मेघालय के वैज्ञानिक खनन के लिए लंबे समय से किए जा रहे अथक प्रयासों को मिली उम्मीद की किरण

News web media uttarakhand : राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने अप्रैल 2014 में मेघालय राज्य में कोयला खनन और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। 2014-15 में स्थिर कीमतों पर GSDP के आंकड़े बताते हैं कि, इस फैसले की वजह से खनन उद्योग को (-) 59.36% की नकारात्मक वृद्धि का सामना करना पड़ा। इसने समग्र रूप से GSDP को बुरी तरह प्रभावित किया, जिसमें (-) 2.82% की नकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। GSDP में आई कमी की वजह से मेघालय के राजस्व संग्रहण लक्ष्यों को प्राप्त करने की महत्वाकांक्षा को बड़ा झटका लगा अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव के अलावा, इस प्रतिबंध ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से खनन क्षेत्र पर आश्रित हजारों नागरिकों की जिंदगी को बुरी तरह से तबाह कर दिया। कई लोगों का रोजगार छिन गया और उन्हें अपने परिवार का पेट पालने के लिए छोटी-मोटी नौकरी का सहारा लेना पड़ा।

माननीय मुख्यमंत्री, श्री कोनराड के. संगमा के नेतृत्व वाली एमडीए सरकार ने इन सभी बातों को ध्यान में रखकर राज्य में कोयला खनन को नया जीवन देने के लिए अपनी ओर से हर संभव प्रयास किया है। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप 3 जुलाई, 2019 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय का ऐतिहासिक निर्णय आया, जिसमें प्राकृतिक संसाधनों पर मेघालय के लोगों के अधिकारों को बरकरार रखा गया। इस ऐतिहासिक फैसले की वजह से नागरिकों का भारतीय न्यायपालिका पर विश्वास और मजबूत हुआ है, साथ ही इससे यह भी पता चलता है कि मेघालय सरकार अपने नागरिकों के अधिकारों, उनकी संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सर्वोच्च अदालत ने कहा कि, निजी और सामुदायिक भूस्वामियों के पास जमीन के ऊपर और सतह के नीचे, दोनों का अधिकार होता है इसलिए खनिजों का स्वामित्व निजी और सामुदायिक भूस्वामियों के पास होना चाहिए।

माननीय मुख्यमंत्री, श्री कोनराड के. संगमा की अगुवाई में वैज्ञानिक तरीके से कोयला खनन शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, राज्य सरकार ने मार्च 2021 में कोयले के लिए पूर्वेक्षण लाइसेंस तथा खनन हेतु लीज प्राप्त करने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं की मंजूरी हासिल कर ली है। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए, 25 अप्रैल, 2023 को कोयला मंत्रालय, भारत सरकार ने 17 पूर्वेक्षण लाइसेंस आवेदकों में से 4 आवेदकों को खनन हेतु लीज के लिए पूर्व स्वीकृति प्रदान की है।

 

उत्तराखंड में डोली धरती, चमोली और रुद्रप्रयाग में महसूस हुए भूकंप के झटके

News web media uttarakhand : उत्तराखंड का ज्यादातर इलाका भूकंप के लिहाज से जोन चार और पांच में हैं। इसलिए बार-बार भूकंप की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

उत्तराखंड में गुरुवार को भूकंप से धरती डोल गई। चमोली और रुद्रप्रयाग में सुबह करीब दस बजे भूकंप के तेज झटके महसूस हुए हैं। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।

जोन चार और पांच में है उत्तराखंड का ज्यादातर इलाका
वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के भूकंप विज्ञानियों की मानें तो उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। उत्तराखंड का ज्यादातर इलाका भूकंप के लिहाज से जोन चार और पांच में हैं। इसलिए बार-बार भूकंप की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

Uttarakhand: मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत पीआरओ और गनर पर मुकदमा दर्ज

News web media Uttarakhand :  सीएम धामी ने डीजीपी को पूरे मामले जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद आज मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के पीआरओ और गनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडे ने बताया कि सुरेंद्र नेगी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बलवा मारपीट व गाली गलौज की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ये है पूरा मामला

प्रदेश में राजनीतिक माहौल मंगलवार को उस समय बहुत गरमा गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और उनका गनर बीच सड़क पर एक युवक की पिटाई करते दिखे। वायरल वीडियो में कैबिनेट मंत्री सड़क किनारे अपने वाहन के पास खड़े होकर शिवाजी नगर निवासी युवक सुरेंद्र सिंह नेगी से बात कर रहे हैं। बातचीत अचानक हाथापाई में बदल गई। वीडियो में मंत्री सुरेंद्र पर थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उनका गनर भी हाथापाई करने के बाद लातें मारते हुए दिख रहा है।

मंत्री की सफाई

मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि हम जाम में फंसे थे। उसी समय बाइकसवार दो युवक गाड़ी के बगल आकर गाली देने लगे। हमने समझाया तो युवक ने कॉलर पकड़कर हाथापाई कर दी। इस बीच हमारा कुर्ता फट गया। सुरक्षाकर्मी ने रोका तो उनकी वर्दी फाड़ दी गई।

कौन है पीड़ित युवक

मंत्री के थप्पड़ खाने वाला युवक सुरेंद्र नेगी नगर निगम ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र के निवासी हैं। वे काफी समय से सामाजिक और जनहित के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। वे शिवाजीनगर क्षेत्र से ही निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नगर निगम पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। वह अपने घर के पास परचून की दुकान चलाते हैं।

कांग्रेस ने लगाए मंत्री पर तानाशाही के आरोप

कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में पहुंच कर मंत्री के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्हाेंने कहा कि मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की तानाशाही चरम पर है। वह जुबानी जंग के बाद हाथापाई पर उतारू हो गए हैं।

उत्तराखंड में आज भी बारिश जारी, बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट

News web media uttarakhand : उत्तराखंड में आज भी बारिश जारी है, राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं, पहाड़ों में बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने भी आज चारों धामों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और भी बारिश के आसार हैं।

ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग की ओर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों तक लगातार हल्की से मध्यम बर्फबारी होने के आसार हैं। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

 

बीच सड़क पर युवक ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल के साथ की हाथापाई, जानें क्या है

News web media uttarakhand : ऋषिकेश में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के साथ हाथापाई का मामला सामने आया है। हाथापाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मंत्री एक कार्यक्रम से निकलकर अपनी कार से जा रहे थे। इस दौरान वे जाम में रुक गए।तभी दो युवक बाइक से उतरे और कार के आगे आकर अपनी समस्या बताने लगे। तभी एक युवक आक्रोशित हो गया और हाथापाई शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि युवक का नाम सुरेंद्र सिंह नेगी है। वह खुद को सोशल वर्कर बताता है। वह पहले भी कई लोगों से हाथापाई कर चुका है। मंत्री अग्रवाल के पीए कौशल बिल्जवाण ने बताया कि युवक ने पहले मंत्री काे गाली दी फिर कॉलर पकड़ा और पीछे धकेलने लगा। इस दौरान उनका कुर्ता फट गया। तभी गनर ने उसे वहां से हटाया तो उसने गनर की पिस्टल छीनने और वर्दी फाड़ने का भी प्रयास किया। इस बीच गनर ने किसी तरह युवकों को वहां से हटाया तो वे भाग निकले। उन्होंने कहा कि गनर की ओर से युवकों के खिलाफ मामले में तहरीर दी जा रही है।

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में रात आठ बजे के बाद आवाजाही बंद, पुलिस ने बनाया नया ट्रैफिक प्लान

News web media Uttarakhand : गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में रात आठ बजे के बाद आवाजाही बंद, पुलिस ने बनाया नया ट्रैफिक प्लानगंगोत्री धाम के भटवाड़ी बैरियर से रात 8:30 बजे बाद वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं यमुनोत्री धाम के दोबाटा बड़कोट बैरियर से वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही गंगोत्री यात्रा रूट पर धराली में रात 10, झाला में 9.30, नगुण में 10 बजे से यात्रा वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।पुलिस ने चारधाम यात्रा के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। प्लान के तहत रात आठ बजे के बाद गंगोत्री और यमुनोत्री धाम से यात्रियों का किसी भी प्रकार का आवागमन नहीं होगा। वहीं रात 10 से सुबह 4 बजे तक यात्रा वाहनों के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी।

वहीं यमुनोत्री रूट पर जानकीचट्टी में रात 9, खरादी में 10 और ब्रहमखाल में 10 बजे से वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। एसपी ने बताया कि इन दिनों पहाड़ों में लगातार बारिश जारी है। इसलिए यात्रियों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। प्लान को यात्रा रूटों पर लागू कर दिया गया है।

बारिश और बर्फबारी के बीच भी कायम है बाबा भोलेनाथ के भक्त, दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

News web media uttarakhand : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की शुरूआत हो चुकी है ऐसे में मौसम भी चारधाम यात्रियों के लिए चुनौती पूर्ण बनता जा रहा है। केदारनाथ धाम में आज सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। धाम में बारिश और बर्फबारी जारी है।  वहीं बाबा के दर्शन पाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।  सोनप्रयाग से सुबह छह बजे तक 1520 श्रद्धालुओं को केदारनाथ के लिए रवाना किया गया। वहीं, धाम में पहले से मौजूद श्रद्धालुओं को टोकन व्यवस्था के जरिए दर्शन कराए जा रहे हैं।

केदारनाथ में रात 11 से सुबह पांच बजे तक भक्तों की बुकिंग की गई पूजाएं हो रही हैं। कपाट खुलने के बाद अभी भीड़ के चलते सिर्फ षोडषोपचार अभिषेक पूजा हो रही है। साथ ही सुबह पांच बजे से धर्म दर्शन शुरू हो रहे हैं जो अपराह्न तीन बजे तक हो रहे हैं। इसके बाद शाम पांच बजे से सांयकालीन आरती तक श्रृंगार दर्शन कराए जा रहे हैं।

वहीं, केदारनाथ में बाबा के मंदिर के कपाट खुलने के दिन से ही दोपहर बाद अक्सर बर्फबारी हो रही है। इससे जहां यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है वहीं प्रशासन व पुलिस को व्यवस्थाएं जुटाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।

सीएम धामी बोले- जून तक तैयार होगा यूसीसी का ड्राफ्ट, तेजी से हो रहा काम

News web media Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट जून तक तैयार हो जाएगा। साथ ही सरकारी भूमि पर होने वाले अतिक्रमण को सख्ती से रोका जाएगा। किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। यदि तय समय सीमा तक अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया तो अधिकारियों को भी अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मालसी स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्य बाहुल्य व देवभूमि उत्तराखंड में रहने वाले सभी जाति, पंथ, संप्रदाय के लोगों के लिए बिना किसी तुष्टिकरण के सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास की भावना के अनुरूप समान नागरिक संहिता बनाने पर तेजी से काम किया जा रहा है। जून तक इसका ड्राफ्ट तैयार हो जाएगा।

सीएम ने कहा कि उनके कार्य व्यवहार में सौम्यता जरूर है, लेकिन राज्य के व्यापक हित में कठोर निर्णय लेने में भी वे पीछे नहीं हटते हैं। प्रदेश की जनता ने राज्य में एक ही दल की सरकार को दोबारा न चुनने के मिथक को तोडा़ है। प्रदेश के समग्र विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। राज्य के समग्र विकास के लिए 10 सालों का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि जोशीमठ भू-धंसाव से हुए प्रभावितों के साथ सरकार पूरी तरह सहयोगी के रूप में खड़ी है। इस कठिन दौर में राज्य व केंद्र सरकार की ओर पूरी मदद दी जा रही है। जोशीमठ को बचाना हमारी प्राथमिकता है। इस मौके पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मौजूद थे।

  • चारधाम यात्रा में सभी के लिए देवभूमि के द्वार खुले

सीएम ने कहा कि चारों धामों में हो रही बारिश व बर्फबारी के बावजूद यात्रा अपने चरम पर है। लोगों की सुरक्षित व सुगम यात्रा के लिए सरकार कारगर व्यवस्था कर रही है। जोशीमठ का कुछ क्षेत्र ही भू-धंसाव से प्रभावित है। जोशीमठ में यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो। इस पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

 

23 लाख से अधिक राशनकार्ड धारकों के लिए खुशखबरी, अब मिलेगा सस्ता नमक और चीनी

News web media uttarakhand :  प्रदेश में नगर निकाय और लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश के सभी 23.80 लाख राशनकार्डधारकों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर दो किलो चीनी और एक किलो नमक का तोहफा देने की तैयारी है। अंत्योदय और प्राथमिक परिवार राशनकार्डधारकों के साथ अब राज्य खाद्य योजना (एसएफवाइ) के राशनकार्डधारकों को भी यह लाभ दिया जाएगा। महंगाई से राहत देने वाला यह प्रस्ताव आगामी तीन मई को कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा।

  • सस्ती चीनी और नमक की सुविधा देने जा रही सरकार

प्रदेश के 1.76 अंत्योदय राशनकार्डधारकों के साथ ही प्राथमिक परिवार राशनकार्डधारकों को एनएफएसए के अंतर्गत केंद्र सरकार की ओर से निश्शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। धामी सरकार अब एनएफएसए के साथ एसएफवाइ के राशनकार्डधारकों को भी सस्ती चीनी और नमक की सुविधा देने जा रही है।

एसएफवाइ के 10 लाख से अधिक राशनकार्डधारकों को भी सब्सिडी पर नमक और चीनी मिलेगी। खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने इस संबंध में प्रस्ताव को तीन मई को होने वाली कैबिनेट बैठक में रखने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सचिव बृजेश कुमार संत ने कहा कि प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे शीघ्र अंतिम रूप देकर कैबिनेट में रखा जाएगा।

 

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सहायक लेखाकार भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी

News Web media Uttarakhand : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग सहायक लेखाकार परीक्षा पूर्व में 23 अप्रैल को तय की थी, लेकिन ईद की वजह से आयोग ने परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी थी। अब यह परीक्षा सात मई को होने जा रही है। परीक्षा के लिए पंजीकृत उम्मीदवार अपना हॉल टिकट आधिकारिक वेबसाइट ukpsc.net.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए, उम्मीदवार या तो ईमेल आईडी या पासवर्ड/आवेदन संख्या और जन्म तिथि/नाम, पिता का नाम और जन्म तिथि के माध्यम से इसे एक्सेस कर सकते हैं। एक बार डाउनलोड हो जाने के बाद, भविष्य के संदर्भों के लिए एक प्रिंटआउट अपने पास रख लें।उत्तराखंड राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकारों के लिए कुल 661 रिक्तियों को भरना है। इसके लिए चयनित उम्मीदवारों को वेतनमान 29,200-92,300 रुपये लेवल 5 के तहत मिलेगा।

ऐसे करें डाउनलोड

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ukpsc.net.in पर जाएं।
  • सहायक लेखाकार के लिए एडमिट कार्ड लिंक पर जाएं।
  • एप्लिकेशन नंबर और जन्म तिथि का उपयोग करके लॉगइन करें।
  • यूकेपीएससी सहायक लेखाकार एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
  • अब डाउनलोड करें और एक प्रिंटआउट लें।