G-20 : चमकेंगे ऋषिकेश और नरेंद्रनगर की सड़कें और पुल, शासन ने जारी किया 70 करोड़ रुपये का बजट

न्यूज वेब मीडिया उत्तराखंड देहरादून : ऋषिकेश और नरेंद्रनगर क्षेत्र में होने वाली जी-20 की बैठकों से पहले यहां की सड़कों और पुलों को चमकाया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से करीब करीब 70 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। भारत सहित 20 देशों से आने वाले मेहमान इन शहरों की सुंदर छवि लेकर लौटें, सरकार की ओर से इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है।

उत्तराखंड में जी-20 की तीन बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें से पहली बैठक 26 से 28 मार्च के बीच नैनीताल के रामनगर में हो चुकी है जबकि दो बैठकें 25 से 27 मई और 26 से 28 जून के बीच नरेंद्रनगर और ऋषिकेश में होनी हैं। इससे पहले सरकार की ओर से सड़कों और पुलों के सौंदर्यीकरण से संबंधित करीब 31 कामों के लिए कुल 6946.90 का बजट जारी कर दिया गया है।

इसके तहत नरेंद्रनगर क्षेत्र में स्थित कांडाखेत मोटर मार्ग का सुधारीकरण, सड़क सुरक्षा के कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा रानीपोखरी से नरेंद्रनगर कुल 17 किमी मोटर मार्ग का कायाकल्प भी किया जाएगा। इस मार्ग में सतह सुधार के साथ, दीवारों, पैरापिट का निर्माण और अन्य सड़क सुरक्षा के काम किए जाएंगे। इस मार्ग का प्रयोग देहरादून से नरेंद्रनगर जाने के लिए किया जाता है।

क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी सुधारा जाएगा
इसके अलावा ऋषिकेश-भानियावाला के बीच सड़क के कुछ हिस्सों में सतह सुधार, प्लांटेशन, लक्ष्मणझूला-स्र्वाश्रम-जोंक के कुछ हिस्सों में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने, पक्की नाली निर्माण, क्रॉस ड्रेनेज, क्षतिग्रस्त कॉजवे का सुधारीकरण किया जाएगा। इसके अलावा बैराज-लक्ष्मणझूला-दुगड्डा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी सुधारा जाएगा।

  • शहर की सड़कें भी चमकेंगी

प्रस्तावित कार्यों के तहत ऋषिकेश शहर की मुख्य सड़कों को भी चमकाया जाएगा। इसके तहत नटराज-भद्रकाली मोटर मार्ग में सतह सुधार के साथ ही क्षतिग्रस्त फुटपाथ, नाली का निर्माण और काजवे का काम किया जाएगा। इसके अलावा पशुलोक बैराज मोटर मार्ग के कुछ हिस्सों में सतह सुधार का काम किया जाएगा।

  • डाक बंगले और जानकी सेतु के भी बहुरेंगे दिन

नरेंद्रनगर स्थित लोनिवि के डाक बंगले को भी चकाचक बनाया जाएगा। यहां मरम्मत के साथ ही रंग रोगन भी किया जाएगा। इसके लिए 74 लाख 32 हजार रुपये बजट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ऋषिकेश की शान बन चुके जानकी सेतु के रंगरोगन के लिए 20 लाख 76 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है।

Uttarakhand Corona: चंपावत में 16 साल की छात्रा की मौत, 29 नए मरीज आए सामने, देहरादून में मरीजों की संख्या बढ़ी

New web media Uttarakhand : स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक देहरदून जनपद से 44 मामले, अल्मोड़ा, चमोली, हरिद्वार जिले में दो-दो, पौड़ी जिले में एक संक्रमित मिला है। बता दें हर बार की तरह इस बार भी देहरादून जनपद में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज मिले हैं। प्रदेश में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 98 हो गई है। वहीं पॉजिटिव आने के बाद मौत का सिलसिला भी शुरू हो गया है। प्रदेश में कोरोना ने फिर टेंशन बढ़ा दी है। कोरोना पॉजिटिव संक्रमितों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे के भीतर राज्य में 51 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।

चंपावत में एंटीजन जांच में पॉजिटिव आई 16 साल की जवाहर नवोदय स्कूल की छात्रा की मौत हो गई। चंपावत से 12 किलोमीटर दूर च्यूराखर्क गांव की रहने वाली छात्रा को आईसीयू से हायर सेंटर रेफर करने तैयारी हो रही थी, लेकिन इससे पहले ही छात्रा ने दम तोड़ दिया। सीएमओ डॉक्टर के०के अग्रवाल ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि, एंटीजन जांच में छात्रा पॉजिटिव पाई गई थी।ऑक्सीजन लेबल कम होने के बाद छात्रा की मौत हो गई।

उत्तराखंड में कोरोना को लेकर हालत गंभीर होती जा रही है। चिंता की बात है कि कोरोना पॉजिटिव एक छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजीटिव छात्रा की मौत हुई। छात्रा की तबियत बिगड़ने पर आईसीयू में भर्ती कराया गया था। गुरुवार देर रात रितिका की तबियत अधिक बिगड़ गई।जिसके बाद उसके आईसीयू में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को ऑक्सीजन लेबल कम होने और अन्य दिक्कत होने पर रितिका को हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

 

 

 

पूरे उत्तराखंड में 20 अप्रैल को नहीं चलेंगी रोडवेज बसें

News web media uttarakhand : प्रदेश के समस्त रोडवेज यात्रियों के लिए एक बेहद ही आवश्यक सूचना सामने आई है। उत्तराखंड रोडवेज की बसों के संचालन को एक दिन के लिए पूरी तरह से रोका जाएगा। उत्तराखंड परिवहन निगम के सभी कर्मचारियों ने आगामी 20 अप्रैल को सरकार के खिलाफ विरोध में एक दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। ज्ञात हो कि सरकार ने राष्ट्रीयकृत व परिवहन निगम के लिए आरक्षित मार्गों पर प्राइवेट बसों के संचालन को अनुमति दी है।

बता दें कि उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आग्रह पर पूरे राज्य में बसें नहीं चलाई जाएंगी। संयुक्त मोर्चा की ओर से प्रबंध निदेशक को पत्र भी जारी किया गया है, जिसमें देहरादून, हल्द्वानी व टनकपुर बस स्टेशन पर धरने की वार्निंग भी दी है। गुरुवार को मोर्चा की बैठक में ही यह तय हुआ है। पदाधिकारियों का कहना है कि 31 जनवरी को हड़ताल से पहले परिवहन मंत्री चंदन राम दास से वार्ता के बाद कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया था।

संयुक्त मोर्चा के मुताबिक अभी तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गई हैं। साथ ही अब प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीयकृत अधिसूचित 14 मार्गों पर निजी बसों के संचालन के परमिट देने की अधिसूचना भी जारी कर दी है। गौरतलब है कि इन रूटों पर बस संचालन की जिम्मेदारी फिलहाल परिवहन निगम के पास है। संयुक्त मोर्चा ने सरकार को 19 अप्रैल तक का समय दिया है। यह भी कहा है कि 20 अप्रैल को धरने के दौरान कर्मियों का उत्पीड़न हुआ तो अनिश्चितकाल हड़ताल होगी।

 

उत्तराखंड में बड़ा हादसा, यहां खाई में गिरी कार, तीन की मौत; 1 घायल

देहरादून: एक बार फिर एक नए दिन की शुरुआत दुखद खबर के साथ हुई है। शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के समय कार में चार लोग बैठे थे, जिनमें से एक अभी घायल बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक पूरा मामला सामने नहीं आया है। लेकिन कुछ देर बाद अन्य जानकारी, खासकर मृतकों के नाम भी सामने आ जाएंगे।

अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून के कालसी सहिया मोटर मार्ग पर शनिवार सुबह एक कार खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कार में चार लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौत की सूचना मिली है। एक घायल भी हुआ है। मृतकों में एक महिला व दो पुरुष हैं, जबकि एक पुरुष घायल हुआ है। फिलहाल मृतक और घायल को खाई से निकालने का काम चल रहा है।

दुर्घटना की सूचना एसडीआरएफ की टीम तक पहुंची तो एक टीम मौके पर पहुंची और मृतकों व घायल को खाई से निकालने का काम किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक सभी घायल और मृतक दिल्ली और गाजियाबाद के निवासी हैं। एसडीआरएफ टीम की राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। आगे की अपडेट्स के लिए आप हमारे साथ जुड़े रहिए।

घर में जिंदा जले चार मासूम, धमाके के साथ फटे सिलेंडर तो दहला इलाका

देहरादून। त्यूनी में लकड़ी के चार मंजिला घर में आग लगने से चार मासूम जिंदा जल गए थे। हादसा रसोई गैस सिलेंडर बदलते समय हुआ था। चार सिलेंडर एक के बाद एक धमाके साथ फटे तो पूरा क्षेत्र दहल गया।फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन वाहन में पानी कम होने से काफी समय लग गया। ग्रामीणों की कोशिश भी नाकाम साबित हुई और देखते-देखते पूरा घर जलकर राख हो गया।

आज शुक्रवार सुबह जिलाधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचीं। त्यूनी में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत कर्मचारी सूरतराम जोशी का लकड़ी का चार मंजिला घर सड़क के किनारे स्थित है। इसमें मकान मालिक के साथ ही पांच परिवार किराये पर रहते हैं। बृहस्पतिवार रात को घर के अंदर किराये पर रहने वाले पांच बच्चे, दो पुरुष और एक महिला थी।

घटनाक्रम के मुताबिक, किराये पर रहने वाले विक्की की पत्नी कुसुम किचन में रसोई गैस सिलेंडर बदल रही थीं। इसी दौरान अचानक सिलेंडर ने आग पकड़ ली। हड़बड़ाहट में कुसुम ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग ने लकड़ी से बने मकान को चपेट में लेना शुरू कर दिया।

चार सिलिंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फटे

किराये पर रहने वाले अन्य परिवारों के सदस्यों के शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। उधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाना शुरू किया। लेकिन, वाहन में पानी कम होने के कारण वह दस मिनट में ही खत्म हो गया। आग विकराल हुई तो घर में रखे चार सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फटे। जब तक फायर बिग्रेड की टीम पानी लेकर वापस आई, आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था।

 

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्रों के छात्रवृत्ति को वित्त की मंजूरी

उत्तराखंड: उत्तराखंड बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को सरकार की ओर से प्रत्येक माह एक से दो हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। वित्त विभाग से इसकी मंजूरी मिल गई है। राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाने और ड्रॉप आउट को कम करने के लिए मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना शुरू की जा रही है।

मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए मानक तय

  • छठी और आठवीं कक्षाओं में अलग-अलग परीक्षा के आधार पर बनने वाली मेरिट से छात्रवृत्ति दी जाएगी।
  • 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक प्राप्त करने वाले समस्त छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के पात्र होंगे।
  • 10वीं उत्तीर्ण करने वाले पात्रों को 1500 रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले पात्रों को 2000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति मिलेगी।

बजट में करीब 70 करोड़ रुपये की व्यवस्था..

परीक्षा के आधार पर मेरिट में आने वाले 10 प्रतिशत छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसी तरह 11वीं कक्षा के छात्रों को भी उनकी परीक्षा के आधार पर मेरिट में आने पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। 10 वीं और 12 वीं के छात्र-छात्राओं का बोर्ड परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर चयन किया जाएगा।

शिक्षा महानिदेशक का कहना हैं कि बजट में इसके लिए करीब 70 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।आपको बता दे कि प्रदेश के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देने की मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद योजना को वित्त विभाग की मंजूरी मिल गई है। अब प्रस्ताव कैबिनेट में आएगा, जिसके शासनादेश के बाद मेधावी छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ मिलने लगेगा।

Kedarnath Heli Service: कल 12 बजे खुलेगा टिकट बुकिंग पोर्टल, कहां करें अप्लाई और कितना होगा किराया

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) : श्री केदारनाथ जी धाम के कपाट आगामी 25 अप्रैल 2023 को सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। पैदल यात्रा के साथ-साथ हेलीकॉप्टर के माध्यम से भी श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम आ जा सकते हैं। केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग के लिए आठ अप्रैल को दोपहर 12 बजे IRCTC का पोर्टल खुल जाएगा। पहले फेज में 25 से 30 अप्रैल तक टिकटों की बुकिंग होगी।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ सी. रवि शंकर ने बताया कि चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा के टिकट बुकिंग की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। आठ अप्रैल को आईआरसीटीसी की वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in पर यात्री टिकट की बुकिंग कर सकते हैं। बता दें कि चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा से जाने के लिए यात्रियों का पंजीकरण अनिवार्य होगा। बिना पंजीकरण के यात्री हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग नहीं कर पाएंगे। साथ ही एक बार में एक व्यक्ति अपनी आईडी से अधिकतम छह सीटों की बुकिंग कर सकेगा, जबकि समूह में यात्रा करने वाले यात्री एक बार में 12 सीट बुक कर सकेंगे।

इतना होगा किराया

हेली सेवा का रूट          एक तरफा    दोनों तरफ का किराया (प्रति यात्री)
गुप्तकाशी से केदारनाथ     3870             7740
फाटा से केदारनाथ            2750             5500
सिरसी से केदारनाथ          2749             5498

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में महसूस हुए भूकंप के झटके, 3.0 थी तीव्रता

News web media Uttarakhand : उत्तराखंड के उत्तरकाशी में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने इसकी जानकारी दी। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.0 दर्ज की गई है।

एनसीएस की ओर से कहा गया है कि गुरुवार सुबह 5.40 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, भूकंप के यह झटके उत्तरकाशी में 5 किलोमीटर की गहराई में महसूस किए गए हैं। इस भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

बता दें कि बीते मार्च महीने से भूकंप के झटके आ रहे हैं। 4 मार्च की देर रात को उत्तरकाशी में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए थे। जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.5 मापी गई थी। इसका केंद्र भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत सिरोर के जंगलों में था।

इसके बाद 8 मार्च को सुबह भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। जिसकी तीव्रता 2.5 मापी गई थी। इसके बाद 21 मार्च की रात 10:20 बजे भूकंप का झटका आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.6 मापी गयी थी। जिसका केंद्र अफगानिस्तान में हिंदू कुश पर्वत क्षेत्र में था।

 

सत्ता के सामने सच बोलना प्रेस का कर्तव्य, मजबूत लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र प्रेस जरूरी

News web media Uttarakhand : सुप्रीम कोर्ट ने ‘राष्ट्रविरोधी’ मामले में चल रही एक सुनवाई के दौरान कल केंद्र सरकार को जबरदस्त फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि कोर्ट में सीलबंद लिफाफे में रिपोर्ट जमा करना न्याय और उसके सिद्धांतों के खिलाफ है। सुप्रीम कोर्ट ने एक मलयालम समाचार चैनल से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए उक्त गंभीर टिप्पणी की है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मीडिया का स्वतंत्र रहना जरूरी है और सरकार की नीतियों की आलोचना करना राष्ट्र विरोधी नहीं करार दिया जा सकता है।

हालांकि, कोर्ट ने मीडिया को भी नसीहत देते हुए कहा कि प्रेस की जिम्मेदारी बनती है कि वो सच को सामने रखे। लोकतंत्र मजबूत रहे, इसके लिए मीडिया का स्वतंत्र रहना जरूरी है। उससे ये उम्मीद नहीं की जाती है कि वो सिर्फ सरकार का पक्ष रखे। सुप्रीम कोर्ट ने चैनल की याचिका पर अपना अंतरिम पैâसला सुनाते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को चार सप्ताह के भीतर लाइसेंस रिन्यू करने का आदेश देते हुए कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र प्रेस जरूरी है।

सुप्रीम कोर्ट ने मलयालम समाचार चैनल ‘मीडियावन’ पर केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए प्रसारण प्रतिबंध के खिलाफ पैâसला सुनाया। ‘मीडियावन’ चैनल को सुरक्षा मंजूरी के अभाव में प्रसारण लाइसेंस को नवीनीकृत करने से इनकार करने के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आदेश को सुप्रीम ने खारिज कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कल ‘मीडियावन’ को सुरक्षा मंजूरी देने से केंद्र के इनकार को रद्द कर दिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के दावे को हवा में उठाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की खिंचाई की। सीजेआई की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस मामले पर अहम पैâसला सुनाते हुए कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए एक स्वतंत्र प्रेस आवश्यक है।

सरकार की नीतियों की आलोचना व अभिव्यक्ति की आजादी को प्रतिबंधित करने का आधार नहीं हो सकता। प्रेस की सोचने की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता है। किसी मीडिया संगठन के आलोचनात्मक विचारों को प्रतिष्ठान विरोधी नहीं कहा जा सकता है। जब ऐसी रिपोर्ट लोगों और संस्थाओं के अधिकारों को प्रभावित करती हैं, तो केंद्र जांच रिपोर्ट के खिलाफ पूर्ण छूट का दावा नहीं कर सकता है। लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को उठाया नहीं जा सकता। पीठ ने कहा, ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के दावे हवा में नहीं किए जा सकते, इसके समर्थन में भौतिक तथ्य होने चाहिए। केवल ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ का आह्वान करके सभी सामग्री को गुप्त नहीं बनाया जा सकता है।

अदालतें एक दस्तावेज से संवेदनशील हिस्सों को हटा सकती हैं और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत का पालन करने के लिए न्यायिक कार्यवाही के दौरान इसे दूसरे पक्ष को बता सकती हैं। मीडिया द्वारा सरकार की नीतियों की आलोचना को राष्ट्रविरोधी नहीं करार दिया जा सकता है। बता दें कि केंद्र सरकार ने जनवरी में ‘सुरक्षा कारणों’ का हवाला देते हुए मलयालम न्यूज चैनल ‘मीडियावन’ के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया था। उस समय केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिलने के बाद सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इस चैनल के ब्रॉडकास्ट लाइसेंस को रिन्यू करने से इनकार कर दिया था।

जल्द ही शिफ्ट हो जाएगा दून का आढ़त बाजार, 109 बीघा में बनेगा नया आढ़त बाजार

News web media uttarakhand : देहरादून के आढ़त बाजार को शिफ्ट करने की बात कब से चल रही है। इसको लेकर जगह का चयन किया जाना था। अब इसके लिए जगह की तलाश भी पूरी हो गई है। मंगलवार को एमडीडीए की टीम ने थोक व्यापारियों को नए आढ़त बाजार के लिए प्रस्तावित 109 बीघा भूमि दिखाई।  मंजूरी मिलते ही आढ़त बाजार को शिफ्ट करने का काम शुरू किया जाएगा। एमडीडीए ने छह महीने में नई आढ़त मंडी तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बजट का भी प्रावधान कर दिया गया है।

नई आढ़त मंडी बनेगी बेहद सुविधाजनक

मंगलवार को एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बरनिया ने व्यापारियों के साथ भूमि का निरीक्षण किया। व्यापारियों ने जगह देखने के बाद उस पर अपनी सहमति दी। कहा कि यहां ट्रक आसानी से माल लेकर आ सकेंगे। वहीं, पटेलनगर थाने के पीछे लिंक मार्ग से भी यह जमीन जुड़ी हुई है।

इसे वैकल्पिक मार्ग के तौर पर प्रयोग किया जा सकता है। व्यापारियों ने कहा कि एमडीडीए प्रशासन जल्द सभी औपचारिकताएं पूरी करे। ताकि, भूखंडों पर दुकानों का निर्माण कराया जा सके। इस दौरान व्यापारियों ने एमडीडीए को सुझाव भी दिए। कहा कि नई आढ़त मंडी का निर्माण ट्रांसपोर्ट नगर की तर्ज पर किया जाए। इस पर एमडीडीए अफसरों ने कहा कि नई आढ़त मंडी को बेहद सुविधाजनक बनाया जाएगा।

अब यहां बनेगा नया आढ़त बाजार
देहरादून में नया आढ़त बाजार हरिद्वार बाईपास के पास बनाया जाएगा। जो कि दिखने में यू-आकार के जैसा होगा। हरिद्वार बाईपास के पास कनेक्टिविटी की कोई समस्या नहीं होगी। व्यापारियों के लिए विस्थापन नीति को शासन सेनए आढ़त बाजार का निर्माण यू आकार में किया जाएगा। जिसे हरिद्वार बाईपास पर बनाया जाएगा। इसमें एक लेन से वाहन मंडी में प्रवेश करेंगे। जबकि दूसरी लेन से वाहन बाहर की ओर निकल जाएंगे। इन्हीं दोनों लेनों के चारों तरफ दुकानें बनाई जाएंगी। नई मंडी करीब 109 बीघा जमीन पर बनेगी। मंजूरी दिलाने की कोशिश में एमडीडीए जुट गया है।

देहरादून के यातायात में वर्षों से बड़ी बाधा बने आढ़त बाजार को रेलवे स्टेशन रोड से शिफ्ट करने पर पिछले दो महीने से एमडीडीए काम कर रहा है। एमडीडीए ने नई आढ़त मंडी के लिए बजट का प्रावधान भी कर दिया है। साथ ही पुराने आढ़त बाजार में सड़क चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट पर भी काम किया जा रहा है।