त्री के अनुसार 14 जुलाई को 7:18 बजे से त्रयोदशी तिथि का आरंभ होगा और 15 जुलाई को रात को 8: 33 बजे तक रहेगी। इसके बाद चतुर्दशी तिथि आरंभ होगी। महाशिवरात्रि का अभिषेक करना चाहते हैं तो निशीथ काल में करना शुभ रहेगा। रात 12-07 से 12:48 बजे तक रहेगा। इस बार सावन शिवरात्रि का व्रत 15 जुलाई को किया जाएगा। इस दिन बहुत ही शुभ वृद्ध योग और त्रयोदशी तिथि भी है। ऐसे में इस बार की शिवरात्रि और भी उत्तम और शुभ रहने वाली है।

कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति बने पूर्व छात्र प्रोफेसर दीवान सिंह रावत

News web media Uttarakhand :  कुमाऊं विश्वविद्यालय के नए कुलपति दिल्ली विश्वविद्यालय के सीनियर प्रोफेसर डॉ. दीवान सिंह रावत होंगे। इसके लिए राजभवन ने बुधवार को आदेश जारी कर दिए हैं। आने वाले तीन सालों तक प्रो. रावत इस जिम्मेदारी को संभालेंगे।

प्रोफेसर डॉ. दीवान सिंह रावत ने कुमाऊं विश्वविद्यालय से ही पढ़ाई की है। उन्होंने कुमाऊं विवि से स्नातक, परास्नातक की पढ़ाई की है। विवि के कुलाधिपति एवं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने उन्हें इस पद पर तैनात किया है।बता दें कि प्रो. रावत ने कुमाऊं विवि से वर्ष 1989 में स्नातक, 1991 में परास्नातक किया। जिसके बाद उन्होंने मेडिसिनल केमिस्ट्री में सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट लखनऊ और कुमाऊं विवि से पीएचडी की। इसके साथ ही उन्होंने इंडियाना यूनिवर्सिटी और परड्यू यूनिवर्सिटी यूएसए से पोस्ट डॉक्टरल फैलो की है।

प्रो. रावत को इंडियन सोसाइटी ऑफ केमिस्ट एंड बायोलॉजिस्ट ने गत वर्ष आईएससीबी एक्सीलेंस अवार्ड इन ड्रग रिसर्च से नवाजा गया था। इसके साथ ही प्रो. रावत को ग्लोबल रिसर्च अवार्ड, यंग साइंटिस्ट अवार्ड, सीएसआरआई यंग रिसर्चर अवार्ड सहित 15 से ज्यादा अवॉर्ड मिल चुके हैं। इसके साथ ही अब तक उनके 165 रिसर्च पेपर पब्लिश हो चुके हैं।

114 प्रोफेसरों ने किया था आवेदन
कुमाऊं विवि नैनीताल के कुलपति पद के लिए के चयन को शासन ने सर्च कमेटी गठित की थी, जिसके पास 114 आवेदन आए थे। इनमें से सर्च कमेटी ने पांच नामों की सिफारिश राजभवन को की थी। राजभवन में पांचों दावेदारों से राज्यपाल ने अलग-अगल पारस्परिक वार्तालाप किया। उनसे विवि से संबंधित उनके विजन, रणनीति और विचारों को जाना। वार्तालाप के बाद उन्होंने प्रो. रावत का चयन किया है। राजभवन के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए वार्तालाप की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। इससे पहले हुए वार्तालाप की भी रिकॉर्डिंग की जाती रही है।

एसएसपी देहरादून ने किए कुछ इंस्पेक्टरों के तबादले

News web media Uttarakhand : देहरादून के पुलिस कप्तान दिलीप सिंह कुंवर ने कुछ इंसपेक्टरों के तबादले किए हैं। मुकेश त्यागी को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डोईवाला बनाया गया है। राजेश शाह को डालनवाला का कोतवाल बनाया गया है। शहर कोतवाल विद्या भूषण नेगी को एसआईएस शाखा प्रभारी बनाया गया है। उनके स्थान पर सीनियर इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं को चार्ज मिला है। एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश त्यागी को डोईवाला थाना इंचार्ज बनाया गया है जबकि डोईवाला के एसएचओ राजेश शाह को डालनवाला थाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह डालनवाला प्रभारी नंदकिशोर भट्ट को एसओजी की जिम्मेदारी दी गई है।

 

हिमाचल में भारी बारिश के चलते छुट्टियों में बदलाव,सरकार ने जारी किया संशोधित शेड्यूल

News web media Uttarakhand : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से जमकर तबाही हुई है. हिमाचल प्रदेश सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान हो चुका है. इसके अलावा आम जनता की निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है. हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने स्कूली बच्चों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानसून के दौरान होने वाली छुट्टियों के शेड्यूल में बदलाव किया है. नए शेड्यूल के मुताबिक, जिला कुल्लू में अब 10 जुलाई से 1 अगस्त तक छुट्टी रहेगी. लाहौल स्पीति जिला में गर्मियों की छुट्टी को 10 जुलाई से लेकर 20 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है. इससे पहले यह छुट्टियां 17 जुलाई को शुरू होनी होकर 27 अगस्त को खत्म होनी थी. जनजातीय क्षेत्र किन्नौर, पांगी और भरमौर के लिए भी छुट्टियां 10 जुलाई से 15 अगस्त तक रहेगी. इससे पहले यह छुट्टियां 22 जुलाई से 27 जुलाई तक होनी थी. शिक्षा विभाग ने अन्य विंटर क्लोजिंग स्कूलों के लिए छुट्टियों को 10 जुलाई से 15 जुलाई तक बढ़ाया है. इससे पहले यह छुट्टियां 22 जुलाई से शुरू होकर 27 जुलाई तक होनी थी.

हिमाचल सरकार को बड़ा नुकसान
बता दें कि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बारिश ने जमकर तबाही मचाई है. बारिश की वजह से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है. इसके अलावा भारी बारिश की वजह से आम जनता का कारोबार प्रभावित हुआ है. सरकारी संपत्ति के साथ लोगों की निजी संपत्ति को भी भारी नुकसान हुआ है. हिमाचल प्रदेश आपदा प्राधिकरण के पास मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश सरकार को 785.51 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है. इनमें जल शक्ति विभाग को 350.15 करोड़ रुपए, लोक निर्माण विभाग को 355.96 करोड़ रुपए, बिजली विभाग को 0.92 करोड रुपए, बागवानी विभाग को 70.36 करोड़ रुपए और शहरी विकास विभाग को 0.41 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह का कहना है कि बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद नुकसान का आंकड़ा चार हजार करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है.

सीएम धामी का कड़ा प्रहार, आयुर्वेद विवि के वित्त नियंत्रक अमित जैन को किया सस्पेंड

 

News web media uttarakhand : आयुर्वेद विवि के वित्त नियंत्रक अमित जैन को सस्पेंड कर दिया गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वित्त विभाग ने वित्त नियंत्रक अमित जैन को सस्पेंड करने के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। बता दें कि आयुर्वेद विवि के मुख्य वित्त अधिकारी अमित जैन से सभी पदभार हटा दिए गए थे।

आयुर्वेद विवि के वित्त नियंत्रक अमित जैन के खिलाफ विश्वविद्यालय में चल रही अनियमितताओं की जांच प्रभावित करने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद उनसे उनके पदभार वापस ले लिए गए थे।

जिसके बाद आज उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। बता दें कि अपर मुख्य सचिव वित्त को उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने भी 23 जून को लिखित शिकायत देकर तबादला करने की मांग की थी।

आयुर्वेद विवि के वित्त नियंत्रक अमित जैन के पास नगर निगम देहरादून में वरिष्ठ वित्त अधिकारी का अतिरिक्त पदभार भी था। अमित जैन का इस से पहले शासन ने 10 जनवरी 2023 को तबादला किया था।

ये तबादला वरिष्ठ कोषाधिकारी रुद्रप्रयाग के पद पर किया था। जिसके बाद भी जैन विवि में मुख्य वित्त अधिकारी पद से कार्यमुक्त नहीं किए गए। लेकिन अब सरकार ने जैन से सभी पदभार हटा कर कोषागार निदेशालय में संबद्ध किया है।

 

यूपीपीएससी पीसीएस के मेंस एग्जाम के रजिस्ट्रेशन हुए शुरू

News web media Uttarakhand : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने यूपीपीएससी पीसीएस मुख्य परीक्षा 2023 रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी दे दें कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आज यानी 7 जुलाई से शुरू हो रही है और 21 जुलाई, 2023 तक चलेगी। जो उम्मीदवार  UPPSC PCS की प्री में पास हुए हो, वे संयुक्त राज्य/उच्च अधीनस्थ सेवा (PCS Main Exam) परीक्षा के लिए यूपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एप्लीकेशन फार्म में डिटेल एडिट या सुधारने के लिए करेक्शन विंडो 7 जुलाई से 28 जुलाई, 2023 तक खुली रहेगी।

4 हजार से ज्यादा छात्रों ने पास की थी परीक्षा

ध्यान दें कि जिन उम्मीदवारों ने प्रीलिम्स एग्जाम पास किए हैं वे मेंस एग्जाम के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। जानकारी दे दें कि कुल 4047 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है। परीक्षा के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन कर सकते हैं।

UPPSC PCS Main Exam 2023: ऐसे करें आवेदन

सबसे पहले यूपीपीएससी की आधिकारिक साइट uppsc.up.nic.in पर जाएं।

  • फिर होम पेज पर उपलब्ध यूपीपीएससी पीसीएस मुख्य परीक्षा 2023 लिंक पर क्लिक करें।
  • इसके बाद लॉगिन डिटेल डालें और सबमिट पर क्लिक करें।
  • इसके बाद एप्लीकेशन फार्म दिखने लगेगा।
  • फिर एप्लीकेशन फार्म भरें और जरूरी डाक्यूमेंट अपलोड करें।
  • फिर आवेदन शुल्क जमा करें और सबमिट पर क्लिक करें।
  • अब आपका आवेदन जमा हो गया है।
  • अंत में पेज डाउनलोड करें और आगे की आवश्यकता के लिए उसकी एक हार्ड कॉपी अपने पास रखें।

इससे जुड़ी अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार यूपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।

 

दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीटेक दाखिलों के लिए 25 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन, नए शुरू किए 3 नए बीटेक कोर्स

News web media Uttarakhand : दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीटेक करने के इच्छुक स्टूडेंट्स के लिए गुड न्यूज है. देश की सबसे नामी यूनिवर्सिटी में से एक दिल्ली यूनिवर्सिटी ने स्टूडेंट्स के हित में बड़ा फैसला लिया है. डीयू में बीटेक के 3 नए कोर्स की शुरुआत हो रही है. दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीटेक करने के इच्छुक स्टूडेंट्स में खुशी की लहर है.

अगर आप दिल्ली यूनिवर्सिटी के बीटेक कोर्स के लिए अप्लाई करना चाहते हैं तो आपको ऑफिशियल वेबसाइट engineered.uod.ac.in पर जाना होगा (12वीं के बाद डीयू इंजीनियरिंग कोर्स) डीयू ने 05 जुलाई 2023 से इस पोर्टल की शुरुआत कर दी है. इस पर रजिस्ट्रेशन प्रोसेस भी शुरू किया जा चुका है.

सिर्फ इतने स्टूडेंट्स कर पाएंगे बीटेक
पिछले 2 सालों से दिल्ली विश्वविद्यालय में बीटेक कोर्स शुरू करने की चर्चा हो रही थी. अब फाइनली 3 बीटेक कोर्स पर मुहर लग गई है. हर बीटेक कोर्स में सिर्फ 120 सीटें हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय ने एकेडमिक सेशन 2023-24 बीटेक में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है. दिल्ली यूनिवर्सिटी की ऑल इंडिया कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल)के जरिए बीटेक कोर्स में एडमिशन मिलेगा । वहीं, जिन अभ्यर्थियों की रैंक कम है और उन्हें एनआईटी और आईआईटी व आईआईआईटी में भी दाखिला नहीं मिल पा रहा है। ऐसे अभ्यर्थी दिल्ली यूनिवर्सिटी के नए शुरू हुए बीटेक प्रोग्राम में भी दाखिला ले सकते हैं। डीयू के बीटेक कोर्सेज में अभ्यर्थियों को जेईई मेन के स्कोर के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए जेईई मेन स्कोर के अलावा भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित में कुल मिलाकर कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को विवि की तरफ से स्कॉलरशिप भी दी जाएगी।

शुरू होंगे ये नए कोर्स
1- बीटेक इन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग
2- बीटेक इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग
3- बीटेक इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग

स्वास्थ्य मंत्री ने दिए सख्त निर्देश, डेंगू रोकथाम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

News web media Uttarakhand : उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते कई तरह के मच्छर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू आदि का खतरा काफी बढ़ जाता है, बारिश के दिनों में गड्ढों में भरे हुए पानी को मच्छरों के प्रजनन के लिए काफी उपयुक्त माना जाता है। इस मौसम में संक्रमित मच्छरों के काटने के कारण मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियों का जोखिम काफी बढ़ जाता है।

डेंगू संभावित प्रदेश के पांच जिलों में बचाव व जागरूकता का विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सख्त निर्देश दिए कि डेंगू रोकथाम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, 13 रेखीय विभाग भी डेंगू की मॉनिटरिंग करेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने डेंगू नियंत्रण और रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड़ पर रहने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को जिला स्तर पर डेंगू नियंत्रण को प्रभावी कदम उठाने को कहा। अधिकारियों को हिदायत दी गई कि डेंगू के नियंत्रण एवं रोकथाम अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने डेंगू संभावित जिलों देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी एवं नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में जनजागरूकता एवं बचाव के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। शहरी विकास, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज विभाग, परिवहन विभाग, सिंचाई विभाग, जलापूर्ति विभाग, कृषि विभाग, पर्यटन विभाग, आपदा प्रबंधन, मौसम विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा व सूचना विभाग के साथ मिलकर प्रदेशभर में वृहद स्तर पर डेंगू नियंत्रण को जनजागरूकता अभियान संचालित करने व इसकी निरंतर मॉनिटिरिंग करने के निर्देश भी दिए।

हाईकोर्ट ने डीएवी समेत 9 कालेजों की सम्बद्धता समाप्त करने के आदेश पर लगाई रोक

News web media Uttarakhand : नैनीताल हाई कोर्ट ने हेमवतीनंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय से डीएवी कॉलेज देहरादून सहित 9 अन्य कालेजों की सम्बद्धता समाप्त किए जाने को लेकर डीएवी कालेज मैनेजमेंट की याचिका पर सोमवार को सुनवाई की। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट की खण्डपीठ ने सम्बद्धता समाप्त करने के आदेश पर रोक लगाते हुए केंद्रीय विश्वविद्यालय से तीन सप्ताह में जवाब पेश करने को कहा है। कोर्ट की खण्डपीठ ने केवल डीएवी कॉलेज की संबद्धता समाप्त करने के आदेश पर ही रोक लगाई है अन्य कॉलेजों पर नही। क्योंकि आज डीएवी कॉलेज के द्वारा ही याचिका दायर की गयी है। आपकों बता दे कि डीएवी कॉलेज प्रबंधन ने उच्च न्यायलय में याचिका दायर कर कहा है कि हेमवतीनन्दन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर की एक्जयुक्यूटिव बोर्ड ने डीएवी कॉलेज सहित 9 अन्य कालेजों की सम्बद्धता समाप्त कर दी।. जिसमे देहरादून के कई अन्य कालेज भी शामिल है। आदेश में यह भी कहा गया है कि कालेजो की संबद्धता समाप्त करते हुए उनको विश्वविद्यालय की बेबसाइट से नाम हटाने के आदेश भी दे दिए है। जिसकी वजह से हजारों बच्चों के भविष्य पर खतरा उतपन्न हो गया है। याचिका में यह भी कहा गया कि विश्वविद्यालय ने बिना किसी कालेज का पक्ष सुने न ही नियमावली का अवलोकन किए उनकी संबद्धता समाप्त कर दी, इसलिए इस आदेश पर रोक लगाई जाय।